City Media - Page 581 of 1858 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 581

राशन दुकान, गोदाम से लोगों को होगी सहूलियत : किरण देव सिंह

0
  • राशन दुकान सह गोदाम का विधायक ने किया लोकार्पण
    जगदलपुर शहर के शांति नगर वार्ड में नए बस स्टैंड के पीछे शासकीय राशन दुकान सह गोदाम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव द्वारा किया गया। उद्घाटन के दौरान महापौर सफीरा साहू, निगम कविता साहू साथ विशेष रूप से उपस्थित थीं।
    शांतिनगर में डीएमएफटी मद से राशन दुकान सह गोदाम का निर्माण कराया गया है। इसके उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक किरण देव ने कहा कि राशन दुकान के निर्माण से वार्ड के नागरिकों को काफी सुविधा होगी, राशन लेने में लोगों को परेशानी न हो इसीलिए राशन दुकान सह गोदामों का निर्माण कराया जा रहा है । इस दौरान एमआईसी सदस्य उदय नाथ जेम्स, यशवर्धन राव, विक्रम सिंह डांगी, सुशीला बघेल, सुषमा कश्यप, अनिता नाग, पार्षद आलोक अवस्थी, पंचराज सिंह, आयुक्त हरेश मंडावी, महामंत्री रामाश्रय सिंह, राजेश श्रीवास्तव, मनोहर तिवारी, आरेंद्र आर्य, अधिकारी एवं काफी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

बड़े बेआबरू होकर मंत्री जी के कूचे से निकले बर्खास्त प्रबंधक

0
  • पहुंचे थे बहाली की उम्मीद लेकर, मिल गई फटकार
  • हाईकोर्ट से मिली राहत, बच गए हैं गिरफ्तारी से
  • वनोपज खरीदी के नाम पर 50 लाख से अधिक का गबन
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर वनोपज खरीदी की आड़ में 50 लाख रुपए से अधिक की रकम के गबन के आरोप में बर्खास्त प्रबंधक मंत्रीजी के कूचे पर पहुंचे तो थे बहाली की उम्मीद लेकर। मगर मंत्री ने ऐसी फटकार लगाई कि, उन्हें बेआबरू होकर निकलना पड़ा।
    बस्तर वन मंडल अंतर्गत भानुपरी वन परिक्षेत्र की बनियागांव समिति के प्रबंधक को वनोपज खरीदी के नाम से 50 लाख रू. से अधिक की राशि की गड़बड़ी के आरोप में बर्खास्त किया गया है। पिछले दिनों बर्खास्त प्रबंधक विभागीय मंत्री के निवास पर चरण वंदन और चिरौरी करने पहुंचे थे, मगर मामला उल्टा पड़ गया। मंत्री ने उन्हें जमकर फटकार लगाते हुए मामले की दोबारा जांच कराने की फरमान सुना दिया। मंत्री की फटकार के बाद बर्खास्त प्रबंधक मायूस और बेआबरू होकर लौट गए। आरोप है कि वनोपज समिति बनियागांव के प्रबंधक द्वारा वर्ष 2021-22 में वनोपज खरीदी के नाम पर 50 लाख रू. से भी ज्यादा की रकम की गड़बड़ी की गई थे। इस मामले में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है और वन विभाग द्वारा उनके खिलाफ भानपुरी थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। जांच में गड़बड़ी का आरोप सबित भी हो चुका है। विभाग ने प्रबंधक के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई करते हुए भानपुरी थाने में 18 जुलाई 2023 को एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रबंधक के खिलाफ धारा 420, 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। भानपुरी पुलिस आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार नहीं कर सकी क्योंकि प्रबंधक को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है।

    अधिकारियों से मिला है संरक्षण
    खबर तो यह भी है कि इस मामले में अकेले उक्त प्रबंधक ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों की भी इसमें संलिप्तता रही है।कमीशन के खेल में विभाग के अधिकारियों से प्राप्त संरक्षण के दम पर ही कागजों में फर्जी तरीके से वनोपज की खरीदी दर्शाकर लाखों के वारे न्यारे किए गए हैं। 2021- 2022 में बनियागांव समिति द्वारा साल बीज, हर्रा, बहेड़ा, काजू की खरीदी में घालमेल किया गया है। वर्ष 2022 में समिति द्वारा साल बीज की खरीदी ही नहीं की गई थी और शहर के एक कोल्ड स्टोरेज में साल बीज भंडारित करने की झूठी दस्तावेजी जानकारी विभाग को दी गई है। वन विभाग भी अपनी गलतियों पर पर्दा डालने कोल्ड स्टोरेज में पहले से भंडारित साल बीज को विभागीय खरीदी का बताया गया है। वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने राजधानी में बैठे विभागीय उच्च अधिकारियों को झूठी जानकारी देकर गुमराह किया है।

    प्रदेश में सरकार बदलते ही बर्खास्त प्रबंधक अपनी बहाली की उम्मीद लेकर बीते दिनों वन मंत्री के निवास पर मंत्री जी की चरण वंदना करने पहुंचे थे। बर्खास्त प्रबंधक को भरोसा था कि मंत्री जी उन्हें संकट से उबार लेंगे, मगर प्रबंधक को यह दांव उल्टा पड़ गया। मंत्री ने बर्खास्त प्रबंधक को जमकर फटकार लगाते हुए यहां तक कह दिया कि तुमने गरीबों का शोषण किया है, उनके हक पर डाका डाला है, तुम कतई माफी के काबिल नहीं हो। फटकार सुनते ही प्रबंधक उल्टे पांव लौट गए।

तो हसदेव अरण्य की चिंता क्यों नहीं करती भाजपा : जावेद खान

0
  •  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव के बयान को लपक लिया कांग्रेस ने

जगदलपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बस्तर संभागीय प्रभारी प्रवक्ता जावेद खान ने जगदलपुर विधायक एवं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव द्वारा वन संरक्षण एवं वनोपज आधारित आजीविका संवर्धन हेतु संयुक्त वन प्रबंधन समितियों की कार्यशाला में दिए गए बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि भाजपा सरकार हसदेव अरण्य की चिंता क्यों नहीं करती?
कार्यशाला में किरण देव ने कहा था कि मनुष्य के जीवन में वनों का विशेष महत्व है, हमें वनों की रक्षा करनी चाहिए। जावेद खान ने कहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की यह सोच बेहद सराहनीय है। यह पर्यावरण के प्रति सकारात्मक और प्रकृति प्रेम वाली सोच को दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर प्रदेश की भाजपा सरकार के संरक्षण में कोल माइनिंग के नाम पर हसदेव के जंगलों को उजाड़ा जा रहा है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मूकदर्शक बने बैठे हैं। कांग्रेस नेता जावेद खान ने कहा है कि हसदेव के वनों की रक्षा करने आगे आने वालों को नजरबंद कर वनों की कटाई की जा रही है। ऐसे में क्यों किरण देव हसदेव के वनों की रक्षा करने आगे नहीं आ रहे हैं, क्यों मोदी सरकार को हसदेव के वनों को काटने से रोक नहीं रहे हैं, ऐसी कौन सी शक्ति उन्हें वनों की रक्षा करने से रोक रही है? यह बात वो जनता के सामने स्पष्ट करें। जबकि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकारें हैं एवं किरण देव स्वयं छत्तीसगढ़ भाजपा के नेतृत्वकर्ता हैं।जावेद ने कहा है यदि किरण देव की कथनी और करनी में अंतर नहीं है, तो तत्काल प्रदेश की जनता की भावनाओं, आदिवासियों के जल जंगल और जमीन के हित और वहां के आदिवासियों द्वारा किए जा रहे संघर्ष को देखते हुए हसदेव के वनों की कटाई पर रोक लगवाएं एवं मनुष्य के जीवन में वनों का विशेष महत्व वाले बयान को सार्थक कर दिखाएं।

बीमा कंपनी देगी 11 लाख की क्षतिपूर्ति और भरेगी 20 हज़ार रु. जुर्माना

0
  •  जगदलपुर जिला उपभोक्ता आयोग ने सुनाया फैसला

जगदलपुर। जिला उपभोक्ता आयोग जगदलपुर ने बुधवार को एक प्रकरण में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी को 11 लाख रुपए की क्षतिपूर्ति और 20 हज़ार रु का जुर्माना आवेदक को अदा करने का आदेश पारित किया।
प्रकरण के संक्षिप्त तथ्य इस प्रकार हैं कि जगदलपुर निवासी अशोक लूनिया ने अपनी एक हाइड्रोलिक एक्सावेटर मशीन का बीमा यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस बीमा कंपनी से करवाया था। उक्त मशीन बड़े बचेली क्षेत्र में कार्य के दौरान नक्सलियों द्वारा की गई आगजनी में जल गई थी। इस संबंध में आवेदक द्वारा बीमा कंपनी के समक्ष क्षतिपूर्ति दावा के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिस पर बीमा कंपनी ने आवेदक को उक्त मशीन का स्वामी ना होने एवं बीमा कंपनी को अंधेरे में रखकर बीमा करवाए जाने का आक्षेप लेते हुए दावा निरस्त कर दिया था। इससे क्षुब्ध होकर आवेदक ने जिला उपभोक्ता आयोग के समक्ष शिकायत पेश की थी। इस पर सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता आयोग ने माना है कि बीमा कंपनी द्वारा आवेदक से प्रीमियम की राशि प्राप्त कर मशीन का बीमा किया गया था। मशीन में हुई आगजनी की घटना बीमा अवधि के अंतर्गत है। बीमा कंपनी द्वारा आवेदक का क्षति दावा निरस्त कर सेवा में कमी एवं व्याव्सायिक कदाचरण किया गया है। इस हेतु बीमा कंपनी को 20 हज़ार रु के अर्थ दंड से भी दंडित किया गया है।जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष सुजाता जसवाल सदस्य आलोक कुमार दुबे और सीमा गोलछा की संयुक्त खंडपीठ द्वारा उक्ताशय का आदेश जारी किया गया है।

न राहत, न रियायत, जन अपेक्षा के विपरीत है बजट : दीपक बैज

0
  •  बेलगाम महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता से निपटने कोई रोडमैप नहीं

जगदलपुर केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा है कि पिछले 9 सालों की तरह इस साल का चुनावी बजट भी पूरी तरह से झूठे सपने, जुमले और झांसे का बजट साबित हुआ है। आम जनता को कोई राहत या वस्तावित रियायत नहीं दी गई है। फिर भी राजकोषीय घाटा अनियंत्रित है। मोदी 2.0 का यह अंतिम बजट देश की अर्थव्यवस्था को गर्त में ले जाने वाला बजट है। आयकर की दरों में राहत नहीं मिलने से मध्यम वर्ग भी निराश हुआ है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा है कि पुरानी झूठ को एक बार फिर से परोसा गया है कि 7 लाख तक आयकर में छूट रहेगी। जबकि हकीकत यह है कि पिछले बजट में ही नए टैक्स रिजीम के तहत केवल 7 लाख के भीतर आय वालों को टैक्स में छूट दी गई ना की बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट बढ़ाई गई है। नए टैक्स रिजिम में किसी भी तरह की कटौती का प्रावधान नहीं है। असलियत यह है कि आयकर के लिए बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट आज भी ढाई लाख ही है।पिछले 10 साल से 1 रूपए भी नहीं बढ़ाया गया है। बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट और टैक्स रिबेट में अंतर है। टैक्स रिबेट का लाभ लिमिट क्रॉस होने पर खत्म हो जाता है। जबकि बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट बढ़ाने का लाभ प्रत्येक करदाता को मिलता। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में जन कल्याणकारी योजनाएं नहीं हैं। खाद सब्सिडी, खाद्य सब्सिडी, मनरेगा, एमएसपी की गारंटी, स्वामीनाथन कमेटी के अनुसार एमएसपी और सामाजिक सुरक्षा के मद में कोई विशेष प्रावधान नहीं है। अंतरिम बजट आगामी 3 माह के लिए है, लेकिन लफ्फाजी आने वाले 5 सालों के लिए। कहा गया है कि आगामी 5 वर्षों में 2 करोड़ घर बनाकर देंगे। मंहगाई, बेरोजगारी और बढ़ती आर्थिक असमानता से निपटने का कोई रोड मैप नहीं है। श्री बैज ने कहा है कि मोदी सरकार में आम जनता का खून चूस कर 10 साल में टैक्स कलेक्शन 3 गुना बढ़ गया है। डीजल पर सेंट्रल एक्साइज 2014 में मात्र 3 रूपए 54 पैसा प्रति लीटर था, जो वर्तमान में 19 रुपए 90 पैसा है, अर्थात लगभग 6 गुना अधिक। मोदी सरकार ने सिर्फ पेट्रोलियम उत्पाद से ही विगत 9 साल में 36 लाख करोड़ से अधिक की डकैती आम जनता की जेब पर की है। 30 बड़े सार्वजनिक उपक्रम बेच दिए फिर भी देश पर कर्जभार 54 लाख करोड़ से बढ़कर 105 लाख करोड़ हो गया। इस बजट में डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सिलेंडर पर कोई राहत देने का इरादा मोदी सरकार का नहीं है।

अहिंसा उत्सव सप्ताह के समापन पर सम्मान समारोह का आयोजन

0
  • नगर निगम की स्वच्छता दीदियों को किया सम्मानित
    जगदलपुर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसावादी सिद्धांतों को जन- जन तक पहुंचाने छः वर्षों से महाराष्ट्र के वर्धा स्थित सेवाग्राम आश्रम में ‘अहिंसा के रास्ते’ सामाजिक शिविर का आयोजन जारी है। शिविर के 6 वर्ष पूर्ण होने पर सर्वोदय नेतृत्व संगम द्वारा देश भर में अहिंसा उत्सव सप्ताह का आयोजन 25 से 31 जनवरी तक किया गया। इसके तहत विभिन्न रचनात्मक कार्य किए गए। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में भी अहिंसा उत्सव सप्ताह का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर के सानिध्य में सर्वोदय नेतृत्व संगम, युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई द्वारा किया गया।
    अहिंसा उत्सव सप्ताह के संभागीय संयोजक सर्वोदय नेतृत्व संगम सदस्य जावेद खान ने बताया कि आज भी हम ऊंच नीच, जाति धर्म, नफरत और हिंसा से ग्रसित हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को और उनकी अहिंसा, न्याय, जातिगत समानता, सामाजिक न्याय तथा महान भारत की परिकल्पना को हम भूलें नहीं और और उनका अनुसरण करते रहें। इसी उद्देश्य से वर्धा सेवाग्राम गांधी आश्रम में अहिंसा के रास्ते सामाजिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

 

शिविर के छः वर्ष पूर्ण होने पर 20 राज्यों में 110 सर्वोदय नेतृत्व संगम सदस्यों और युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई के सहयोग से अहिंसा उत्सव सप्ताह का आयोजन 25 से 31 जनवरी तक किया गया। 25 जनवरी को मैराथन दौड़, 26 को तिरंगा पदयात्रा 27 से 30 जनवरी तक स्कूली बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता, 28 जनवरी विचार गोष्ठी 29 एवं 30 जनवरी को चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आज 1 फरवरी को अहिंसा उत्सव सप्ताह का समापन एवं सम्मान समारोह राजीव भवन में महापौर सफीरा साहू के मुख्य आतिथ्य व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।समारोह में नगर निगम की स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय धरमपुरा की छात्रा पायल कुमावत, द्वितीय हायर सेकंडरी स्कूल करितगांव की छात्रा करिश्मा रावणा, तृतीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बीजापुर की छात्रा किश्वार फातिमा तथा चतुर्थ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय धरमपुरा की छात्रा प्राप्ति ठाकुर ने प्राप्त किया। इन्हें क्रमशः 21 सौ रू, 16 सौ रू, 11सौ रू. तथा 500 रुपए पुरस्कार स्वरूप भेंट किए गए।सभी आयोजन में भाग लेने वाले उत्कृष्ट छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने अहिंसा उत्सव सप्ताह के सफल संचालन के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि आज महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलने की सख्त जरूरत है। एक ओर जनता के अंदर नफरत परोसी जा रही है। ऐसे में महात्मा गांधी के अहिंसा के रास्ते पर चलने के लिए देश के युवाओं को प्रेरित करना आवश्यक है।इसे सर्वोदय नेतृत्व संगम अहिंसा के रास्ते के माध्यम से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह के आयोजनों में आगे आने प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पार्षद यशवर्धन राव, वरिष्ठ कांग्रेसी सतपाल शर्मा, अंगत प्रसाद त्रिपाठी, एनएसयूआई ग्रामीण जिला अध्यक्ष नीलम कश्यप, शहर जिला अध्यक्ष विशाल खंबारी, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जाहिर हुसैन, कोषाध्यक्ष असीम सुता, अल्ताफ उल्लाह खान, रंजीत सिंह बख्शी, पार्षद अंजना नाग, पार्षद सुशीला बघेल, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव सायमा अशरफ, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह, जिला उपाध्यक्ष संदीप दास, सोशल मीडिया सांसद सह प्रतिनिधि सादाब खान, एनएसयूआई प्रवक्ता उस्मान रज़ा, छात्र नेता अंकित सिंह, कांग्रेस नेत्री अपर्णा वाजपेयी, शहनाज़ बेगम, माही श्रीवास्तव, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, कांग्रेस नेता तथा युवा कांग्रेस, एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

चचेरे भाई ने की 10 वर्ष के बालक की हत्या

0
  • ग्राम चीचा में 10 वर्ष के बच्चे का अंधा कत्ल का हुआ खुलासा
  •  बालोद विशेष टीम व थाना अर्जुन्दा पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्डर के आरोपी को धर दबोचा।

अर्जुन्दा अधीक्षक महोदय  जितेन्द्र कुमार यादव के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक के निर्देशन एंव अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गुण्डरदेही श्रीमति गीता वाधवानी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अर्जुन्दा द्वारा टीम गठित कर थाना अर्जुन्दा क्षेत्र के ग्राम चीचा में 10 वर्ष के बच्चे के साथ हुए मर्डर केश को सुलझाया।

मृतक बालक 10 वर्ष निवासी ग्राम चीचा जो कक्षा 04थीं में ग्राम चीचा प्राथमिक स्कुल में पढाई करता था जो घटना दिनांक 31.01.2024 को सुबह अपना बस्ता लेकर स्कुल गया हुआ था कि दोपहर करीबन 13.45 बजे मध्यान भोजन करने के बाद मृतक बालक अपने मित्र के साथ गौठान तालाब पार में शौच करने गया था शौच करने के बाद उसका मित्र वापस स्कूल चला गया मृतक बालक तालाब पार में ही था उसी समय मामले के विधी से संघ्र्षरत बालक उम्र 13 वर्ष जो मृतक का रिश्ते में चचेरा भाई लगता है एवं मृतक बालक के बीच मामूली बात पर आपस में गाली गलौच हुआ जिससे विधी से संघ्र्षरत बालक आक्रेाश् में आकर पास में पडे. बोलडर उसे उठाकर मृतक बालक को मारने दौडाया तो मृतक बालक बचने के लिए गौठान में जाली तार को कूद कर बन रहे नये मकान के कोटना में जाकर छीप गया रहा विधी से संघ्र्षरत बालक ढुडता हुआ हाथ में पत्थर लिय छुपे बालक के सिर पर मारने से बेहोश हो गया फिर वहीं पडे लोहे के राड से मृतक बालक के गले में मारा जिससे राड मृतक बालक के गले के आर-पार हो गया और वहीं पडा हुआ सीमेंट की बोरी मृतक बालक के उपर ढक दिया फिर तालाब पार के रास्ते से भाग गया आज दिनांक 01-02-2024 को संदेही से पुछताछ करने पर विधी से संघ्र्षरत बालक द्वारा अपने चचेरे भाई को मारना स्वीकार किये जाने पर अभिरक्षा में लिया गया जाकर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अर्जुन्दा मनीष शेन्डे, थाना प्रभारी रनचिराई इंदिरा वैष्णव, सायबर सेल प्रभारी जोगेन्द्रर साहू,सउनि कमलेश साहू, नारदराम ठाकुर, प्रआर ईश्वरी कुमार साहू, नागेन्द्रपाल कांगे, भुवनेश्वर मरकाम, योगेश सिन्हा, आरक्षक बलदेव महावीर, मनोज धनकर, भूपत दास, लेखराम मारकण्डे, राहुल मनहरे, आकाश सोनी, संदीप यादव का महत्तवपूर्ण योगदान रहा।

ये तो भर्राशाही और अफसरशाही की हद है

0
  •  पदस्थापना वाली जगह से 130 दूर का दे दिया दायित्व
  • कोंटा ब्लॉक में शासन के आदेश की खुली अवहेलना
    -अर्जुन झा-
    जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिला अंतर्गत विकासखंड कोंटा में समग्र शिक्षा रायपुर के आदेश की खुली अवहेलना की जा रही है। इसी कड़ी में सीएसी पद हेतु अपात्र लोगों को पात्र साबित करते हुए 120 से 130 किमी दूर के केंद्रों का दायित्व सौंपा गया है। कोंटा विकासखंड से सीएसी की जो सूची हमें मिली है, उसके अनुसार वर्तमान में बनाए गए सीएसी के नए दायित्व वाले केंद्र की उनकी मूल संस्था से दूरी को देखने से पता चलता है कि वहां किस कदर भर्राशाही और अफसरशाही चल रही है।
    सीएसी की जारी सूची के अनुसार डीपी देवांगन का मूल पदस्थापना संस्था माध्यमिक शाला किस्टाराम है।वे गोल्लपल्ली के सीएसी के रूप में कार्यरत हैं। प्राथमिक शाला जोनागुड़ा के शिक्षक शत्रुघन कोसमा को संकुल सीएसी सिलगेर बनाया गया है। नियमो के विपरीत इनकी मूल संस्था से इन केंद्रों की दूरी 120 से 130 किलोमीटर है। इसी तरह बी. उमा महेश्वर रेड्डी की मूल पदस्थापना संस्था प्राथमिक शाला केरलापेंद्रा है है और उन्हें सीएसी किस्टाराम का दायित्व दिया गया है।इनकी मूल संस्था से संकुल की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है। जगमोहन की मूल पदस्थापना संस्था माध्यमिक शाला दोरनापाल है।

उन्हें संकुल सीएसी कोंटा -2 बनाया गया है। दोरनापाल से संकुल केंद्र की दूरी लगभग 42 मिलोमीटर है। यह भी नियमों के विपरीत है। इंजरम संकुल के सीएसी भानुप्रताप सिंह चौहान की मूल पदस्थापना संस्था माध्यमिक शाला वीरापुरम है। इनकी मूल संस्था से संकुल केंद्र की दूरी लगभग 90 मिलोमीटर है। घनश्याम सिंह चौहान की मूल संस्था पोटा केबिन चिंतागुफा है। उन्हें गोरखा संकुल का सीएसी बनाया गया है। गोरखा से मूल संस्था की दूरी लगभग 80 मिलोमीटर है। यह नियम के विपरीत है। शंकर मरकाम की मूल संस्था प्राथमिक शाला मंगलगुड़ा है और उन्हें संकुल सीएसी दुब्बाकोटा बनाया गया है। उनकी मूल संस्था से संकुल की दूरी लगभग 55 किमी है। एम. परमेश की मूल संस्था पोटा केबिन कोंटा है। उन्हें संकुल सीएसी दोरनापाल बनाया गया है। इन दोनों स्थानों की दूरी परस्पर लगभग 42 किलोमीटर है। कालिका प्रसाद सीएसी पेदाकुरती की मूल संस्था माध्यमिक शाला दुब्बाकोटा है। पेदाकुरती से दुब्बाकोटा की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है। यह पदांकन भी नियम के विपरीत है। सधुराम नाग की मूल संस्था प्राथमिक शाला पालामड़गू है और उन्हें सीएसी जगरगुड़ा बनाया गया है। शाला से संकुल की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है। इन सबके बावजूद संकुलों के वर्तमान सीएसी नियमों के विपरीत अपने – अपने स्तर पर जुगाड़ लगाकर पद हासिल किए हुए हैं और कई सीएसी विगत 10 से 20 वर्षों से सीएसी पद पर कार्यरत हैं। यह भी भर्राशाही की एक मिसाल है।


मात्राओं का भी नहीं है ज्ञान
सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड में कई सीएसी तो ऐसे भी हैं, जिन्हे ईमला लिखने तक नहीं आता और मात्राओं का भी ज्ञान उन्हें नहीं है। ऐसे में उन्हें किस प्रकार से सीएसी के पद पर नियुक्ति मिल गई है, यह एक गंभीर विषय है। कुल मिलाकर कोंटा विकासखंड में सभी सीएसी की नियुक्ति शासन के नियमों के विपरीत हुई है। सूची के अध्ययन से साफ जाहिर हो जाता है कि सीएसी नियुक्ति में लेनदेन का बड़ा खेल हुआ है। इस मामले की जांच की मांग उठ रही है। अगर ईमानदारी से और निष्पक्ष जांच की गई तो कई चेहरे बेनकाब हो जाएंगे।

चहुमुखी विकास के लिए संकल्पित है भाजपा सरकार : किरणदेव

0
  • शहर में लाखों के विकास कार्यों का विधायक किरण देव ने किया भूमिपूजन
    जगदलपुर शहर के पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में लाखों के विकास कार्यों का विधायक किरण देव ने भूमिपूजन किया। भूमिपूजन के दौरान महापौर सफीरा साहू, निगम अध्यक्ष कविता साहू, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी भी उपस्थित थे।
    पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में लाल साहू से पांडे घर तक, बस्तर डीजल से चित्रकोट रोड तक, गुप्ता गली के सामने से मुर्शिद निवास तक बीटी रिनोवेशन कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं शहीद गुंडाधुर पार्क के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। जिसकी कुल लागत 65 लाख रुपए है। भूमि पूजन के दौरान विधायक किरण देव ने कहा कि शहर के विकास में राशि की कमी नहीं होगी। विकास कार्य लगातार कराए जाएंगे। जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना हमारा कर्तव्य है। किरण देव ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के जनता के प्रति वचनबद्ध है।जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचेगी। भूमिपूजन किए गए सारे कार्य तय सीमा में और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए। हमारी सरकार और हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश एवं शहर का चहुमुखी विकास होगा। महापौर सफीरा साहू ने भी अपनी बात रखी। इस दौरान एमआईसी सदस्य यशवर्धन राव, सुशीला बघेल, सुषमा कश्यप, अनिता नाग, पार्षद सविता गुप्ता, राजपाल कसेर,भारती श्रीवास्तव, त्रिवेणी रंधारी, नीलम यादव, खेमसिंह देवांगन, दिगंबर राव, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, महामंत्री भाजपा रामाश्रय सिंह, मनोहर दत्त तिवारी, आरेंद्र सिंह, राजेश श्रीवास्तव, अनिल लुककड व काफी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। मंच संचालन सुरेश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के अंत में पार्षद की नेतृत्व में वार्डवासियों ने विधायक किरण देव का अभिनंदन करते हुए उन्हें वार्ड के विकास की मांग का पत्र सौंपा।

बिना शासकीय आदेश और योग्यता के लेखपाल को बना दिया सीएमओ

0
  •  कोंटा नगर पंचायत के पूर्व लेखापाल ने फर्जी ढंग से पाई सीएमओ पद पर पदोन्नति
  • लेखापाल की नियुक्ति से लेकर पदोन्नति तक घालमेल

अर्जुन झा

जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड फर्जीवाड़ा एवं कागजों पर विकास कार्य कराने, निर्माण कार्यों में अफसरों की कमीशनखोरी के लिए हमेशा सुर्खियों में रहता आया है। हद तो तब हो गई, जब एक लेखपाल को शासन के नियमों और प्रावधानों के विपरीत जाकर सीधे नगर पंचायत का सीएमओ बना दिया गया।

नियम विरुद्ध पदोन्नति का यह मामला मामला कोंटा नगर पंचायत का है। नगर पंचायत में पूर्व में पदस्थ रहे लेखापाल नत्थूराम सोरी को बिना किसी योग्यता और शासकीय आदेश के सीधे नगर पंचायत का सीएमओ बना दिया गया। सुकमा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा कराई गई जांच में इस गफलतबाजी का खुलासा हुआ है। जिला पंचायत सुकमा के सीईओ द्वारा गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट में पाया गया है कि कोंटा नगर पंचायत के पूर्व लेखापाल को गलत तरीके से पदोन्नत कर कोंटा नगर पंचायत का ही सीएमओ बना दिया गया था। सोरी वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले की बचेली नगर पंचायत में सीएमओ के पद पर पदस्थ हैं। अग्रिम कार्रवाई की अनुशंसा के साथ जांच रिपोर्ट बस्तर कमिश्नर को भेजी गई है। इसकी प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संयुक्त संचालक को भी भेजी गई है। ज्ञात हो कि कोंटा नगर पंचायत में पूर्व में पदस्थ रहे लेखपाल व सीएमओ श्री सोरी की पदोन्नति को लेकर भाजपा नेता लगातार आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की करते आ रहे हैं। अब सत्ता परिवर्तन के बाद मामले का जिन्न बोतल से फिर बाहर आ गया है। बिना योग्यता, अर्हता और शासकीय आदेश के सन 2018-19 में पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल के दौरान कोंटा नगर पंचायत के लेखापाल नत्थूराम सोरी को पदोन्नत कर कोंटा नगर पंचायत का ही सीएमओ बना दिया गया था। इस नगर पंचायत में कई वर्षों तक पदस्थ रहने के बाद सन 2022 में नत्थूलाल सोरी का तबादला सुकमा नगर पंचायत में किया गया था। सुकमा नगर पंचायत में कुछ माह तक रहने के बाद वहां से उनका तबादला दंतेवाड़ा जिले की बचेली नगर पंचायत में कर दिया गया। वे वर्तमान में नगर पंचायत बचेली में सीएमओ के पद पर कार्यरत हैं।

जांच में उजागर हुआ फर्जीवाड़ा

कोंटा के नेताओं ने नगर पंचायत कोंटा के लेखपाल को सीएमओ पद पर पदोन्नत किए जाने को लेकर सुकमा के कलेक्टर एवं संयुक्त संचालक नगरीय निकाय को शिकायत पत्र भेजा था। सुकमा कलेक्टर के आदेशानुसार मामले की जांच कराई गई थी। जिला पंचायत सुकमा के लेखा अधिकारी प्रशांत प्रधान, समन्वयक शिकायत निवारण मनरेगा शाखा ओंकार साहू एसं अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर से जांच रिपोर्ट अधिकारी को एक माह पूर्व ही सौपी जा चुकी है। रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि लेखापाल को गलत तरीके से सीएमओ के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के लिए छग शासन की ओर से कोई आदेशा जारी ही नहीं किया गया है। पदोन्नति नियम विरूद्ध की गई है। *बॉक्स*

नियुक्ति से पदोन्नति तक घालमेल

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 24 फरवरी 2012 -13 को हुई जिला चयन समिति की बैठक में की गई अनुशंसा पर 7 मार्च 2013 -14 नगर पंचायत कोंटा के अध्यक्ष के प्रस्ताव क्रमांक 3 में पारित आदेशानुसार नत्थूलाल सोरी को लेखापाल पद पर दो वर्ष की परीविक्षाधीन अवधि के लिए नियुक्त किया गया था। कुछ वर्ष बाद ही वे अफसरों एवं नेताओं से सांठगांठ कर और अच्छा खासा चढ़ावा देकर खुद को फर्जी ढंग से पदोन्नत कराने में कामयाब हो गए। इसके बाद श्री सोरी कई वर्षों तक कोंटा नगर पंचायत में सीएमओ के पद पर पदस्थ रहे। इस दौरान उन्होंने बड़े ही गोपनीय तरीके से टेंडर निकाल कर अपने चहेते ठेकेदारों को लाखों- करोड़ों के कार्य आवंटित करने में और कमीशन के खेल में लगे रहे। हाल ही में 2 करोड़ की टेंडर प्रक्रिया को निरस्त करते हुए दुबारा टेंडर बुलाने का निर्देश सुकमा कलेक्टर द्वारा जारी किया जा गया है।

कार्रवाई के लिए कमिश्नर को पत्र

गलत तरीके से पदोन्नति का खुलासा जांच में होने के बाद सुकमा कलेक्टर ने आगे की कार्रवाई के लिए बस्तर संभाग के कमिश्नर को पत्र भेजा है। अनुशंसा पत्र की प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संयुक्त संचालक को भी भेजी जाने की खबर है। नत्थूलाल सोरी वर्तमान में बचेली नगर निगम में सीएमओ के पद पर पदस्थ हैं।

MOST POPULAR

HOT NEWS