City Media - Page 747 of 1862 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 747

खाना पीना भूल जनसेवा में जुटे रहते हैं संसदीय सचिव रेखचंद

0
  • ग्रामीणों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं विधायक जैन
  • दौरे पर न रहने की स्थिति में कार्यालय में बैठ सुनते हैं फरियाद

जगदलपुर संसदीय सचिव व जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं। ज्यादातर वे क्षेत्र के दौरे पर रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का निदान करते हैं। जिस दिन श्री जैन दौरे पर नहीं रहते उस दिन उनका सारा समय कार्यालय में बैठकर ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं का समाधान करते गुजरता है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। श्री जैन शाम तक अपने कार्यालय में बैठकर अपने निर्वाचन क्षेत्र के गांवों की समस्याओं का समाधान करते रहे। बुधवार को रेखचंद जैन किसी ग्रामीण की समस्या को लेकर अधिकारियों को फोन करते, तो किसी के लिए अधीनस्थ स्टाफ को आवश्यक निर्देश देकर पत्र लिखवाते रहे। किसी को हाथों – हाथ पत्र दिया तो किसी का पत्र संबंधित विभाग के कार्यालय में भिजवाया। आमतौर पर जब भी दौरे पर नहीं होते हैं, विधायक रेखचंद जैन की दिनचर्या ऐसी ही रहती है।

उनकी सेवा भावना तब देखते ही बनती है। जनता के प्रति ऐसा समर्पण भाव कि विधायक जैन खाना पीना तक भूल जाते हैं। यही वजह है कि क्षेत्र के ग्रामीण उन्हें अपनी पलकों पर बिठाए रखने बेताब रहते हैं। बुधवार को जैन ने सबसे पहले आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त को फोन कर कुछ बच्चों के छात्रावास में रहने की व्यवस्था करवाई। तत्पश्चात सीएसईबी के अधिकारी को फोन कर विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया प्रारंभ करवाया। मितानिनों की समस्या सुनने के बाद उनकी तीन माह की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र भेजा। शहर के एक निजी विद्यालय में अध्ययनरत छात्र के शिक्षण शुल्क को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा। कुछ युवा खेल सामग्री की मांग लेकर पहुंचे थे। संबंधित पंचायत के माध्यम से व्यवस्था करवाने विधायक जैन ने उन्हें संतोषजनक जवाब देकर संतुष्ट किया। कुछ लोगों ने अपनी व्यक्तिगत व पारिवारिक समस्याओं को लेकर फरियाद की, जिनका समुचित समाधान जैन द्वारा किया गया। दोपहर से शाम तक की अवधि में समय निकालकर वे केंद्रीय सहकारी बैंक मर्यादित के प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम तथा सिटी मैदान में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता का उदघाटन करने भी पंहुचे। इस दौरान वे अपने कार्यालय स्टाफ को यह निर्देश देने से भी नहीं चूके कि किसी भी आगंतुक को बैरंग न लौटने दें। उन्हें कार्यालय में सम्मान के साथ बिठाएं, उनकी समस्याएं और मांगें सुनें और रजिस्टर में नोट करें एवं उनसे आवेदन लें।

विवेक ढांड ने की राज्यपाल हरिचंदन से मुलाकात

0

रायपुर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से गुरुवार को राजभवन में राज्य नवाचार आयोग के अध्यक्ष विवेक ढांड ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने आयोग की गतिविधियों के संबंध में राज्यपाल को जानकारी दी और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया। राज्यपाल ने ढांड से कहा कि नवाचार आयोग का गठन एक अच्छी पहल है। आम जनता का जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए नवाचार के माध्यम से जनहितकारी योजनाएं बनाई जाएं।

सीधी पेशाब कांड से चुनाव में भाजपा का हिसाब करेगी कांग्रेस

0
  • तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में मुद्दा बनेगी यह अमानवीय घटना
  • अभा कांग्रेस कमेटी की आदिवासी विंग देशभर में करेगी आंदोलन

अर्जुन झा

जगदलपुर सीधी का पेशाब कांड भाजपा के लिए गले की हड्डी बन गया है। पेशाब कांड के जरिए कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा का हिसाब चुकता करने जा रही है। यह अमानवीय घटना कांग्रेस के लिए बड़ा चुनावी मुद्दा बनने वाली है और भाजपा को भारी राजनैतिक क्षति पहुंचा सकती है। आदिवासी कांग्रेस इस घटना को जोर शोर से उठाते हुए देशभर में आंदोलन करने जा रही है। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में सड़क किनारे बैठे एक आदिवासी युवक पर भाजपा के एक युवा नेता द्वारा सरेआम पेशाब किए जाने की शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। हर किसी के मन में घृणा भर देने वाली यह घटना सोशल मीडिया पर तो जमकर वायरल हुई ही, तमाम न्यूज चैनलों ने भी इस अमानवीय कृत्य का प्रसारण कर भाजपा और उसके बेशर्म कार्यकर्त्ता की करतूत को जनमानस तक पहुंचाया। दिल को झकझोरने वाली और भाजपा कार्यकर्त्ता की विकृत मानसिकता को उजागर करने वाली इस घटना ने देश के हर समुदाय, हर व्यक्ति को हिलाकर रख दिया है। अभा कांग्रेस कमेटी की आदिवासी विंग ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। आदिवासी कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बस्तर के जागरूक कांग्रेस सांसद दीपक बैज ने सबसे पहले इस घटना पर नाराजगी जताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी थी। बैज ने कहा था कि भाजपा हमेशा आदिवासियों पर अत्याचार और उनका अपमान करती आई है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के शासनकाल के दौरान बस्तर में नक्सलियों के नाम पर आदिवासियों का फर्जी एनकाउंटर किया जाता रहा। बस्तर संभाग के ताड़मेटला में सैकड़ों निरीह आदिवासियों के घर जला दिए गए। अब मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर भाजपा नेता ने पेशाब करके समूचे आदिवासी समुदाय को अपमानित करने का दुस्साहस कर दिया है। इस घटना पर देश के आदिवासी भाजपा को हरगिज माफ नहीं करेंगे। सांसद दीपक बैज का यह बयान आने के तुरंत बाद नई दिल्ली में अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस का महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बस्तर सांसद एवं आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल हुए। बैज ने बैठक में पेशाब कांड का मुद्दा उठाया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय कार्यालय में हुई इस बैठक में आदिवासी कांग्रेस व लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन (एलडीएम) व आदिवासी कांग्रेस को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान बस्तर के युवा सांसद व अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक बैज ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी युवक के साथ हुए पेशाब कांड का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सीधी की यह घटना एक अकेले आदिवासी युवक का ही अपमान नहीं है, बल्कि समूचे आदिवासी समुदाय का अपमान है। श्री बैज ने देश के सभी राज्यों में मामले को गंभीरता से उठाने और आदिवासी समुदाय को भाजपा से आगाह करने का सुझाव दिया।। श्री बैस का सुझाव तुरंत मान लिया गया और फिर आदिवासी कांग्रेस की कार्यकारिणी ने आदिवासी कांग्रेस के सभी प्रदेश अध्यक्षों को सीधी की घटना को लेकर पूरे देश में धरना प्रदर्शन करने का निर्देश भी जारी कर दिया। अब पूरे देशभर में आदिवासी कांग्रेस हर शहर, हर कस्बे और जिला मुख्यालयों में आंदोलन कर आदिवासी समाज को भाजपा के लोगों के चाल और चरित्र से अवगत कराएगी।

अब लकीर पीटने से क्या फायदा

अब तो यह साफ हो गया है कि पेशाब कांड बड़ा चुनावी मुद्दा बनेगा। हालांकि डेमेज कंट्रोल करने की कोशिश मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जरूर की है, लेकिन यह सांप के निकल जाने के बाद लकीर पीटने के समान है। चौहान ने पीड़ित आदिवासी युवक को मुख्यमंत्री निवास में बुलाकर उसके चरण धोए, उसके साथ भोजन किया और अपनी पार्टी के कार्यकर्त्ता के कृत्य के लिए उससे क्षमा याचना भी की। यह सबकुछ कैमरे के सामने किया गया। लेकिन पीड़ित युवक के हावभाव और उसके चेहरे से छलक रहे दर्द से जाहिर हो रहा था कि उसने भाजपा को दिल से माफ नहीं किया है। अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत। भाजपा के लिए यह कहावत सच साबित हो रही है। यह प्रकरण भाजपा को भारी नुकसान पहुंचाएगा, इसमें कोई दो राय नहीं है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में जल्द चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों के विधानसभा चुनावों में सीधी का पेशाब कांड प्रभावी भूमिका निभाएगा। छत्तीसगढ़ में गोंड़, हल्बा, कंवर, पहाड़ी कोरवा आदिवासियों की बहुलता है। मध्यप्रदेश में बैगा और गोंड़ आदिवासी बहुतायत में हैं। वहीं राजस्थान में भील आदिवासियों की अच्छी खासी आबादी निवासरत है। पेशाब कांड से ये सारे आदिवासी तबके मर्माहत हैं और शायद वे भाजपा को माफ नहीं करेंगे।

नहीं चलेगी साहब और मामा की नौटंकी

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने इस संवाददाता से चर्चा में कहा कि साहब और मामा कितनी भी नौटंकी कर लें, आदिवासी उन्हें माफ करने वाले नहीं हैं। बैज के साहब और मामा शब्द का आशय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से था। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही साहब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश का दौरा किया था। तब उन्होंने शहडोल जिले के आदिवासियों के साथ जमीन पर बैठकर पत्तल में भोजन किया था और पेशाब कांड उजागर होने के बाद मामा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित के पैर धोकर तथाकथित प्रायश्चित करने की नौटंकी की। श्री बैज ने कहा कि भाजपा के नेता दिखावे के लिए आदिवासियों के हिमायती बनते हैं, मगर उनके दिलों में आदिवासियों के खिलाफ कितनी नफरत भरी हुई है, सीधी की घटना ने उसे सामने ला दिया है। दीपक बैज ने कहा कि देश का आदिवासी समाज भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को देख समझ चुका है और यह समाज अब भाजपा की किसी भी नौटंकी से प्रभावित होने वाला नहीं है।

बालोद पुलिस की शराब तस्करो पर बड़ी कार्यवाही

0

दिनांक – 06.07.2023ऽसाइबर सेल टीम बालोद एवं थाना बालोद, डौंडी लोहारा की संयुक्त कार्यवाही। शराब तस्करी में 02 आरोपी गिरफ्तार। 03 पेटी कुल 140 नग देशी प्लेन शराब किमती 11,200/-रूपये जप्त। अवैध कारोबार करने वालो के विरूद्ध बालोद पुलिस की जारी रहेगी कार्यवाही।ऽ पुलिस अधीक्षक, डॉ जितेन्द्र कुमार यादव के मार्गदर्षन, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नवनीत कौर, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल बालोद एवं थाना स्तर पर अवैध जुआ ,सटटा ,शराब पर कार्यवाही हेतु विषेष टीम तैयार किया गया।प्रकरण क्रमांक 01. थाना बालोद क्षेत्र के ग्राम देवीनवागांव घर के बाड़ी के पास आरोपी लोमेशकुमार पिता हेमन्त यादव उम्र 18 वर्ष साकिन देवीनवागांव थाना-बालोद जिला बालोद (छ.ग.) के द्वारा घर के बाड़ी में शराब ब्रिकी कर रहा था। जिसे साइबर सेल टीम एवं थाना बालोद टीम के द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी लोमेश कुमार के कब्जे से 50 पौवा देषी प्लेन शराब किमती 4000/-रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध अपराध क्र.293/2023 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत् कार्यवाही किया गया।

प्रकरण क्रमांक 2. थाना डौण्डी लोहारा क्षेत्र के ग्राम बड़गांव घर के सामने आरोपी दषरथ साहू पिता मात्रा राम साहू उम्र 40 वर्ष साकिन बड़गांव थाना डौण्डी लोहारा जिला बालोद (छ.ग.) के द्वारा घर के सामने शराब ब्रिकी कर रहा था। जिसे साइबर सेल टीम एवं थाना डौण्डी लोहारा टीम के द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी दशरथ साहू के कब्जे से 90 पौवा देषी प्लेन शराब किमती 7200/-रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध अपराध क्र.100/2023 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत् कार्यवाही किया गया। शराब तस्करों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बालोद नवीन बोरकर, थाना प्रभारी डौण्डी लोहारा राय बहादुर यादव, सउनि विश्राम साहू साइबर सेल सउनि धरम भुआर्य प्र.आर. भुनेष्वर मरकाम, आरक्षक पूरन देवांगन, आरक्षक विपिन गुप्ता, आरक्षक आकाश दुबे, आरक्षक संदीप यादव, आरक्षक छन्नु बंजारे, मनोज मेश्राम, दीपक यादव की सराहनीय भूमिका रही है।

घरबैठे Amazon के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करें, स्पेशल ऑफर के साथ लिंक क्लिक करें

https://36bestonlinesale.com/home

05 घंटे तक बंद रहा खदान का प्रोडक्शन, 04 यूनियनों ने श्रमिक हित में किया बंद

0

आज राजहरा खदान के 04 यूनियनों ने नियमित एवं ठेका श्रमिकों की समस्यायों को लेकर दल्ली यंत्रीकृत खदान में प्रथम पाली से कार्य को बंद कर दिया और सभी नियमित एवं ठेका श्रमिकों को गेट पर रोक कर उनको अपनी मांगों के बारे में जानकारी दी।जिसपर प्रथम पाली के सभी नियमित एवं ठेका श्रमिकों ने अपना समर्थन दिया। तत्पश्चात 04 यूनियन एटक, भारतीय मजदूर संघ ,इंटक, जनमुक्ति मोर्चा के नेताओं ने सुबह 07 बजे तक दल्ली गेट पर नारेबाजी की और प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप भी लगाया, उसके सभी नियमित एवं ठेका श्रमिकों को खदान में अंदर जाने दिया गया किंतु प्लांट को बंद रखा गया ।

और चारों यूनियन के नेताओं ने उपस्थित श्रमिक साथियों को संबोधित किया। सर्वप्रथम एटक के सचिव कमलजीत सिंह मान संबोधित किया और सभी श्रमिकों को एकजुट होकर लड़ने को कहा और कहा हमने पहले भी संगठित होकर बहुत से आंदोलन किये है और उसमें सफलता भी प्राप्त किया है। आज 39 महीने का एरियस की बात हो चाहे खदान में सुरक्षा की बात हो कहीं पर भी प्रबंधन कुछ करती दिखाई नहीं पड़ती है उन्होंने आगे कहा कि यह हमारी सांकेतिक लड़ाई है अगर हमारी जायज मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो फिर आगे ईस आंदोलन को बड़े पैमाने पर किया जायेगा। इसके बाद जनमुक्ति मोर्चा से बसंत रावटे ने अपनी बात करते हुए कहा कि एकजुट होकर श्रमिक हित की लड़ाई में हम पूरी तरह से साथ हैं और आने वाले समय में श्रमिकों की जायज मांगों के लिए हम एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। इसके बाद अगली कड़ी में भारतीय मजदूर संघ से मुश्ताक अहमद ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आज कि इस हड़ताल में हमारी कुछ मांगे हैं जिसमें प्रमुखता से हमने ठेका श्रमिकों को मिलने वाली मेडिकल सुविधा में प्रबंधन द्वारा की जा रही देरी है।

अनुबंध होने के बाद भी ठेका श्रमिकों को मेडिकल सुविधा का लाभ न मिलना प्रबंधन की लापरवाही है। हितकसा के श्रमिकों को साल भर काम दिया जावे और बारिश में भी कार्य बंद न हो जिसके लिए प्रबंधन ने ठेका तो निकाल दिया है मगर उसमें भी देरी हो रही है,आज प्रबंधन को चाहिए कि प्राथमिकता के इन मुद्दों का समाधान करना चाहिए मगर प्रबंधन की ढुलमुल नीति के कारण आज ये स्थिति निर्मित हुई है। और यह बात भी सोचने वाली बात है कि बीईएम एल में जब भी श्रमिकों की भर्ती की गई है श्रमिकों का शोषण किया गया है मैकेनिक के ठेके में अनस्किलड श्रमिकों की भर्ती करना,08 साल तक कार्य कर चुके श्रमिकों को ट्रैनी कहना और कम वेतन देना श्रमिकों का शोषण करना है।इसके बाद इंटक से अभय सिंह ने कहा कि दासा के आंदोलन को याद करिए किस तरह सबने मिलकर उस लड़ाई को लडा था और सफलता भी प्राप्त किया था। इसलिए सब संगठित होकर लड़ाई लड़ें प्रबंधन को हमारी जायज मांगों को पूरा करना होगा। संबोधन के प्रबंधन ने दल्ली यंत्रीकृत खदान सभागार में बीएसपी प्रबंधन और 04 यूनियनों के साथ बैठक किया और क्रमश सभी मुद्दों पर चर्चा हुई और प्रबंधन ने कहा कि जो मुद्दे ईस बैठक में पूरे किये जा सकते हैं उन्हें अभी तत्काल पूरा किया जावेगा । सबसे पहले ठेका श्रमिकों की मेडिकल सुविधा पर बात हुई जिसपर प्रबंधन ने कहा कि ठेका श्रमिकों को मिलने वाली मेडिकल सुविधा में हो रही देरी को दूर करने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी जिसने अपनी रिपोर्ट उच्च प्रबंधन को सौप दिया है और उसमें जो तकनीकी समस्या थी ।

उसे दूर कर दिया गया है अब ठेका श्रमिकों को बिना किसी रोक-टोक के ईसका लाभ मिल सकेगा, दल्ली प्लांट और बीईएम एल के ठेका श्रमिकों के प्रमोशन पर भी चर्चा हुई है जिसपर प्रबंधन ने सकारात्मक रवैया दिखाया है। हितकसा में कार्यरत ठेका श्रमिकों को बरसात में भी काम मिले इसके लिए भी चर्चा हुई जिसपर प्रबंधन ने बताया कि इस दिशा में प्रबंधन द्वारा कार्यवाही की जा रही है जल्द ही ठेका निकाला जावेगा और हितकसा के ठेका श्रमिकों का टेंडर 08 तारीख को खुलेगा तो उसे भी अतिशीघ्र प्रारंभ करवाया जायेगा। तत्पश्चात नियमित कर्मचारियों ने दल्ली यंत्रीकृत खदान में सुरक्षा का मुद्दा उठाया और कहा कि प्रबंधन सुरक्षा के मामले ध्यान नहीं दे रहीं हैं जिसके कारण खदान में छोटे मोटे दुर्घटना होते रहते हैं अगर समय रहते सुरक्षा के समुचित उपाय नहीं किए गए तो कभी भी गंभीर दुर्घटना घट सकती है।आज हुए हड़ताल से 05 घंटे प्रोडक्शन बंद रहा। ईस पूरे आंदोलन में बड़ी संख्या में नियमित एवं ठेका श्रमिकों की उपस्थिति थी और एटक,बी एम एस ,इंटक और जनमुक्ति मोर्चा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

देवगुड़ी और पुलिया का विधायक बेंजाम ने किया भूमिपूजन

0
  • पुलिया के अभाव में लोगों को आवागमन में हो रही थी तकलीफ

लोहंडीगुड़ा चित्रकोट के विधायक बेंजाम ने कोडेनार – 2 कुमापारा में आदर्श देवगुड़ी व पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया।विधायक राजमन बेंजाम व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम मौर्य ने बास्तानार विकासखंड के ग्राम कोडेनार -2 कुमापारा में 5 लाख रु. की लागत से निर्माणाधीन जलनीन माता की आदर्श देवगुड़ी एवं 19.68 लाख की लागत से बनने वाले 6 मीटर आरसीसी स्लेब पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। श्री बेंजाम व मौर्य ने ग्राम के पुजारियों के साथ पूजा अर्चना कर देवगुड़ी के बारे में चर्चा की। विधायक श्री बेंजाम ने कहा कि हमारी सरकार आदिवासियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।

हमारी सरकार ने प्रत्येक ग्राम में देवगुड़ी निर्माण कर आदिवासियों की आस्था एवं परंपरा को और मजबूती प्रदान की है। सड़क व पुलिया विहीन होने के कारण कोड़ेनार कुमापारा के ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। अब 19.68 लाख रुपए के लागत से 6 मीटर पुलिया निर्माण होने से ग्रामीणों तक आवागमन सहित सभी सुविधाएं पहुंच सकेंगी। विधायक ने आगे कहा कि पिछले 15 साल में पिछली सरकार के जनप्रतिनिधियों ने अगर ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया होता, तो आज इस ग्राम के लोगों को समस्त मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो चुकी होती। पर ऐसा न कर केवल झांसा देने का काम पिछली सरकार ने किया और ग्रामीणों को अपने लुभावने वादों से ठगा। बेंजाम ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार आदिवासियों की सरकार है।

ये सरकार न केवल ग्रामीण बल्कि समस्त आमजनों की हितैषी सरकार है। अब ग्रामीणों की समस्याओं को न सिर्फ सुना जाता है, बल्कि उसका त्वरित समाधान भी किया जाता है। हमारी सरकार ने जो कार्य 4 वर्ष में किए हैं, उसके दसवें हिस्से के बराबर भी पिछली भाजपा सरकार ने 15 वर्ष में नहीं कर पाई। बलराम मौर्य ने कहा कि देवगुड़ी स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र है। इनका संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण करना भूपेश सरकार की प्राथमिकता है। इस ओर पूर्ण रूप से ध्यान देते हुए प्रदेश के मुखिया निरंतर देवगुड़ियों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य करा रहे हैं।इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, सासंद प्रतिनिधि दिनेश ठाकुर, सरपंच संघ अध्यक्ष बास्तानार सोमडू मंडावी, रघुनाथ ठाकुर, दलपत ठाकुर, सन्नू बेंजाम, राजू बेंजाम, सप्पे बेंजाम, पंडरु बेंजाम, बुदराम कवासी, मोतीराम पोयाम एंव अन्य कार्यकर्ता तथा ग्रामीण उपस्थित थे।

बीईओ के आवास पर एसीबी का छापा, करोड़ों की संपत्ति मिलने की खबर

0
  • पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व दागी अधिकारी के रिश्तेदार हैं दरभा के बीईओ राजेश उपाध्याय

जगदलपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश उपाध्याय के जगदलपुर स्थित निवास पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को छापा मारा। उपाध्याय पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अधिकारी अशोक चतुर्वेदी के रिश्तेदार हैं। माना जा रहा है कि उनके निवास में की गई छापे की यह करवाई चतुर्वेदी से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले को लेकर की गई है।

अशोक चतुर्वेदी पर आर्थिक अनियमितता का आरोप है। राजेश उपाध्याय दरभा विकासखंड के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हैं और बीते पांच साल से इसी पद पर वे दरभा में ही पदस्थ हैं। इसके पहले वे तोकापाल में बीआरसी के पद पर कार्यरत थे। 56 वर्षीय राजेश उपाध्याय का मूल पद व्याख्याता का है। उनके जगदलपुर स्थित आलीशान बंगले में एंटी करप्शन ब्यूरो की छापामार कार्रवाई गुरुवार को तड़के 5 बजे शुरू हुई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी। सूत्र बताते हैं कि एसीबी की टीम ने राजेश उपाध्याय के पास लाखों की नगदी, सोने की ज्वेलरी और नामी बेनामी जमीन जायदाद के दस्तावेज समेत करोड़ों की संपत्ति होने का पता लगाया है। उनके बैंक खातों का भी एसीबी की टीम ने पता लगा लिया है।

टीम लीडर्स की बैठक में कांग्रेस ने लांच किया एलडीएम एप

0
  • बैठक में बस्तर सांसद व एलडीएम इंचार्ज दीपक बैज भी हुए शामिल

जगदलपुर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में पांच राज्यों के एलडीएम टीम लीडरों का बैठक आयोजित की गई। बैठक में बस्तर के सांसद एवं संभाग के छह विधानसभा क्षेत्रों के लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन ( एलडीएम ) के प्रभारी दीपक बैज भी शामिल हुए। उन्होंने मिशन के संबंध में प्रेजेंटेशन भी दिया।इस विशेष बैठक में प्रमुख रूप से अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल, एलडीएम के राष्ट्रीय चेयरमैन के. राजू, एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पवन बंसल उपस्थित थे। बैठक में निकट भविष्य में होने वाले राज्यों के विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए विशेष रणनीति तैयार कर जिम्मेदारियां सौंपी गई। इस बैठक में बस्तर सांसद दीपक बैज भी मौजूद थे। श्री बैज को पार्टी नेतृत्व ने लीडरशिप डेवलपमेंट मिशन ( एलडीएम ) के लिए बस्तर संभाग के छह विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त किया है। सांसद दीपक बैज ने इस बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने अपने प्रभार वाले विधानसभा क्षेत्रों में एलडीएम की उपलब्धियों का प्रेजेंटेशन दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में एलडीएम आईएनसीएप की लांचिंग राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे द्वारा की गई। उल्लेखनीय है कि एलडीएम की जिम्मेदारी मिलने के बाद से ही सांसद दीपक बैज अपने प्रभार वाले छहों विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय हो गए थे। लगातार विधानसभावार बैठकें लेकर सांसद बैज मिशन के उद्देश्यों से पार्टी के जमीनी कार्यकर्त्ताओं को मार्गदर्शन देते और उन्हें बुस्टअप करते रहे। इससे कार्यकर्त्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और वे चुनावी तैयारी में जुट गए हैं।

विधायक रेखचंद जैन ने किया फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज

0
  • शहर के खेल मैदानों को संवार दिया है भूपेश बघेल ने : संसदीय सचिव

जगदलपुर परदेशिन माता सेवा समिति द्वारा शहर के सिटी ग्राउंड में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को संसदीय सचिव व जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन ने किया।खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खिलाड़ियों व खेल संघों की मांग पर शहर के खेल मैदानों को नया स्वरूप प्रदान किया है। खेल मैदानों के सौंदर्यीकरण से आने वाले दिनों में बस्तर के खिलाड़ी देश- दुनिया में छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग का नाम रोशन करेंगे। बुधवार को प्रदर्शन मैच 40 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के मध्य खेला गया। ग्रीन टीम में लखन, डॉ. केएल आजाद, अशोक यादव, नागेश राव, कैलाश, प्रदीप भारती, महेश पाल, इस्माईल, विजय बोरकर, ज्वाला सिंह, गिरिधर राव शामिल थे. जबकि ब्लू टीम की ओर से यशवर्धन राव, देवेंद्र ठाकुर, मंगलेश्वर, अविनाश माने, धनीराम, राजेश राव, अरविंद, कपिल टोप्पो, आई खलखो व हीरा देवांगन खेले।

रोमांचक रहे दोनों मुकाबले

प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को हुए दोनों मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। खिलाड़ियों के धुंआधार प्रदर्शन को देख दर्शक उत्साहित और रोमांचित होते रहे। गुरुवार को दो मैच खेले गए। पहला मुकाबला बस्तर लायन व मॉर्निंग स्टार के मध्य हुआ। जबकि दूसरा मैच फुटबाल अकादमी व धरमपुरा के मध्य खेला गया। मैच डेढ़ बजे से शुरु हुए। मैच लीग सिस्टम पर आधारित हैं। बुधवार को उदघाटन के दौरान कांग्रेस महामंत्री गौरनाथ नाग, एस दंती, सूर्या पाणि, संतोष सिंह, अमित रामटेके, रूपक मुखर्जी, यंग स्टार के आशीष खरे, सिकंदर नाग, दीपक नाग, सुमीत नाग, दीपक भारती, मिथुन खरे, आकाश, राजिम नाग, कैलाश नाग, राहुल नाग, अगेंद्र नाग, दीपक डहरिया समेत क्लब के सभी पदाधिकारी व सदस्य आदि मौजूद थे।

एसडीएम व बीईओ की दबिश के दौरान नशे में धुत्त मिले बड़े गुरूजी

0
  • रोज नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं प्रधान पाठक

लोहंडीगुड़ा प्राथमिक शाला विकासखंड लोहंडीगुड़ा की प्राथमिक शाला इरिकपाल का अनुविभागीय अधिकारी मायानंद चंद्रा व विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संस्था के प्रधान अध्यापक नशे में धुत्त पाए गए। प्रधान पाठक के खिलाफ निलंबन की कार्यवाही की जा रही है। प्रधान पाठक के खिलाफ में पूर्व में भी ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई थी।

तब उन्हें कड़ी चेतावनी व समझाईश दी गई थी।बारंबार चेतावनी देने के बाद भी हेड मास्टर के आचरण में बदलाव नहीं आया। उनके खिलाफ पुनः शिकायत प्राप्त होने पर अधिकारियों द्वारा आज प्राथमिक शाला इरिकपाल का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रधान की हरकतें अजीब लग रही थीं। इसे देखते हुए उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इससे उनके नशे में धुत्त होना प्रमाणित हुआ। अनुविभागीय अधिकारी ने शिक्षक के कृत्य को घोर आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि शिक्षक समाज का आईना होता है। उसे अपनी छवि का सदैव ध्यान रखना चाहिए। खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव ने प्रधान अध्यापक के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही बाबत प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी को प्रेषित किया है। श्री यादव ने कहा है कि भविष्य में भी विकासखंड में इस प्रकार के दौरा कार्यक्रम जारी रहेगा। सभी शिक्षक अपने कर्तव्य के प्रति सजग एवं तत्पर रहें।

वर्सन

किया जा रहा है निलंबित निरीक्षण के दौरान हेड मास्टर नशे की हालत में मिले। हेड मास्टर का डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया, जिसमें उनके नशे में रहने की पुष्टि हुई है। प्रधान पाठक के निलंबन की कार्यवाही की जा रही है।

MOST POPULAR

HOT NEWS