City Media - Page 553 of 1855 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 553

ईडी के निशाने पर अब पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया भी

0
  •  अनिला भेड़िया के प्रतिनिधि पीयूष सोनी के घर पर दबिश

बालोद ईडी के निशाने पर अब पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया भी आ गईं हैं। ईडी की टीम ने अनिला भेड़िया के प्रतिनिधि पीयूष सोनी के घर में दबिश दे दी है। उनके घर में पड़ताल की जा रही है और दस्तावेज तलाशे जा रहे हैं।

बालोद जिले के डौण्डी निवासी पीयूष सोनी के निवास पर शुक्रवार को सुबह दो वाहनों से पहुंची ईडी की टीम ने पूरे निवास को कवर करते हुए पीयूष सोनी और उनके परिवार के सदस्यों को एक जगह बिठाकर पूरे घर की तलाशी शुरू कर दी। सूत्र बताते हैं कि ईडी की टीम कुछ दस्तावेज और कैश की तलाश में लगी है। सुबह 7 बजे पहुंची ईडी की टीम में करीब दस अधिकारी शामिल बताए गए हैं। सूत्र बता रहे हैं कि पीयूष सोनी को हिरासत में ले लिया गया है और ईडी कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है। हालांकि इसे लेकर ईडी का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं पीयूष सोनी के करीबी सूत्रों का कहना है कि पीयूष सोनी के घर में न तो किसी को अंदर जाने दिया जा रहा है और न ही अंदर से किसी को बाहर आने दिया जा रहा है। इसलिए पीयूष सोनी को हिरासत में लिए जाने की बात अब तक साफ नहीं हो पाई है। पीयूष सोनी को भूपेश बघेल सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रहीं अनिला भेड़िया का बेहद करीबी और विश्वसनीय माना जाता है।

ग्राम पंचायत कोलचूर में अवैध मुरूम खनन पर कार्रवाई क्यों नहीं

0
  • विभाग है उदासीन, खनन माफिया के हौसले हैं बुलंद

बकावंड ग्राम पंचायत कोलचूर में अवैध मुरूम उत्खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा शिकायत करने पर भी गैर कानूनी उत्खनन के खिलाफ कड़े कदम नहीं उठाए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार कोलचूर गांव के आसपास अवैध मुरूम उत्खनन के मामले सामने आए हैं। इस प्रकार के गैरकानूनी कार्यों खिलाफ स्थानीय प्रशासन कड़ा रुख नहीं अपना रहा है। इस मामले में नियमित जांच के बाद कई अवैध उत्खनन के जगहों पर खनन माफिया द्वारा मुरूम का अवैध खनन किया जा रहा था। माइनिंग डिपार्टमेंट जगदलपुर में रमाकांत सोनी को इसकी जानकारी दी गई, तब उन्होंने टीम तो रवाना की, लेकिन टीम के समय पर नहीं पहुंचने के कारण खनन माफिया समय पाकर भाग निकले। Murum परिवहन कर रहे वाहन का पीछा करते हुए जिस जगह पर मुरूम बेची गई, उसे अधिकारियों को दिखाया गया। बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे इस बात की पुष्टि होती है कि अधिकारी अपना जिम्मेदारी नहीं समझते। ऐसे में भला कैसे अवैध खनन बंद होगा। माफियाओं को कुछ डर नहीं अधिकारियों का आखिर क्यों? पंचायत के प्रमुख रामेश बघेल ने कहा कि हमने गांव में अवैध मुरूम उत्खनन के मामले में कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। हमारा लक्ष्य है कि गांव के संसाधनों का अवैध उत्खनन रोका जाए और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखा जाए। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाने की संभावना है। जिससे अवैध उत्खनन के अन्य मामलों पर भी सख्ती से रोक लग सके।

चिंतामुक्त होकर प्रसन्न मन से पूरी मेहनत के साथ दें परीक्षा: अमित कुमार

0
  •  एबीवीपी ने परीक्षा पे चर्चा में छात्र छात्राओं को दिया मोरल सपोर्ट

जगदलपुर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बस्तर ने जगदलपुर में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का आयोजन नगर के शासकीय बस्तर विद्यालय में किया। विद्यार्थियों को परीक्षा के संबंध में टिप्स दिए गए।

इस दौरान परीक्षा के समय कैसे अध्ययन करना चाहिए, अपने मन को कैसे शांत रखना चाहिए, परीक्षा के लिए खुद को कैसे तैयार रखें एवं विशेष रूप से उत्तर पुस्तिका में कैसे लिखा जाए, इन बिंदुओं से विद्यार्थियो को अवगत कराया गया। साथ ही मित्रता, स्वयं की दिनचर्या, नोट्स तैयार करने, परीक्षा में हो रही परेशानियों को अपनी रोज की तैयारी से परफेक्ट बनाने के लिए रोज अभ्यास करने के गुर सिखाए गए।

विद्यार्थियो की जिज्ञासा का समाधान भी किया गया। विद्यार्थियों ने इस चर्चा में बढ़ चढ़कर भाग लिया। आयोजन me नव चैतन्य कोचिंग इंस्टीट्यूट के संचालक प्रवीण सुराना ने मार्गदर्शन दिया। अमित कुमार ने विद्यार्थियो को लिखने शैली एवं समय प्रबंधन का ध्यान रखने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सहमंत्री एवं बस्तर जिला संयोजक शैलेश ध्रुव ने किया। इस दौरान छात्रा प्रमुख नीलू मौर्य, जीईसी उपाध्यक्ष सौरभ शर्मा, अश्विन, प्रशांत आदि कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

साधराम यादव हत्याकांड पर लीपापोती के लिए ही एनआईए जांच का फैसला: बैज

0
  • झीरम कांड और भीमा मंडावी हत्याकांड की जांच में विफल रही एनआईए
  • भाजपा के राज में बढ़ गईं हैं आपराधिक घटनाएं

जगदलपुर कवर्धा के साधराम यादव हत्याकांड की एनआईए से जांच की घोषणा को कांग्रेस ने भाजपा सरकार का राजनैतिक प्रोपेगंडा बताया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर के सांसद दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार दिग्भ्रमित है और उसे अपनी पुलिस पर भरोसा नहीं है। बिरनपुर हत्याकांड मामलें में सीबीआई जांच की घोषणा की गई, अब कवर्धा के साधराम हत्याकांड में सरकार की विफलता को छुपाने के लिए एनआईए जांच की बात की जा रही है। कांग्रेस पार्टी सरकार से मांग करती है कि कवर्धा हत्याकांड में पुलिस की अब तक की जांच में क्या- क्या तथ्य सामने आए हैं, कौन-कौन लोग दोषी हैं, कितने लोगों की गिरफ्तारी हुई है, पुलिस विवेचना में क्या सामने आया है, सरकार पहले इन तथ्यों को स्पष्ट करे। एनआईए की घोषणा करके सरकार इस मामलें में सिर्फ लीपापोती करने जा रही है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि जब- जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसी मामले में फंसती है, तब तब वह केंद्रीय एजेंसियों को आगे कर देती है। झीरम नरसंहार मामले में षड़यंत्रों से पर्दा न उठे इसके लिए भाजपा ने लंबे अर्से तक एनआईए से जांच कराई थी, लेकिन उसका कोई नतीजा सामने नहीं आया। साधराम हत्याकांड के षड़यंत्रों का खुलासा न हो इसीलिए एनआई जांच की सिफारिश की गई है। दीपक बैज ने कहा है कि जो एनआईए भाजपा के ही पूर्व विधायक स्व.भीमा मंडावी के परिजनों को अब तक न्याय नहीं दे पाई, 2019 से आज तक जो भाजपा विधायक की ही हत्या को विगत 5 वर्षो से भटका रही है, वो साधराम के परिजनों को क्या न्याय दिलाएगी ? ये जांच के नाम पर केवल टालने की प्रवृत्ति है। विष्णुदेव साय सरकार कानून व्यवस्था के मामले में पूरी तरह फेल हो चुकी है और अब अपनी नाकामी पर पर्दा डालने के लिए एनआईए के जांच का जुमला दे रही है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि साधराम यादव हत्याकांड भाजपा सरकार की विफलता का परिणाम है। जबसे राज्य में भाजपा की सरकार आई हैz अपराधी तत्वों के हौसले बुलंद हो गए हैं। राज्य में पिछले दो माह में 36 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं। अपहरण, लूट, गोलीकांड, बलात्कार की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने साधराम हत्याकांड के मामले पर लीपापोती करने की नीयत से ही एनआईए जांच की घोषणा की है।

किरण देव ने दी पिस्तादेवी अग्रवाल को श्रद्धांजलि

0

जगदलपुर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक जगदलपुर किरण देव शुक्रवार को सुबह स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर उनकी माता पिस्तादेवी अग्रवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की एवं उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। देव ने शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर गहरी संवेदना प्रकट की।

 

प्राथमिक शाला बकलीटोला में कक्षा पांचवी में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के विदाई समारोह के अवसर पर विशेष नेवता भोज का आयोजन किया गया

0

आज दिनांक 29/2/2024 दिन गुरुवार को शासकीय प्राथमिक शाला बकलीटोला में कक्षा पांचवी में अध्यनरत छात्र-छात्राओं के विदाई समारोह के अवसर पर शाला के प्रधान पाठक टी आर सहारे, सहायक शिक्षिका श्रीमती निशा ठावरे एवं सहायक शिक्षक विजय कुमार गौरे के सहयोग से शाला के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष नेवता भोज का आयोजन किया गया। नेवता भोज के दौरान छोले पनीर मुनगा, आलू बैगन की सब्जी ,खीर, पूड़ी, भजिया, मिठाई, पापड़ एवं सलाद बच्चों को परोसा गया इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष  ललित भुआर्य ,ग्राम पटेल प्यारी लाल कोलियारे, ग्राम अध्यक्ष रोहित कुमार देवांगन एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिक रिखीराम पटेल एवं संकुल केंद्र धुरुवाटोला के संकुल समन्वयक टी आर साहू विशेष रूप से उपस्थित थे।

ले लिया बस्तर सीट से हार का बदला, भाजपा का ‘मिशन बकावंड’ कामयाब

0
  • कुर्सी से बेदखल कर दी गईं कांग्रेसी जनपद अध्यक्ष
  • सात कांग्रेसी जनपद सदस्यों का भाजपा को मिला साथ

अर्जुन झा:-

बकावंड विधानसभा चुनाव में मिली हार का बदला भारतीय जनता पार्टी ने अंततः कांग्रेस से ले ही लिया। अपने ‘मिशन बकावंड’ को कामयाब बनाते हुए आख़िरकार भाजपा ने बकावंड जनपद पंचायत में बड़ा राजनीतिक उलेटफेर कर दिखाया। कांग्रेसी जनपद अध्यक्ष को कुर्सी से बेदखल करने में भाजपा सफल हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव में सात कांग्रेसी जनपद सदस्यों ने भाजपा का साथ देते हुए अपनी ही पार्टी की जनपद अध्यक्ष सुखदेई बघेल को जनपद पंचायत के सत्ता शीर्ष से अलग कर दिया।

          विधानसभा चुनाव में भाजपा को बस्तर विधानसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। सर्वाधिक पढ़े लिखे लोगों वाला विकासखंड बकावंड भी बस्तर विधानसभा क्षेत्र में ही आता है। बकावंड जनपद पंचायत की सत्ता पर कांग्रेसी अध्यक्ष सुखदेई बघेल काबिज रही हैं। कुल जमा 25 सदस्यों वाली बकावंड जनपद पंचायत में भाजपा के पास सदस्य संख्या कम है, बावजूद भाजपा के स्थानीय नेताओं ने बड़ा जिगरा दिखाते हुए कांग्रेसी जनपद अध्यक्ष को कुर्सी से बेदखल करने के लिए लगभग माहभर पहले ‘मिशन बकावंड’ का आगाज कर दिया था। जोड़तोड़ का खेल करते हुए स्थानीय भाजपा नेता कांग्रेस समर्थक जनपद सदस्यों को साधने की कोशिशों में लगातार लगे रहे। इसका प्रतिफल भी भाजपा के पक्ष में धीरे धीरे आने लगा। एक -एक कर निर्दलीय और जनपद अध्यक्ष के कामकाज एवं व्यवहार से नाखुश कांग्रेसी जनपद सदस्य भाजपा के पाले में आते चले गए। भाजपा के नेताओं को जब विश्वास हो गया कि जनपद अध्यक्ष के सिंहासन को हिलाया जा सकता है, तब भाजपाई, निर्दलीय और असंतुष्ट कांग्रेसी जनपद सदस्यों ने स्थानीय भाजपा नेताओं और जगदलपुर के नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के साथ जगदलपुर कलेक्टोरेट जाकर जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने बाबत पत्र कलेक्टर को सौंपा था। कलेक्टर ने पत्र को मंजूर करते हुए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा एवं वोटिंग के लिए तिथि तय कर दी। नीयत तिथि पर एसडीएम एपी राणा की उपस्थिति में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान हुआ और प्रस्ताव बहुमत से पास भी हो गया। भाजपा सदस्यों के साथ ही सात कांग्रेसी सदस्यों ने भी अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान कर दिया। कुल 19 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोटिंग की, जबकि महज छह सदस्य ही विरोध में थे। भारतीय जनता पार्टी का बड़ा खेल अविश्वास प्रस्ताव लाने में सफल रहा।

धनुर्जय के हाथ होगी कमान?

अविश्वास प्रस्ताव पारित होते ही जनपद पंचायत के बाहर मौजूद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे। जमकर आतिशबाजी कर मिठाई बांटी गई। पटाखों के धमाकों से बकावंड कस्बा काफी देर तक गूंजता रहा।इस दौरान बकावंड के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जनपद सदस्य धनुर्जय कश्यप को अन्य जनपद सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मलाओं से लाद दिया और ग़ुलाल से सराबोर कर दिया। मौजूदा हालात को देखते हुए लग रहा है कि जनपद पंचायत की सत्ता पर अब भाजपाई अध्यक्ष का कब्जा हो जाएगा। वहीं चर्चा है कि जनपद अध्यक्ष पद की कमान वरिष्ठ सदस्य धनुर्जय कश्यप के हाथों में होगी। हालांकि यह अभी कयास मात्र है। आने वाले कुछ ही दिनों में स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी स्वाधीन जैन को पार्टी ने दी बड़ी जिम्मेदारी

0
  •  जैन पार्टी नेताओं का जताया आभार, लोगों ने की जमकर आतिशबाजी

दल्लीराजहरा भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद ने पूरे देश में चलाए जा रहे कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ के सभी लोकसभा क्षेत्र स्तर पर सफल संचालन करने के लिए प्रदेश प्रभारी व सह प्रभारियों की घोषणा की है। बालोद जिले के दल्लीराजहरा से स्वाधीन जैन को अल्पसंख्यक समाज के लोगों का भाजपा प्रवेश प्रभारी नियुक्त किया है। इसके लिए स्वाधीन जैन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, रामजी भारती, संजय श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश नेतृत्व व जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।

इस उपलब्धि पर स्वाधीन जैन के शुभचिंतकों ने उन्हें प्रत्यक्ष भेंटकर एवं फोन के माध्यम से बधाई दी। जैन को मुस्लिम समाज, सिख समाज एवं जैन समाज के लोगों ने भी शुभकामनाएं व बधाई दी। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी -कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर व एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। स्वाधीन जैन को सुरेश जायसवाल, विशाल मोटवानी, जयदीप गुप्ता, आशीष लालवानी, हितेश कुमार डोंगरे ,आलोक जैन, इमरान इम्मू ,अंकित टाटिया, निखिल जैन, दीपेश जैन, विक्की बग्गा, बसंत जैन, अरविंद, सौरभ, अजय कुमार, निखिल जैन,धर्मेन्द्र सेन, अनिकेत, अन्य वरिष्ठ भाजपा के वरिष्ठ व कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।

नियद नेल्ला नार योजना से ग्रामीणों को मिली सड़क, बिजली, मोबइल नेटवर्क सुविधा

0
  •  गांव के विकास में ग्रामीण भी करें सहयोग : कलेक्टर

तोकापाल कलेक्टर विजय दयाराम के. गुरुवार को जिले के अंतिम छोर में स्थित ग्राम पंचायत कलेपाल में नियद नेल्ला नार योजनांतर्गत हुए सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, मोबाईल नेटवर्क टॉवर की स्थापना जैसे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। गांव की देवी मंदिर का दर्शन कर ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा नियद नेल्ला नार योजना के तहत विकास कार्यों और आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत गांव के सर्वांगीण विकास में ग्रामीण सहयोग करें तो अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने कलेपाल में पंचायत भवन, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण हेतु जमीन चिन्हांकित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मैंने विगत वर्ष अगस्त माह में गांव के दौरे में सड़क, बिजली की व्यवस्था करने की बात कही थी, प्रशासन ने नियद नेल्ला नार योजना के तहत ग्रामीणों की सुविधा के लिए विकास कार्यों को गति दी। विकास कार्यों को गति देने में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कलेक्टर ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को रोज भेजकर उन्हें शिक्षा ग्रहण करवाएं। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी को गांव के बच्चों का सर्वे करवाकर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ग्राम में स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड बनाने, महतारी वंदन योजना की स्थिति का संज्ञान लिया। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि नियद नेल्ला नार योजना से गांव में आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ पुलिस जनता के सभी प्रकार के सहयोग के लिए है। गांव के बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलवाएं,गांव का बच्चा नौकरी करेगा तो गांव की तरक्की में भी उसका योगदान होगा। कलेपाल में हो रहे विकास में सहयोग करते हुए पुलिस परिवार की ओर से ग्रामीणों के मनोरंजन हेतु टीवी और सेटटॉप बॉक्स की व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, एसडीएम तोकापाल सुब्रत प्रधान, एसडीओपी ऐश्वर्य चंद्राकर, जनपद सीईओ के. फाफा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों और बच्चों को बिस्कुट एवं चॉकलेट का वितरण किया।

विद्युत आपूर्ति का भी निरीक्षण

कलेक्टर विजय और पुलिस अधीक्षक  सिन्हा ने कलेपाल के सभी पारा में विद्युत आपूर्ति का भी निरीक्षण किया। सुलेपारा के निवासी सुले के घर में मिली विद्युत व्यवस्था का जायजा ले कर कलेक्टर ने हितग्राही को बधाई दी। हितग्राही सुले ने घर में मिली विद्युत आपूर्ति के लिए प्रशासन को आभार व्यक्त किया।ज्ञात हो कि जिले के अतिसंवेदनशील और सुदूर ग्राम कलेपाल-बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के सीमा में स्थित है। इस जगह का पहुँच मार्ग दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण ब्लॉक से होकर जाता है।

माँ झरण मैया प्राचीन मंदिर में शिव महापुराण कथा का आयोजन

0

 

दल्लीराजहरा पुराना बाजार स्थित माँ झरण मैया प्राचीन मंदिर में शिव महापुराण कथा का आयोजन 3 मार्च से 8 मार्च महाशिवरात्रि तक किया जा रहा है महाशिवपुरण के कथावाचक पंडित अभिषेक कृष्ण शास्त्री वृंदावन धाम (राजनांदगांव) एवं भजन गायिका कल्पी दुबे राजनांदगांव व टीम के द्वारा होगी ।

प्रथम दिन 3 मार्च को सुबह 10 बजे माँ झरन मैया से भव्य कलश यात्रा प्रारंभ होगी जो वार्ड नं 12 से होते हुए शीतला मंदिर महुआ चौक, दंतेश्वरी मंदिर, शिव मंदिर वीरनारायण चौक, संतोषी माता मंदिर से होते हुए वापस मंदिर प्रांगण पहुँचेगी। 3 मार्च से दोपहर 2 बजे तक शिव इक्षा तक 7 मार्च तक शिवमहापुराण की संगीत मय कथा प्रारंभ होगी जिसमें 3 मार्च को कलश यात्रा वेदी पूजन शिव महापुराण महात्म्य होगा , 4 मार्च को शिव पूजन विधि सृष्टि वर्णन शिव की रहस्यमई कथा 5 मार्च को सती प्रसंग विप्लव एवं रूद्राक्ष महिमा 6 मार्च को पार्वती चरित्र शिव विवाह महोत्सव 7 मार्च को गणेश जन्म कार्तिकेय जन्म तड़का सुर वध शिव अवतार 12 ज्योतिर्लिंग कथा एवं 8 मार्च को सुबह 9:00 बजे से महाशिवपुरण की कथासार,रुद्राभिषेक, हवन के पश्चात दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारा किया जाएगा।

विशेष- प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक पार्थिक शिवलिंग की पूजा एवं रुद्राभिषेक होगा जिसमें सपत्नीक ही भाग ले सकते है। शिव महापुराण का आयोजन मां झरन मैया जन कल्याण समिति के रमेश मित्तल संरक्षक व मंदिर प्रभारी, महेश सहारे अध्यक्ष,सोहन भारद्वाज उपाध्यक्ष,नरोत्तम सागर सचिव, आनंद साहू कोषाध्यक्ष, ठाकुर राम रावटे संगठन मंत्री, मनीष पाठक सह संगठन मंत्री एवं समस्त नगरवासी दल्लीराजहरा की ओर से किया जा रहा है।

रमेश मित्तल संरक्षक व मंदिर प्रभारी ने नगर सहित आस पास के समस्त ग्रामीणों से इस महाशिवपुराण कथा का श्रवण कर पुनीत लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

MOST POPULAR

HOT NEWS