City Media - Page 630 of 1859 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 630

डॉ. महंत नेता प्रतिपक्ष, दीपक बैज पुनः पीसीसी चीफ

0

रायपुर सक्ती के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत को कांग्रेस नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। वहीं दीपक बैज को फिर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नें वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरणदास महंत को नेता प्रतिपक्ष और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रुप में फिर से नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। इस आशय का पत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज 16 दिसंबर को जारी किया है। डॉ. महंत को नया दायित्व दिए जाने और दीपक बैज को पुनः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गैदू एवं बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने खुशी जाहिर करते हुए डॉ. चरणदास महंत और दीपक बैज को बधाई दी है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के सहचर बने विधायक किरण देव

0
  • बस्तर जिले के करंदोला, जाटम, टेकामेटा एवं अलनार में कार्यक्रम का आयोजन

जगदलपुर केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार 16 दिसंबर को हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रधानमंत्री वर्चुअली देशभर में यात्रा के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से जुड़े और भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा कर उनके घर-परिवार में आई खुशहाली की बधाई दी। श्री मोदी ने विकसित भारत के सपना को साकार करने में निरंतर सहभागिता निभाने कहा। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर से वर्चुअली कार्यक्रम के लिए जिलों से जुड़े और यात्रा के संबंध में वर्चुअल संवाद कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सहभागी बनने पर जोर दिया।

बस्तर जिले में जगदलपुर ब्लॉक के जाटम, बस्तर ब्लॉक के करंदोला, तोकापाल ब्लॉक के टेकामेटा एवं लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के अलनार में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत जाटम में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में विधायक जगदलपुर किरण देव, कलेक्टर विजय दयाराम के., राज्य वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, बस्तर राज परिवार के सदस्य माटी पुजारी एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमलचंद्र भंजदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप और अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प संदेश को सुना। वहीं सभी लोगों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के आव्हान के अनुरूप वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की शपथ ली। इस मौके पर विधायक किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की यह संकल्प यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत तक जाएगी और मोदी सरकार की गारंटी योजना को हर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएगी। आरंभ में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक इस संकल्प यात्रा को पहुंचाने के साथ ही भारत सरकार की योजनाओं से अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित करने पूरी शिद्दत से कार्य किया जाएगा। उन्होंने जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा के सुचारू एवं सफल आयोजन के बारे में विस्तार पूर्वक अवगत कराया। इस दौरान विधायक, कलेक्टर और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 11 दावेदारों को बीमा राशि प्रदान की गई। 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान भारत कार्ड प्रदान किए गए।

दी गई योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाने हेतु आईईसी मोबाइल वैन के जरिए प्रधानमंत्री के संदेश, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट, बुकलेट आदि वितरित किए गए और विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी गई। स्कूली बच्चों ने संदेशपरक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। योजनाओं के संबंध में जागरूकता के लिए स्वच्छता, शिक्षा से संबंधित लघु नाटिका की प्रस्तुति स्कूली छात्र- छात्राओं द्वारा दी गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राकृतिक खेती, स्वाईल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी दी गई। अंत में जिला पंचायत के सीईओ प्रकाश सर्वे ने सभी लोगों की व्यापक सहभागिता के प्रति आभार प्रकट किया।

बांग्लादेश मुक्ति युद्ध पर बनी फिल्म का प्रदर्शन

0

जगदलपुर सन 1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की 52वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश को अब तक की सबसे बड़ी सैन्य जीत दिलाने व बांग्लादेश के निर्माण मे दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक योगदान को सामने लाने के लिए बनी फिल्म का प्रदर्शन आज 16 दिसंबर को जगदलपुर के राजीव भवन में किया गया। बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ इस फिल्म को देखा। इस दौरान अब्दुल रशीद, नरेंद्र तिवारी, प्रदीप भारती, ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, अनुराग महतो, असीम सुता, अभिषेक नायडू, अजय बिसाई, रविशंकर तिवारी, सुनील दास, विशाल खंबारी,उपेंद्र बांधे, अभिषेक गुप्ता, नीलम कश्यप, सोनारू नाग, अभिषेक डेविड, आदर्श नायक, सुलो कश्यप, साहिल गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गुरु घासीदास बाबा की शोभायात्रा का स्वागत

0

जगदलपुर जयंती की पूर्व संध्या सतनामी समाज द्वारा निकाली गई गुरु घासीदास बाबा की शोभायात्रा का बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।  मौर्य और अन्य कार्यकर्ताओं ने गुरु बाबा के जयकारे लगाए। इस दौरान नरेंद्र तिवारी, प्रदीप भारती, ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, अनुराग महतो, असीम सुता, अभिषेक नायडू, उपेंद्र बांधे, अभिषेक गुप्ता, सोनारू नाग, अभिषेक डेविड, आदर्श नायक आदि मौजूद थे।

नेशनल लोक अदालत में निपटे 396 मामले*

0

दल्लीराजहरा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के मार्गदर्शन में 16 दिसंबर को व्यवहार न्यायालय दल्ली राजहरा में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। नेशनल लोक अदालत में कुल 396 आपराधिक रखे गए थे। इन प्रकरणों का निराकरण हुआ एवं समझौता राशि के रूप में 229451 रुपए प्राप्त हुए। नेशनल लोक अदालत के पीठासीन अधिकारी व्यवहार न्यायाधीश श्रीमती सोनी तिवारी व सदस्य अधिवक्ता इसराइल शाह एवं राकेश द्विवेदी थे। नेशनल लोक अदालत में व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ताओं का सहयोग रहा। साथ ही बैंक, नगर पालिका, विद्युत विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित थे।

शहरी स्वास्थ्य केंद्र कुम्हार पारा में हुआ पहला प्रसव

0
  • ओड़िशा से प्रसव करवाने मायके जगदलपुर आई थी

जगदलपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारपारा में शनिवार 16 दिसंबर को पहला प्रसव हुआ। ओड़िशा में ब्याही गई जगदलपुर की बेटी ने स्वस्थ बच्चे को इस स्वास्थ्य केंद्र में जन्म दिया है।

ओड़िशा स्थित ससुराल से प्रसव कराने जगदलपुर के लालबाग आमागुड़ा स्थित मायके आई भुनेश्वरी पति प्रेमसिंग को रात में प्रसव पीड़ा प्रारंभ हुई, तो परिजनों ने तत्काल मितानीन से संपर्क किया। मितानिन रामेश्वरी सेन ने एंबुलेंस 102 की सहायता से भुनेश्वरी को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारपारा ले जाकर भर्ती कराया। आज सुबह करीब 10 बजे शहरी स्वास्थ्य केंद्र में उसका सुरिक्षत प्रसव कराया गया। इस स्वास्थ्य केंद्र में यह पहला प्रसव है। स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. विराट तिवारी और डॉ. तृषा अवस्थी ने बताया कि जच्चा- बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। प्रसव पश्चात नवजात को लगने वाले विटामिन, बीसीजी, पोलियो, हेपटाइटिस बी आदि के टीके लगाए गए।

तीनों अर्बन हेल्थ सेंटर में प्रसव सुविधा

बस्तर के कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल में बढ़ते मरीजों के दबाव को कम करने के लिए नगर के तीनों शहरी प्राथमिक स्वास्थ केंद्रों में जल्द से जल्द प्रसव सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए थे। जिला खनिज संस्थान न्यास बस्तर द्वारा नवजात शिशु के लिए डाइपर, बेबी सोप, बेबी वाइपर, टॉवेल, बिस्तर, वस्त्र आदि प्रदान किए गए।सीपीएम संजीव दुबे ने प्रथम प्रसव कराने पर संस्था प्रभारी और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि तीनों शहरी स्वास्थ केंद्रों में प्रसव की सुविधा प्रारंभ हो चुकी है।

किसान हीरु की खुदकुशी के लिए भाजपा सरकार दोषी : बैज

0
  • किसानों की आत्महत्या का दौर लौट आया : दीपक बैज
  • 2 लाख तक की कर्जमाफी के वादे से मुकर रही भाजपा

जगदलपुर नारायणपुर के कुकड़ाझोर गांव के एक किसान के द्वारा कर्ज बोझ के कारण की गयी आत्महत्या दुखद और गंभीर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की असंवेदनशीलता और वादाखिलाफी ने एक किसान को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया। यदि भाजपा सरकार ने पहली केबिनेट में 2 लाख तक कर्जा माफ कर दिया होता, तो किसान को आत्महत्या नहीं करनी पड़ती।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने कहा है कि किसान हीरू बढ़ई पर 1.24 लाख रु. का कर्ज था। उसे भरोसा था कि नई सरकार कर्ज माफ कर देगी। उसके पुत्र की शादी भी होने वाली थी। कर्ज वसूली के नोटिस से वह मानसिक दबाव में आ गया था। मृत किसान के बेटे ने भी कहा कि भाजपा के लोग चुनाव प्रचार के दौरान 2 लाख रू. तक का कर्ज माफ करने की बात कह गए थे। सरकार द्वारा कर्जमाफी का निर्णय नहीं लेने से पिताजी व्यथित थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के अनेकों नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान किसानों का कर्ज माफ करने का वादा अपने भाषणों में किया था। इस संबंध में पाम्पलेट भी वितरित किए गए था। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का चुनाव प्रचार का वीडियों भी सोशल मीडिया में वायरल है, जिसमें वे 2 लाख कर्जमाफी का वादा कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से अनेक जगह सभाओं में वादा किया था कि भाजपा की सरकार बनने पर 2 लाख तक सारे बड़े और छोटे किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। अब भाजपा की सरकार बन गई है, तो भाजपा कर्जमाफी के वाय

दे से मुकर रही है। भाजपा की इस वादाखिलाफी से किसान दुखी और व्यथित हैं।

जैसा नाम, वैसा काम हो रहा है ग्राम पंचायत चोकर में

0
  •  आटे के चोकर की तरह अनुपयोगी साबित हो रहे हैं पंचायत के सारे कार्य
  • फंड पूरा ले लिया और सारे निर्माण छोड़ दिए अधूरे सरपंच को नहीं है स्वीकृत फंड के बारे में जानकारी

अर्जुन झा

बकावंड ग्राम पंचायत चोकर जैसा नाम वैसा गुण वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। आटे के चोकर की तरह इस ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए सारे कार्य अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। शासन के करोड़ों खर्च हो गए, मगर ग्रामीणों को फायदा कौड़ी भर का नहीं हुआ। ग्राम पंचायत ने स्वीकृत फंड से पूरी रकम निकाल ली है, मगर सारे कार्य आधे अधूरे ही पड़े हैं। हैरानी की बात तो यह है कि सरपंच को फंड और कार्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि सचिव ही सारा काम देखते हैं।

बकावंड के करीब स्थित बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत का वही हाल हो गया है, जैसा कि आटे को छानने के बाद निकलने वाले चोकर का होता है। इस चोकर को व्यर्थ समझ लोग या तो फेंक देते हैं, या फिर मवेशियों और मुर्गियों के खाने के लिए डाल देते हैं। ग्राम पंचायत चोकर तो वह ‘चोकर’ है, जिसके जरिए सरपंच, सचिव और अधिकारी अपने खाने का इंतजाम करते हैं। ग्राम पंचायत के हर कार्य में अनियमितता आम बात हो गई है। विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत फंड से पूरी रकम आहरित कर ली जाती है, लेकिन कोई भी काम पूरा नहीं कराया जाता। चोकर में पड़े आधे अधूरे निर्माण इस बात की तस्दीक करते दिखाई दे रहे हैं। जल जीवन मिशन व नल जल योजना के तहत गलियों में स्थापित सार्वजनिक नलों तथा घरों में लगाए गए निजी नलों के स्टैंड पोस्ट की प्लेटफार्म निर्माण सीसी रोड़ निर्माण के काम को पूरा नहीं किया गया है। ग्राम पंचायत कार्यालय के समीप बड़े बड़े गड्ढे हैं, जहां गंदा पानी भरा हुआ है। गड्ढे में बोरिंग का पानी भर रहा है। इस पानी में मच्छर पनपने रहे हैं।

हलाकान हो रहे हैं ग्रामीण

ग्राम पंचायत भवन के आसपास स्थित घरों में रहने वाले लोग मच्छरों और गंदगी से हलकान हो रहे हैं। वे मच्छरों के कारण रातभर सो नहीं पाते। लोग मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इन गड्ढों का पानी बुरी तरह खराब हो चुकी है और पानी से उठने वाली दुर्गंध से ग्रमीणों का जीना दुश्वार हो गया है। उसी गड्ढे से लगकर टॉयलेट बनाया गया है, जो खस्ताहाल हो चुका है। उसके अंदर तथा बाहर चारों ओर घास फूस व झाड़ियां उग आई हैं। यह टॉयलेट लोगों के लिए पूरी तरह अनुपयोगी हो गया है है। स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। गांव में साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। जहां देखो, वहां गंदगी पसरी पड़ी है। नलों की टोटियां गायब हैं, पीने का पानी खुले पाईप से व्यर्थ बहते रहता है। नाली निर्माण में गुणवत्ता का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया है। नाली से वेस्टेज पानी का बहाव नहीं हो पा रहा है और सारी नालियां गंदगी से लबरेज होकर जाम हो गई हैं। कई कार्य स्वीकृत हैं, किंतु सारे कार्य अब तक अपूर्ण हैं। सीसी रोड के लिए स्वीकृत पूरी रकम निकाल ली गई है, पर काम अधूरा कराकर छोड़ दिया गया है। गोठान योजना की खाद पंचायत भवन में पड़ी है। उसे बेचने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव की स्ट्रीट लाईट कई माह से बंद है। गांव में पूरी रात अंधेरा छाया रहता है।सरपंच श्रीमती लछिन बघेल से बात करने पर वे कहती हैं कि उन्हें फंड के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सचिव ही सारा कामकाज देखते हैं। किस कार्य के लिए कितनी राशि स्वीकृत हुई है, इस बारे में सचिव को ही पता है।

वर्सन

नहीं मिली है पूरी रकम

जितनी रकम मिली थी, उससे कार्य कराए गए हैं। बाकी रकम मिलने के बाद अधूरे कार्य पूरे कराए जाएंगे।

कमल भद्रे,  सचिव, ग्राम पंचायत,    

        चोकर

कोरमा के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़

0
  •  भारी मात्रा में विस्फोटक, वर्दी, दवाइयां व नक्सली साहित्य बरामद
  • सुरक्षा बलों ने ध्वस्त किया कैंप, भाग खड़े हुए नक्सली

जगदलपुर बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में आज शनिवार की सुबह नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से काफी देर तक फायरिंग होती रही। सुरक्षा बलों के आगे नक्सली टिक नहीं पाए और जंगलों में भाग निकले। मौके पर नक्सलियों द्वारा स्थापित कैंप को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया। घटना स्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, नक्सली साहित्य, वर्दी, दवाइयां आदि सामग्री बरामद की गई हैं। जंगलों में सर्चिंग की जा रही है।

यह मुठभेड़ शनिवार 16 दिसंबर को सुबह करीब 7 बजे हुई। नक्सली संगठन के गंगालूर एरिया कमेटी के सचिव दिनेश मोड़ियम, गंगालूर एलओएस कमांडर दुला कारम, गंगालूर एरिया आरपीसी कमलू पुनेम एवं 15- 20 अन्य सशस्त्र नक्सलियों के कोरमा- मुनगा के बीच स्थित जंगलों में उपस्थित रहने की सूचना सुरक्षा बलों को मिली थी। इसी आधार पर डीआरजी, बस्तर फाइटर, एसटीएफ एवं कोबरा बटालियन 202, व 210 की टीम जंगल में पहुंची थी। टीम द्वारा घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा बलों को देख माओवादी फायरिंग करने लगे। सुरक्षा बलों द्वारा भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी गई। सुरक्षा बलों की ताबड़तोड़ फायरिंग के आगे नक्सली ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए और जंगलों की आड़ लेकर भाग खड़े हुए। यह मुठभेड़ शनिवार सुबह लगभग 7 बजे कोरमा के जंगलों में हुई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा बनाए गए अस्थाई कैंप को ध्वस्त कर दिया। जवानों द्वारा खोजबीन करने पर कैंप से भारी मात्रा में विस्फोटक, दवाइयां, माओवादी वर्दी, प्रतिबंधित माओवादी संगठन की प्रचार सामग्री, माओवादी साहित्य एवं दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की गई। क्षेत्र में सघन गश्त अभियान जारी है। बीजापुर एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने इस घटना की पुष्टि की है।

सूखत के नाम पर झुकता कांटा, किसानों का हो रहा घाटा

0
  • सूखत के नाम पर ठगा जा रहा है बस्तर के किसानो को
  • धान की क्वालिटी के नाम पर भी परेशान किया जा रहा है निरीह किसानों को

अर्जुन झा

बकावंड विकासखंड बकावंड के धान खरीदी केंद्रों में किसानों को सरेआम ठगा जा रहा है। सूखत के नाम पर प्रति बोरी ज्यादा धान तौला जा रहा है। इस तरह सूखत के बहाने तराजू के कांटे को झुकाकर किसानों का घाटा किया जा रहा है। धान की क्वालिटी के नाम पर भी निरीह किसानों को परेशान किया जा रहा है।

बकावंड विकासखंड ही नहीं, अपितु बस्तर जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों को इसी तरह से चूना लगाने का खेल चल रहा है। जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के कुछ खरीदी केंद्रों में तो पूर्व विधायक रेखचंद जैन इस खेल का भंडाफोड़ कर चुके हैं। बकावंड विकासखंड में स्थित जिला सहकारी बैंक के अधीन सभी धान खरीदी केंद्रों में सूखत की आड़ में खरीदी केंद्र प्रभारियों, समिति प्रबंधकों, समिति अध्यक्षो व अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ‘सूखती के लिए झुकती’ के खेल में लाखों के वारे न्यारे किए जा रहे हैं। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बकावंड के धान खरीदी केंद्र बकावंड के साथ ही ग्राम धनवा के खरीदी केंद्र में ऐसे ही खेल का प्रत्यक्ष उदाहरण देखने को मिला है। खरीदी केंद्रों में प्रति बारदाना (बोरा) 80 किलोग्राम धान पर दो से चार किलोग्राम तक अतिरिक्त धान किसानों से लिया जा रहा है। इस तरह प्रति क्विंटल औसतन तीन किलोग्राम ज्यादा धान किसानों से लिया जा रहा है। अतिरिक्त धान लेने का विरोध करने वाले किसानों को अपना धान वापस ले जाने के लिए कहा जाता है। खरीदी में लगे कर्मचारी दलील देते हैं कि धूप पड़ने से खरीदकर बोरों में रखे गए धान का वजन सूखकर कम हो जाता है। इसकी भरपाई हम थोड़ी न करेंगे। इसके अलावा धान की क्वालिटी को निम्न स्तर का बताते हुए खरीदने से इंकार भी कर दिया जाता है, अथवा रेट कम मिलने की बात कही जाती है। अतिरिक्त धान लिए जाने तथा क्वालिटी के नाम पर परेशान किए जाने से किसानों में आक्रोश देखा जा रहा है। धान खरीदी केंद्र प्रभारी एवं प्रबंधक की मिलीभगत से किसानों का धान अधिक मात्रा में तौलकर किसानों के पसीने की कमाई पर डाका डाला जा रहा है। किसानों से छल के इस खेल को उच्च अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। खरीदी केंद्र प्रभारी का कहना है कि धूप में धान सूखता है और उसका वजन कम हो जाता है। इसलिए किसानों से सूखत के नाम पर थोड़ा ज्यादा धान लिया जाता है। इसमें किसानों की भी सहमति रहती है।

 

रेखचंद जैन जता चुके हैं नाराजगी

जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन सूखत के नाम पर किसानों से अतिरिक्त धान लिए जाने को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। जैन ने गत दिवस नानगुर और बड़े मुरमा के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पाया था कि सूखत के बहाने किसानों से अधिक मात्रा में अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। इसके अलावा पुरानी दर पर और कम लिमिट में धान की खरीदी चल रही है।  जैन ने इसे किसानों के साथ भाजपा का छल निरुपित किया। जैन का कहना था कि धूप में जरूर धान सूखता है, मगर सूखत की दर इतनी ज्यादा भी नहीं रहती कि प्रति क्विंटल के पीछे दो -तीन किलो अतिरिक्त धान लिया जाए। जैन ने खरीदी केंद्र प्रभारी को हिदायत दी कि सूखत के अतिरिक्त धान लेने का जो मात्रा तय की गई है, उतनी ही मात्रा में अतिरिक्त धान लिया जाए और किसानों को परेशान न किया जाए। पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा है कि भाजपा सत्ता में आ चुकी है, मगर आज भी भाजपा के चुनावी वादे के मुताबिक 3100 रुपए क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान की खरीदी नहीं की जा रही है। इससे साबित होता है कि भाजपा ने किसानों से छल किया है। इसके अलावा किसानों का कर्जा माफ न करने पर भी रेखचंद जैन ने भाजपा को आड़े हाथ लिया है।

खपाया जा रहा है ओड़िशा का धान

बकावंड विकासखंड की सीमाएं ओड़िशा राज्य से लगी हुई हैं। इसका बेजा लाभ शराब व धान तस्कर उठा रहे हैं। ओड़िशा के व्यापारी तथा बकावंड ब्लॉक के धान कोचिया ओड़िशा के किसानों से धान खरीद कर उसे बकावंड ब्लॉक के खरीदी केंद्रों में खपा रहे हैं। ये व्यापारी और कोचिए स्थानीय किसानों के नाम पर आसानी से धान बेचने में सफल हो जाते हैं। खरीदी केंद्र प्रभारी इन व्यापारियों और कोचियों से मोटा कमीशन लेकर इस गैर कानूनी कृत्य को अंजाम देने में मदद करते हैं। बकावंड ब्लॉक का ग्राम धनवा ओड़िशा से लगा हुआ है। यहां के धान खरीदी केंद्र में भी ओड़िशा का धान खपाया जा रहा है। कोचिया द्वारा ओड़िशा के किसानों से खरीदे गए धान को धनवा खरीदी केंद्र में बेचा जा रहा है। धान खरीदी केंद्र प्रभारी की इसमें मिलीभगत है। ज्ञात हो कि बीते वर्ष भी बकावंड खरीदी केंद्र में गोलमाल हुआ था, जिसकी जांच अब तक चल रही है।बस्तर संभाग के खरीदी केंद्रों में ओड़िशा का धान खापाए जाने के कई मामले जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी पकड़ चुके हैं। कोंडागांव में कुछ दिनों पहले ही ओड़िशा का दो ट्रक धान पकड़ा गया था। माकड़ी पुलिस तथा भानपुरी पुलिस भी ओड़िशा का धान लदे मिनी ट्रक और ट्रेक्टर को पकड़ चुकी है। बावजूद धान की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है।

वर्सन

लगवाएंगे रोक

अवैध धान की खरीदी और सूखत के नाम पर ज्यादा मात्रा में धान लेना गलत है। अगर खरीदी केंद्र प्रभारी ऐसा कैसा कर रहा रहा है, तो मैं जाकर पता करूंगा और इस पर रोक लगवाऊंगा।

फूलसिंह बिसाई,

प्रबंधक, आदिम जाति सहकारी समिति, बकावंड

MOST POPULAR

HOT NEWS