City Media - Page 628 of 1858 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 628

नक्सलियों से लोहा लेते सीएआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर शहीद

0
  • गोली लगने से घायल जवान को किया गया एयर लिफ्ट
  • सर्चिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए चार संदिग्ध

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले में 17 दिसंबर को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए तथा एक जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल जवान को एयर लिफ्ट किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सब इंस्पेक्टर की शहादत को नमन करते हुए घायल जवान के के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

रविवार 17 दिसंबर को सुबह 7 बजे सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना के ग्राम बेदरे में स्थापित सीआरपीएफ कैंप से सीआरपीएफ की 165वीं बटालियन की एक कंपनी उर्सांगल की तरफ एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी।ऑपरेशन के दौरान जंगल में नक्सलियों जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सीएआरपीएफ की टुकड़ी ने भी जबरदस्त जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में 165वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी शहीद हो गए एवं कांस्टेबल रामू गोली लगने से घायल हो गए। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद उचित उपचार हेतु हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट किया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद आसपास के इलाके की सर्चिंग के दौरान 4 संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन एवं जिला पुलिस बल द्वारा आसपास के इलाके में सघन सर्चिंग की जा रही है।

सीएम साय ने शहादत को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ की 165वीं बटालियन और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डीकी शहादत को नमन किया है।उन्होंने घायल कांस्टेबल रामू के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा ने भी सब इंस्पेक्टर रेड्डी की शहादत को नमन करते हुए घायल जवान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

बस्तर पुलिस ने लोगों को लौटाए 100 से ज्यादा गुम सेलफोन

0
  •  टेक बैक योर प्रॉपर्टी अभियान का सार्थक असर
  • सायबर सेल जगदलपुर चला रही है यह अभियान

जगदलपुर उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस एक ओर आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई रहा है, तो दूसरी ओर कम्युनिटी पुलिसिंग के जरिए आम जनता से तालमेल बनाकर बेहतर पुलिसिंग का भी कार्य कर रही है। पूर्व में बस्तर जिला पुलिस की सायबर सेल एवं थानों में लोगों के मोबाईल गुम जाने के संबंध में सूचना एवं आवेदन पत्र प्राप्त होते रहे हैं। इस पर उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा ने विशेष रूचि लेकर गुम मोबाईल की पतासाजी हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं उप पुलिस अधीक्षक गीतिका साहू, नोडल अधिकारी सायबर सेल के पर्यवेक्षण में सायबर सेल की टीम द्वारा गुम मोबाईल की पता तलाश हेतु टेक बैक योर प्रॉपर्टी अभियान चलाया है।

इस अभियान के तहत सायबर सेल द्वारा सेलफोन अलग- अलग जगहों से बरामद किए गए 100 नग सेलफोन आज 17 दिसंबर को शौर्य भवन स्थित पुलिस ऑडिटोरियम लालबाग में संबंधित मोबाईल धारकों को बुलाकर डीआईजी एवं एसएसपी जितेंद्र सिंह मीणा के हाथों संबंधित मोबाईल स्वामियों के सुपुर्द किए गए। सुपुर्दनामा पर दिए गए मोबाईल फोन की अनुमानित कीमत 12 लाख रू से अधिक है। पूर्व में भी बस्तर पुलिस के द्वारा 900 नग से अधिक गुम मोबाईल फोन ढूंढकर संबंधित मोबाईल धारकों को सुपुर्दनामे पर दिए गए थे। एसएसपी ने उपस्थित नागरिकों को सायबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता, सोशल मीडिया के सही उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए पुलिस सहयोगी नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया। गुम सेलफोन की बरामदगी में सायबर सेल के उप निरीक्षक अमित सिदार, प्रधान आरक्षक लोमश दीवान, आरक्षक गौतम सिन्हा, धर्मेंद्र ठाकुर, कृष्ण कुमार साबड़े, मुकुंदराम भंडारी, रवि कुमार, राधिका नेताम, ओमप्रकाश साहू, दीपक कुमार का विशेष योगदान रहा।

विष्णु’ के सुदर्शन चक्र का मुकाबला ‘बलराम’ के हल से

0
  •  भाजपा को घेरने की पूरी तैयारी कर ली कांग्रेस ने
  • किसान की खुदकुशी को लेकर साय सरकार पर हमलावर हुआ विपक्ष

अर्जुन झा

जगदलपुर भाजपा को सत्ता में आए अभी चंद दिन ही बीते हैं कि एकमात्र विपक्षी दल कांग्रेस ने साय सरकार को घेरने के लिए फुलप्रूफ तैयारी कर ली है। बस्तर संभाग के एक किसान की आत्महत्या ने कांग्रेस को बैठे बिठाए बड़ा मुद्दा थमा दिया है। देव कृषक बलराम के हल के जरिए भाजपा के विष्णु के सुदर्शन चक्र से मुकाबला करने के लिए आतुर हो उठी है कांग्रेस। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के साथ ही तमाम कांग्रेस नेता भाजपा सरकार पर हमलावर हो उठे हैं। विष्णुदेव साय को चौतरफा घेरने का कांग्रेसी प्लान रेडी है। कांग्रेस की जांच कमेटी गठित हो चुकी है। अब कमेटी के सदस्यों के कुकड़ाझोड़ दौरा और उसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के ग्राम कुकड़ाझोर के निवासी किसान हीरा (हीरु) बढ़ई ने गत दिवस आत्महत्या कर ली थी। कहा जा रहा है कि हीरु कर्ज की वजह से परेशान था। वह अपने बेटे की शादी भी करने वाला था। हीरु की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह कर्ज चुका पाने की स्थिति में नहीं थी। वह सोसाइटी का कर्ज चुकाए या बेटे की शादी करे इस चिंता में घुला जा रहा था। इसी परेशानी के चलते हीरु को आत्मघाती कदम के लिए मजबूर होना पड़ा। हीरु ने आत्महत्या क्या कर ली, कांग्रेस को भाजपा सरकार को घेरने का बड़ा मौका मिल गया। सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने हीरु आत्महत्या प्रकरण को जन मानस के सामने लाया। बैज ने हीरु बढ़ई की आत्महत्या के लिए सीधे तौर पर विष्णुदेव साय सरकार और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। बैज ने मामले की जांच के लिए कांग्रेस की एक उच्च स्तरीय कमेटी भी गठित कर दी है। इस कमेटी के संयोजक बस्तर के वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल को बनाया गया है। कमेटी के सदस्य पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम, नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप और जिला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर के अध्यक्ष रजनू नेताम हैं। कुल मिलाकर यही प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस इस मामले को यूं ही अपने हाथ से फिसलने नहीं देगी और इसे बड़ा मुद्दा बनाकर आक्रामक लड़ाई शुरू करेगी। भाजपा के ‘विष्णु’ के सुदर्शन चक्र का मुकाबला कांग्रेस बलराम (किसान) के हल के दम पर करने वाली है। भले ही नारायणपुर के किसान हीरु ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान कर्ज लिया था और भाजपा को सत्ता सम्हाले चंद दिन ही हुए हैं तथा पूरी सरकार भी गठित नहीं हो पाई है। राजनीति में उतावलापन और जल्दबाजी कभी कभी भारी पड़ जाती है। कांग्रेस शायद उतावली हो उठी है। वैसा ही उतावलापन दिखाते हुए नए नए उप मुख्यमंत्री बने विजय शर्मा ने चुनावों के दौरान अपनी पार्टी भाजपा के घोषणा पत्र का अध्ययन किए बगैर विभिन्न मंचों से ऐलान कर दिया था कि भाजपा की सरकार बनी, तो किसानों के दो लाख रु. तक का कर्ज माफ किया जाएगा। कांग्रेस अब विजय शर्मा के इसी बयान को अपने ढाल की तरह इस्तेमाल कर रही है।

किसानों के लिए पनौती है भाजपा: बैज

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, आदिवासी कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि किसान हीरु बढ़ई की आत्महत्या के लिए भाजपा जिम्मेदार है।  बैज ने कहा कि विजय शर्मा समेत कुछ अन्य भाजपा नेताओं ने विधानसभा चुनावों के दौरान सार्वजनिक मंचों से घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों के दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया जाएगा। राज्य में भाजपा की सरकार बन चुकी है, पहली केबिनेट बैठक भी हो चुकी है। बावजूद किसानों की कर्जमाफी, 3100 रुपए क्विंटल की दर से तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदने के भाजपाई वादे पर कोई कदम अब तक नहीं उठाया गया है। इससे किसान हताश और परेशान हैं। उनमें निराशा घर गई है। हीरु को इसी वजह से खुदकुशी करनी पड़ी। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही छत्तीसगढ़ के किसानों के बुरे दिन आ गए हैं। दीपक बैज ने भाजपा को किसानों और मजदूरों के लिए पनौती निरुपित करते हुए नई दिल्ली के किसान आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों पर मोदी सरकार की हठधर्मिता के कारण पचासों किसानों को जान गंवानी पड़ी थी।छत्तीसगढ़ में तो अभी भाजपा सरकार की शुरुआत भर हुई है और किसान हीरु को आत्महत्या करना पड़ गया।

क्यों दिखाया सब्जबाग : बघेल

बस्तर के वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल ने मृत किसान के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते कहा है कि भाजपा की सरकार बने हफ्ता नहीं गुजरा है और नारायणपुर जिले के ग्राम कुकड़ाझोर के किसान हीरु बढ़ाई को अपने खेत में कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या करना पड़ गया। हीरु की मौत के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताते हुए बघेल ने कहा है कि अपने चुनावी वादे में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता किसानों की कर्जमाफी संबंधी पाम्पलेट बांटते फिर रहे थे। भाजपा नेता अपने चुनावी भाषणों में भी कर्जमाफी का वादा करते रहे। इसकी वीडियो भी प्रमाण के रूप में उपलब्ध है। भाजपा ने किसानों को सब्जबाग दिखाया, उनके साथ छल किया है। इसीलिए किसान आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा पर है। विधायक श्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने 2018 में सत्ता सम्हालते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी पहली कैबिनेट में प्रदेश के 18.82 लाख किसानों के 9, 270 करोड़ रूपए के कृषि ऋण माफ कर दिए थे। वहीं भाजपा कर्जमाफी का झूठ फैलाकर सत्ता पर आसीन हुई है। हीरु बढ़ई के साथ हुई दुखद घटना ने भाजपा के किसान विरोधी चेहरे को बेनकाब कर दिया है। लखेश्वर बघेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से किसानों के साथ खड़ी थी और आगे भी खड़ी रहेगी तथा उन्हें उनका हक दिलाने के लिए बड़ी लड़ाई भी लड़नी पड़ी तो पीछे नहीं हटेगी।

भाजपा ने किसानों को ठगा : चंदन

नारायणपुर के पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष चंदन कश्यप ने भाजपा पर किसानों को ठगने का आरोप लगाया है। चंदन कश्यप ने कहा कि भाजपा कर्जमाफी का झूठे वादे की बदौलत सत्ता में तो आ गई, लेकिन किसानो को सबसे बड़ा धोखा देकर आज खून के आंसू रोने के लिए मजबूर कर रही है। कश्यप ने कहा कि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और नारायणपुर के भाजपा नेताओं ने किसानों और महिला स्व सहायता समूहों के 2 लाख रु. तक की कर्जमाफी का झूठा वादा किया था। चंदन कश्यप ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र मे पहला वादा किया था कि किसानों का धान प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से और 3100 रू. क्विंटल की दर से खरीदेंगे, लेकिन पहले ही कैबिनेट मे मुख्यमंत्री के द्वारा किसानों के हित मे फैसला न ले पाना अत्यंत दुःखद है। पूर्व की हमारी कांग्रेस सरकार ने कभी भी किसानों की आंखों में आंसू नहीं आने दिया। प्रदेश के किसान खुश थे। श्री कश्यप के मुताबिक किसानों का कहना है कि कांग्रेस सरकार किसानों के धान को 2500 रू. की दर से और प्रति एकड़ 20 क्विंटल खरीद रही थी। भाजपा के सरकार मे आते ही प्रति एकड़ 15 से 17 क्विंटल धान खरीदने की बात सामने आ रही है। यह किसानों के साथ सबसे सरासर विश्वासघात है। चंदन कश्यप ने कहा है कि कर्ज के बोझ से परेशान नारायणपुर जिले के कुकड़ाझोर निवासी किसान हीरु बढ़ई की खुदकुशी की जिम्मेदारी प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक केदार कश्यप को लेना ही होगा। चंदन कश्यप ने कहा कि प्रदेश मे अब फिर से वही दौर लौट आया है, किसानों की चीख का शोर लौट आया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मृत किसान के परिवार को न्याय दिलाने और उचित मुआवजा देने की मांग की मांग की है।

शहादत दिवस और कार्यकर्ता सम्मलेन कल

0

दल्लीराजहरा छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा दल्ली राजहरा द्वारा शहीद वीर नारायण सिंह शहादत दिवस कार्यक्रम एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन 19 दिसंबर को दोपहर 2.30 बजे से पुराना बाजार चौक शहीद वीर नारायण सिंह चौक दल्ली राजहरा में किया गया है। मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जनक लाल ठाकुर ने बताया कि शहीद भवन में सुबह 11 बजे से श्रद्धांजलि सभा व सांगठनिक चर्चा होगी। पश्चात छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ कार्यालय से जुलूस निकाला जाएगा, जो शहीद चौक तक जाएगा। ठाकुर ने मोर्चा के समस्त कार्यकर्ताओं, किसानों और आम मजदूरों से भागीदारी की अपील की है।

अर्शीन को दो गोल्ड मेडल

0
  • राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में दिखाया बिटिया ने हुनर

दल्ली राजहरा खनिज नगरी की छात्रा अर्शीन खान ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के एथलेटिक्स में दो स्वर्ण पदक जीतकर दल्ली राजहरा और बालोद का मान बढ़ाया है।

बीएसपी डे बोर्डिंग स्कीम दल्ली राजहरा की उदीयमान खिलाड़ी अर्शीन खान बालोद जिला शिक्षा विभाग में कार्यरत प्रधान पाठिका शहनाज खान की पुत्री हैं। अर्शीन ने दल्ली राजहरा खदान प्रबंधन द्वारा सन,2021 एवं 2022- 23 में आयोजित समर कैंप में प्रशिक्षण लेकर 80 मीटर बाधा दौड़, हर्डल रेस एवं स्प्रिंट दौड़ में शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अर्शीन का चयन 16 से 20 दिसंबर तक लखनऊ में आयोजित अंडर 14 नेशनल स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है और वह लखनऊ पहुंच भी चुकी है। अर्शीन बालोद जिले से नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयनित एकमात्र खिलाड़ी है। निर्मला स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा अर्शीन बीते दो साल से बीएसपी राजहरा माइंस के एथलेटिक्स क्लब में एनआईएस गोल्ड मेडलिस्ट कोच सुदर्शन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही है। अर्शीन को इस उपलब्धि पर राजहरा माइंस समूह के मुख्य महाप्रबंधक आरबी गहरवार, सहायक महाप्रबंधक कार्मिक एमडी रेड्डी, सहायक महाप्रबंधक स्पोर्ट्स एवं इंचार्ज जियोलाजी प्रवीण मराठे, सहायक प्रबंधक कार्मिक डॉ. जेएस बघेल, आरएएमसी के सचिव कुलदीप सिंह, डीएसओ बालोद जिला सपन जेना, निर्मला स्कूल के प्राचार्य, खेल शिक्षक, कोच सुदर्शन कुमार सिंह, सहायक कोच तारासिंह, हंस कुमार, शेषनाथ गुप्ता, राजहरा एथलेटिक्स क्लब परिवार ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

किसान खुदकुशी मामले की जांच करेगी कांग्रेस

0
  •  विधायक लखेश्वर बघेल के संयोजकत्व में कमेटी गठित

जगदलपुर बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के ग्राम कुकड़ाझोर निवासी किसान हीरा बढ़ई द्वारा की गई आत्महत्या की पड़ताल के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी के संयोजक बस्तर के वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल बनाए गए हैं। कमेटी जल्द ही मृत किसान के गांव में जाकर वस्तुस्थिति का पता लगाएगी और मृतक के परिजनों तथा अन्य किसानों से चर्चा कर रिपोर्ट तैयार करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज ने कल ही एक बयान जारी कर हीरा बढ़ई (हीरु) की खुदकुशी के लिए राज्य की भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। श्री बैज का कहना है कि हीरु बढ़ई कर्जभार से लदा था। हीरु को उम्मीद थी कि राज्य की सत्ता में आई भाजपा अन्य किसानों के साथ उसका भी कर्ज माफ करेगी, लेकिन भाजपा सरकार ने इस संबंध में अब तक कोई फैसला नहीं लिया है। इससे हीरु निराशा, हताशा और अवसाद में पड़ गया था। बैज का आरोप है कि भाजपा की वादाखिलाफी से परेशान होकर हीरु ने आत्महत्या की है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने जानकारी दी है कि जांच कमेटी के संयोजक वरिष्ठ विधायक लखेश्वर बघेल बस्तर बनाए गए हैं। कमेटी के सदस्य पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, छ्ग विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष संतराम नेताम, नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप और जिला कांग्रेस कमेटी नारायणपुर के अध्यक्ष रजनू नेताम नामजद किए गए हैं। कमेटी के संयोजक व सदस्यों से से कहा गया है कि वे यथाशीघ्र कुकड़ाझोर जाकर मृतक किसान के परिजनों, गांव के लोगों से चर्चा कर रिपोर्ट जल्द प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजे।

बड़ा मुद्दा बनाएगी कांग्रेस

किसान हीरु बढ़ई आत्महत्या प्रकरण को कांग्रेस बड़ा मुद्दा बना सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का आरोप है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत भाजपा के अन्य बड़े नेता चुनावों के दौरान मंचों से कहते रहे हैं कि भाजपा सत्ता में आएगी तो किसानों के दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ कर दिया जाएगा, किसानों का धान 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर से तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से खरीदा जाएगा। इन वादों पर अमल के लिए भाजपा सरकार ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। हीरु बढ़ई की आत्महत्या की जांच रिपोर्ट कमेटी द्वारा प्रस्तुत की जाने के बाद कांग्रेस राज्य की नई नवेली भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए आंदोलन छेड़ सकती है।

डॉ. महंत नेता प्रतिपक्ष, दीपक बैज पुनः पीसीसी चीफ

0

रायपुर सक्ती के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत को कांग्रेस नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। वहीं दीपक बैज को फिर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नें वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरणदास महंत को नेता प्रतिपक्ष और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रुप में फिर से नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। इस आशय का पत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आज 16 दिसंबर को जारी किया है। डॉ. महंत को नया दायित्व दिए जाने और दीपक बैज को पुनः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गैदू एवं बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने खुशी जाहिर करते हुए डॉ. चरणदास महंत और दीपक बैज को बधाई दी है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के सहचर बने विधायक किरण देव

0
  • बस्तर जिले के करंदोला, जाटम, टेकामेटा एवं अलनार में कार्यक्रम का आयोजन

जगदलपुर केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार 16 दिसंबर को हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रधानमंत्री वर्चुअली देशभर में यात्रा के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से जुड़े और भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा कर उनके घर-परिवार में आई खुशहाली की बधाई दी। श्री मोदी ने विकसित भारत के सपना को साकार करने में निरंतर सहभागिता निभाने कहा। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर से वर्चुअली कार्यक्रम के लिए जिलों से जुड़े और यात्रा के संबंध में वर्चुअल संवाद कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सहभागी बनने पर जोर दिया।

बस्तर जिले में जगदलपुर ब्लॉक के जाटम, बस्तर ब्लॉक के करंदोला, तोकापाल ब्लॉक के टेकामेटा एवं लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के अलनार में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत जाटम में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में विधायक जगदलपुर किरण देव, कलेक्टर विजय दयाराम के., राज्य वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, बस्तर राज परिवार के सदस्य माटी पुजारी एवं छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमलचंद्र भंजदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप और अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प संदेश को सुना। वहीं सभी लोगों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के आव्हान के अनुरूप वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की शपथ ली। इस मौके पर विधायक किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की यह संकल्प यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत तक जाएगी और मोदी सरकार की गारंटी योजना को हर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएगी। आरंभ में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक इस संकल्प यात्रा को पहुंचाने के साथ ही भारत सरकार की योजनाओं से अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित करने पूरी शिद्दत से कार्य किया जाएगा। उन्होंने जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा के सुचारू एवं सफल आयोजन के बारे में विस्तार पूर्वक अवगत कराया। इस दौरान विधायक, कलेक्टर और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 11 दावेदारों को बीमा राशि प्रदान की गई। 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान भारत कार्ड प्रदान किए गए।

दी गई योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाने हेतु आईईसी मोबाइल वैन के जरिए प्रधानमंत्री के संदेश, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा योजनाओं से संबंधित पाम्पलेट, बुकलेट आदि वितरित किए गए और विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी गई। स्कूली बच्चों ने संदेशपरक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। योजनाओं के संबंध में जागरूकता के लिए स्वच्छता, शिक्षा से संबंधित लघु नाटिका की प्रस्तुति स्कूली छात्र- छात्राओं द्वारा दी गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा प्राकृतिक खेती, स्वाईल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी दी गई। अंत में जिला पंचायत के सीईओ प्रकाश सर्वे ने सभी लोगों की व्यापक सहभागिता के प्रति आभार प्रकट किया।

बांग्लादेश मुक्ति युद्ध पर बनी फिल्म का प्रदर्शन

0

जगदलपुर सन 1971 के बांग्लादेश मुक्ति युद्ध की 52वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश को अब तक की सबसे बड़ी सैन्य जीत दिलाने व बांग्लादेश के निर्माण मे दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक योगदान को सामने लाने के लिए बनी फिल्म का प्रदर्शन आज 16 दिसंबर को जगदलपुर के राजीव भवन में किया गया। बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ इस फिल्म को देखा। इस दौरान अब्दुल रशीद, नरेंद्र तिवारी, प्रदीप भारती, ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, अनुराग महतो, असीम सुता, अभिषेक नायडू, अजय बिसाई, रविशंकर तिवारी, सुनील दास, विशाल खंबारी,उपेंद्र बांधे, अभिषेक गुप्ता, नीलम कश्यप, सोनारू नाग, अभिषेक डेविड, आदर्श नायक, सुलो कश्यप, साहिल गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गुरु घासीदास बाबा की शोभायात्रा का स्वागत

0

जगदलपुर जयंती की पूर्व संध्या सतनामी समाज द्वारा निकाली गई गुरु घासीदास बाबा की शोभायात्रा का बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।  मौर्य और अन्य कार्यकर्ताओं ने गुरु बाबा के जयकारे लगाए। इस दौरान नरेंद्र तिवारी, प्रदीप भारती, ज़ाहिद हुसैन, महेश द्विवेदी, अनुराग महतो, असीम सुता, अभिषेक नायडू, उपेंद्र बांधे, अभिषेक गुप्ता, सोनारू नाग, अभिषेक डेविड, आदर्श नायक आदि मौजूद थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS