- लिपिक का काम खुद पति देख रहे और दोनों मिलकर कर रहे हैं जमकर फर्जीवाड़ा
- तीन साल से लिपिक को नहीं करने दे रहे हैं मूल कार्य
-अर्जुन झा-
जगदलपुर। सैंया भये कोतवाल, तो डर काहे का ? यह कहावत हाई स्कूल नेतानार में चरितार्थ हो रही है। स्कूल की प्रभारी प्राचार्य के पति इसी स्कूल में संकुल समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं और दोनों मिलकर खूब गफलतबाजी कर रहे हैं। इसी चक्कर में संस्था के लिपिक को उनका मूल कार्य करने नहीं दिया जा रहा है।
पति – पत्नी के इस खेल की अंचल में जमकर चर्चा हो रही है। नेतानार हाई स्कूल की प्राचार्य द्वारा लिपिकीय कार्य अपने संकुल समन्वयक पति से कराया जा रहा है। खबर है कि संकुल समन्वयक पति और प्रभारी प्राचार्य मिलकर संस्था की रकम तथा शासन से मिलने वाली राशि की अफरा तफरी में लगे हुए हैं। विगत तीन साल से कार्यभार ग्रहण किए बैठे लिपिक वर्ग-2 को उनके मूल पद पर कार्य नही करने दिया जा रहा है। शाला की प्रभारी प्राचार्य रीता शुक्ला से बार -बार कारण पूछने पर सर (पति) से बात करने कहा जाता है। तरह तरह की बहानेबाजी कर लिपिक को उसके मूल पद पर कार्य नहीं करने दिया जा रहा है। बताते हैं की प्राचार्य के पति संकुल समन्वयक हैं और हाई स्कूल नेतानार में ही पदस्थ हैं। प्राचार्य पति के कहने पर ही प्रचार्य द्वारा लिपिक को प्रताड़ित किया जा रहा है।जानकारी के अनुसार लिपिक राजेंद्र कुमार जबसे पदोन्नत होकर इस शाला में आए हैं, तबसे प्रभारी प्राचार्य के संकुल समन्वयक पति ने राजेंद्र कुमार को अपने निशाने पर ले रखा है। शाला के सूत्रों के अनुसार संकुल समन्वयक द्वारा ही उक्त शाला का लिपिकीय कार्य भी निपटाया जा रहा है। जानकारी तो यह भी मिली है की संकुल समन्वयक पद की आड़ में लिपकीय कार्य के बहाने कई बिलों, हिसाब किताब और दस्तावेजों में गड़बड़ी कर अपने उच्च अधिकारी को बरगलाने का काम किया जा रहा है। संस्था की राशि और शासन से विभिन्न प्रयोजनों के लिए मिलने वाले धन की गड़बड़ी का खुला खेल नेतानार हाई स्कूल में चल रहा है। यही कारण है की उक्त लिपिक को उनका मूल कार्यभार नही दिया जा रहा है। कुल मिलाकर सैया भए कोतवाल की कहावत को चरितार्थ करते हुए प्रभारी प्राचार्य अपने सीएसी पति के साथ मिलकर स्कूल के लिपिकीय हिसाब में गड़बड़ी कर रहे हैं। लोगों ने पति- पत्नी को अलग अलग स्कूलों में पदस्थ करने तथा उनके अब तक के सारे कृत्यों की जांच कराने की मांग कलेक्टर बस्तर और जिला शिक्षा अधिकारी बस्तर से की है।
नेतानार हाई स्कूल में प्रभारी प्राचार्य और संकुल समन्वयक पति का गजब खेल
इस वर्ष का प्रथम नेशनल लोक अदालत 9.3.2024 को होगा
बालोद– इस वर्ष के प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन दिनांक 09.03.2024 को किया जाना है। इसे लेकर अध्यक्ष /जिला न्यायाधीश डा० प्रज्ञा पचौरी के द्वारा जिला अधिवक्ता संघ बालोद अध्यक्ष अजय साहू एंव अन्य अधिवक्तागणों बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अधिवक्तागण के साथ चर्चा की गई। जिला न्यायाधीश डॉ० प्रज्ञा पचौरी ने चर्चा में अधिवक्तागण से सतत रूप से प्रकरणों का पर्यवेक्षण कर अधिक से अधिक राजीनामा प्रकरणों का निराकरण में सहयोग करने कहा। अध्यक्ष ने बताया कि लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन प्रकरण में बी०एस०एन०एल, विद्युत विभाग, नगर पालिका, बीमा कंपनी बैंक से प्राप्त लोन के प्रकरण का निराकरण किया जाता है। चेक बाउंस के प्रकरण, भरण पोषण अन्य राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरणों का निराकरण किया जाता है। पूर्व लोक अदालत की भांति इस वर्ष भी राजस्व प्रकरणों का निराकरण किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। तहसील न्यायालय में पैरवी करने वाले अधिवक्तागण से खातेदारों के मध्य आपसी बंटवारे के मामले, वारिसों के मध्य बंटवारे विकय पत्र, दान पत्र, वसीयतनामा आदि के आधार पर नामांतरण के मामलें का आदि का निराकरण लोक अदालत में करने को कहा। श्रीमती सुमन सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि लोक अदालत में किसी पक्षकार की ना हार होती ना जीत। सौहार्द्र पूर्ण तरीके से पक्षकारों के मध्य आपसी राजीनामा कर प्रकरण का निराकरण किया जाना चाहिए, इसमें अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। नेशनल लोक अदालत जिला न्यायालय बालोद के साथ-साथ तालुका न्यायालय डौण्डीलोहारा, दल्लीराजहरा एवं गुण्डरदेही में आयोजित की जायेगी।
विगत 03 वर्षो से चोरी का फरार आरोपी गिरफतार
- ठीकाना बदल बदल कर करता था चोरी,नकबजनी जैसे अपराधो को अजांम ।
गुण्डरदेही क्षेत्रांतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराया कि शाम को बर्तन जर्मन की गंजी को सफाई कर घर के परिसर के पीछे रख दिये थे जिसे शक्ति देवार उर्फ बंडा और उसकी पत्नि पंचो बाई देवार चोरी करना बताने पर आरोपी के खिलाफ थाना गुण्डरदेही में अपराध क्रमांक 187/2020 धारा 379,34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपिया पंचो बाई देवार से पूछताछ करने पर अपराध स्वीकार करने हुए चोरी की सम्पति पेश किया गया आरोपिया को गिरफतार कर ज्यूडिशियल रिमाण्ड पर भेजा गया था प्रकरण का मुख्य आरोपी शक्ति देवार घटना दिनांक समय से फरार था जिसका पता तलाश विगत 03 वर्षो से किया जा रहा था जिसे दिनांक 07.02.2024 को रात्रि को गुंडरदेही से गुण्डरदेही पुलिस द्वारा घेराबंदी कर पकडा गया जिसे माननीय जे एम एफ सी न्यायालय के समक्ष दिनांक 08.02.2024 को पेश कर ज्यूडिशिलय रिमाण्ड पर भेजा गया है। फरार आरोपी के पता तलाश हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय एस.आर.भगत के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अनुविभाग गुण्डरदेही श्रीमती गीता वाधवानी के पर्यवेक्षण मे निरीक्षक वीणा यादव थाना प्रभारी गुण्डरदेही के नेतृत्व मे टीम गठित किया गया था।
विगत 03 वर्षो से फरार आरोपी के गिरफ्तारी में निरीक्षक वीणा यादव, सउनि अरविंद साहू ,प्र.आर. ज्ञानेश चंदेल, आर. पकंज तारम, आर. सुनील कुमार, आर. ललित कदम, आर. डिलेन्द्र साहू का योगदान रहा।
आरोपी – शक्ति देवार उर्फ बंडा पिता काहरू देवार उम्र 36 वर्ष निवासी देवार पारा गुण्डरदेही
प्रधानमंत्री के मंशानुरूप समाज के सभी वर्गों को योजनाओं से कर रहे हैं लाभान्वित
- विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का पड़ाव
- शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ संकल्प शिविर में निभाई सहभागिता
जगदलपुर विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत नगर पालिका निगम जगदलपुर के बस्तर क्लब प्रांगण, सरयूपारीय ब्राह्मण समाज भवन में आयोजित संकल्प शिविर के द्वितीय चरण का आयोजन हुआ। इसमें महापौर सफीरा साहू एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव, वरिष्ठ पार्षद योगेंद्र पांडे, नरसिंह राव, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, पार्षद निर्मल पाणिग्रही, नीलम यादव, त्रिवेणी रंधारी, भारती श्रीवास्तव, ललिता राव, खेमसिंह देवांगन, राणा घोष, अमर झा, उमा मिश्रा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी- कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक अपार उत्साह के साथ शामिल हुए। प्रथम चरण में विकसित भारत संकल्प यात्रा की सफलता के पश्चात शासन द्वारा प्रदेश में यात्रा का द्वितीय चरण प्रारंभ किया गया है। जिसके तहत नगर पालिका निगम जगदलपुर में यात्रा के द्वितीय चरण का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर सफीरा साहू ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति भी लाभान्वित हो, सबको विकास से जोड़ना है, मंशानुरूप समाज के सभी वर्गों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने संकल्प शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को उपस्थित होकर सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने का आग्रह किया। इस मौके पर पार्षद योगेंद्र पांडे ने कहा कि हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। श्री पांडे ने कहा आपकी सरकार है योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध होकर काम कर रही है। उन्होंने इस दिशा में प्रदेश के 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का का लाभ देने, आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री स्व निधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए विकास के हर काम को सभी के साथ मिलकर किए जाने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर सभी जनप्रतिनिधियों ने अधिकारी-कर्मचारियों तथा नागरिकों को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत बनाने की शपथ दिलाई गई। छात्र-छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के उपयोगिता प्रमाण पत्र का वितरण किया गया व अन्य योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

आयुक्त हरेश मंडावी ने कहा कि जनहितकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए शहर में तीन दिवसीय संकल्प यात्रा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।नागरिकों के आवेदनों पर विभागीय अधिकारी तत्काल कार्यवाही कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ रहे हैं। मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने वाले कृष्ण लाल देवांगन एवं रश्मिता बिसाई ने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्व वह कच्चे मकान में रहते थे। प्रधानमंत्री आवास योजना से उनका मकान पक्का बन गया है, जिससे उनके पूरे परिवार को इसका लाभ मिला। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी दिया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी बलराम ने बताया कि प्रधानमंत्री स्व निधि से उसके व्यवसाय को काफी लाभ मिला है। उज्ज्वल एवं आयुष्मान से लाभ लेने वाले हितग्राहियों ने भी अपनी बात रखी। महतारी वंदन योजना के फॉर्म जमा करने वाले हितग्राहियों में अंजलि यादव, पूनम देवांगन एवं पुष्पा ने छत्तीसगढ़ शासन की इस महिला सशक्तिकरण की योजना पर प्रसन्नता जाहिर करते कहा कि शासन ने महिलायों के उत्थान के लिए सालाना 12000 देने की घोषणा की है, जिससे हमारे जीवन स्तर में काफी सुधार होगा।
कलेक्टर ने ग्राम बैहाकुआँ में मनरेगा से बन रहे तालाब निर्माण कार्य का लिया जायजा
- मस्टर रोल, डिमाण्ड लेटर आदि की जाँच की
बालोद 08 फरवरी 2024 कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम बैहाकुआँ में पहुँचकर वहाँ महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत बन रहे तालाब के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से निर्माण कार्य के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि तालाब निर्माण हेतु वर्तमान में कुल 122 मजदूर कार्य कर रहे हैं। इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने मस्टर रोल, डिमाण्ड लेटर, मजदूरो की उपस्थिति आदि की रेण्डम जाँच की। इस मौके पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राजयपाल के अभिभाषण पर चर्चा में भाग लिया विक्रम ने
जगदलपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा के सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा में भाग लेते हुए बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने भी अपनी बात रखी।
बेंचरम के मोबाइल टावर में माओवादियों ने लगाई आग
बीजापुर बुधवार के आधी रात्रि भैरमगढ़ ब्लाक के बेंचरम में स्थित जिओ मोबाइल टावर के जनरेटर एवं अन्य उपकरणों में सशस्त्र माओवादियों द्वारा आगजनी कर दी गई। पुलिस थाना जांगला की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण करने के बाद बताया कि बेंचरम में स्थित जिओ मोबाइल टावर में आगजनी की गई है। टावर में लगे उपकरण एवं जनरेटर को नुकसान हुआ है। आसपास प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के पर्चे एवं पाम्पलेट मिले हैं।थाना जांगला में रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है lक्षेत्र में सर्चिंग जारी है।

सिलगेर में दिखी उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की संवेदनशीलता की झलक
- डिप्टी सीएम शर्मा ने सरपंच को फोन करके पूछा -बिजली आई कि नहीं?
- सालभर से ठप बिजली आपूर्ति बहाल कराई और सरपंच को लगाया फोन
-अर्जुन झा –
जगदलपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज के तरीकों की झलक छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के भी कामकाज में नजर आती है। प्रधानमंत्री मोदी की तरह ही शर्मा भी किसी काम को शुरू कराकर यूं ही नहीं छोड़ देते, बल्कि अंजाम तक पहुंचाते भी हैं और कार्य से प्रभावित होने वाले लोगों के संपर्क में भी रहते हैं। इसका एक उदाहरण बस्तर संभाग के सुकमा जिले में सामने आया है।
सुकमा जिले के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र सिलगेर जहां, जाने के नाम से ही अच्छे अच्छों की कंपकंपी छूटने लग जाती है। वहां छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा बीते दिनों पहुंचे थे। इस दौरान ग्राम पंचायत सिलगेर के इत्तापारा के ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बताया था कि उनकी बस्ती में सालभर से बिजली आपूर्ति ठप है। विद्युत कंपनी के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि समस्या जल्द दूर हो जाएगी।
ग्रामीणों ने कुछ अन्य मांगें भी शर्मा के समक्ष रखी। शर्मा ने सिलगेर से वापसी के दौरान रास्ते में ही विद्युत कंपनी के राज्य मुख्यालय में बैठे शीर्ष अधिकारियों को कॉल कर सिलगेर की विद्युत समस्या दूर करने निर्देशित किया। रायपुर लौटकर तीसरे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सिलगेर के सरपंच कोरसा सन्नू को खुद ही फोन लगाया और पूछा – सन्नू भाई कैसे हो? इत्तापारा की बिजली समस्या दूर हुई कि नहीं? कोरसा सन्नू उप मुख्यमंत्री की आवाज पहचान गए और आल्हादित होते हुए उन्होंने जवाब दिया कि भैया इंजीनियर साहब खुद आए थे, व्यवस्था ठीक कर गए हैं। इंजीनियर ने मुझसे आग्रह करते कहा है कि कोई भी परेशानी आती है, तो सीधे मुझसे बात कर लिया करो, मंत्री जी से मत कहा करो। इसके बाद मंत्री श्री शर्मा ने सरपंच से इत्तापारा के संतोष और एक अन्य व्यक्ति के बारे में पूछा और कहा कि उनसे मेरी बात कराना। तो ऐसे संवेदनशील और सजग हैं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा। ऐसे में भला लोग उनसे और भाजपा से कैसे नहीं जुड़ेंगे? शर्मा का यह कदम इस बात का भी उदाहरण है कि छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री तथा पंचायत एवं विकास मंत्री विजय शर्मा बस्तर के अंदरूनी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कितने चिंतित रहते हैं? उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा का अब पूरा सिलगेर गांव मुरीद बन गया है।
शिक्षित ब्लॉक मुख्यालय बकावंड के विकास की कोई प्लानिंग नहीं
- बकावंड की दुर्दशा के लिए आखिर कौन है जिम्मेदार?
बकावंड बस्तर जिले के सबसे जागरूक व शिक्षित विकासखंड बकावंड के विकास के प्रति किसी की कोई दिलचस्पी नहीं है। क्योंकि यहां के अधिकारी तो अधिकारी, जनप्रतिनिधि भी बकावंड की सुध लेने में दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं। यहां की दुर्दशा से आम जनता भी अपने आप को ठगी सी महसूस कर रही है। बकावंड जनपद पंचायत मुख्यालय की सड़कें व नालियां इतनी संकरी हैं और बेतरतीबी से बनाई गई हैं कि उनकी वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़कों पर वाहनों का जमघट भी हादसे को निमंत्रण दे रहा है। इन सबके बीच यह बात भी सामने आ रही है कि ग्रामीण व्यवस्था को सुधारने प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी देते हैं फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है। बकावंड क्षेत्र के व्यवसायियों को राजनीतिक संरक्षण भी इसके लिए जिम्मेदार माना जाता है। किसी की जान जाए या फिर किसी को सड़क मार्ग से गुजरने का मसला हो, कोई व्यवस्था सुधारने नहीं आता। जबकि बकावंड में एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय जैसे राजपत्रित अधिकारियों के होने के बावजूद सड़कों पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है जनता की अपेक्षा कोई पूरी नहीं कर रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर भी व्यवस्था सुधारने के लिए कोई जिम्मेदार नहीं आ रहा है। यदि जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी ठान लें तो कोई भी बड़ा काम आसानी से हो सकता है।

तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध रोकने के लिए छात्र छात्राओं को शिविर लगाकर किया जागरूक
- Artificial Intelligence (AI) Tools से तेजी से बड़ रहे साइबर अपराध जैसे विडियो एडिटिंग से व्यक्ति के चहरे को बदलना तथा वास्तविक आवाज को बदल कर, हो रहे साइबर फ्राड के संबंध में शा.कंगला मांझी महाविद्यालय डौण्डी के छात्र/छात्राओं को किया गया जागरूक।
- कगला मांझी महाविद्यालय डौण्डी के छात्र/छात्राओं को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत् सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा मोटर
- सायकल चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से लगाने हेतु जागरूक किया गया। ।
- बालोद पुलिस द्वारा छात्र/छात्राओं को ऑनलाईन फ्राड, अनुशासन, नशा उन्मूलन साथ ही साथ कानून की जानकारी दी गई।
डौंडी आज दिनांक 08.02.2024 पुलिस अधीक्षक एस०आर० भगत के निर्देशन एवं अति पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक राकेश ठाकुर, थाना डौण्डी प्रभारी मुकेश सिंह तथा साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक जोगेन्द्र साहू के नेतृत्व में शा.कंगला मांझी महाविद्यालय डौण्डी के छात्र/छात्राओं को Artificial Intelligence (AI) Tools से तेजी से बड़ रहे साइबर अपराध जैसे विडियो एडिटिंग से व्यक्ति के चहरे को बदलना तथा वास्तविक आवाज को बदल कर, हो रहे साइबर फाड के संबंध में तथा यातायात नियम एवं साइबर अपराध संबंधी जानकारी अपराध व नशा उन्मूलन, कानून की जानकारी से अवगत कराया जाकर जागरूक किया गया।

थाना डौण्डी के शा.कंगला मांझी महाविद्यालय डौण्डी के छात्र/छात्राओं को साइबर / यातायात थाना स्टाफ टीम द्वारा को आनलाईन फ्राड जैसे बिजली बिल ऑनलाईन भुगतान, फोन पे, गुगल पे, पेटीएम में कैश बैक ऑफर, टावर लगाने के नाम पर, केबीसी लॉटरी लगने के नाम पर ठगी, लोन एप्स साइट, फेसबुक मैसेंजर, व्हाट्सएप के जरिए अश्लील वीडियो काल कर ब्लैकमेलिंग, एटीएम कार्ड का सुरक्षित उपयोग, एटीएम कार्ड नंबर, पिन नं. सीवीवी नंबर, ओटीपी नंबर, शेयर नही करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने की जानकारी दी गई। साइबर अपराधों से बचाव एवं साइबर अपराध की घटना होने पर टोल फ्री नं. 1930 पर कॉल करे या लिंक www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं में हम किस प्रकार से कमी ला सकते हैं इस संदर्भ में आम जनता को बताया गया कि सड़क दुर्घटना होने पर डायल 112 को तत्काल कॉल कर सूचना देवें एवं उसके आने के पहले घायल व्यक्ति को सांत्वना देते हुए आवश्यक प्राथमिक उपचार देकर घटना वाले स्थान में अधिक भीड़ नही बढ़ने नही दिया जाना है तथा बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने, तीन सवारी वाहन नही चलाने हेतु बताया गया। साथ ही साथ स्कूली बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने बताकर किया गया जागरूक।

आम जनो एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए बालोद पुलिस सदैव तत्पर है। यातायात सड़क सुरक्षा माह के दौरान मेला मंडाई में जागरूकता कार्यक्रम, समझाईश अभियान एवं वाहन चेकिंग अभियान बालोद पुलिस द्वारा लगातार जारी रहेगा। बालोद पुलिस आम नागरिकों से अपील करता है कि यातायात नियमों का पालन करे, रात्रि में वाहन चलाते समय अपर डिपर का प्रयोग करे, मालवाहक वाहन में सवारी भरकर परिवहन न करे, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाईल का उपयोग न करे, नाबालिक बच्चों को वाहन चलाने न देवे, संयमित गति से वाहन चलाएं एवं वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट अवश्य लगावे व वाहन चलाते समय वाहन के दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखे।
उक्त कार्यक्रम में साइबर सेल बालोद से आरक्षक योगेश कुमार गेडाम, यातायात शाखा बालोद से आरक्षक मनोज चन्द्रा व थाना डौण्डी से सउनि दुर्जन लाल रावटे, प्र.आर.विष्णु तारम, आर. बनवारी यदु तथा महाविद्यालय के स्टाफ श्री दीपक कुमार मेश्राम (प्राचार्य), एन.के.साकड़े, श्रीमती राधेश्वरी देशमुख, डॉ. योगेश्वर साहू, श्रीमती बबीता ध्रुव, जी.एल. धनजय (समस्त शिक्षकगण) उपस्थित रहें।


