हमेशा आरोपों से घिरे रहते हैं जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री
थाने में दर्ज हो चुका है इस अफसर के खिलाफ आर्थिक अपराध का मामला
आदेशों की अवहेलना और कर्मियों से अभद्र व्यवहार की शिकायत भी
जगदलपुर. जल संसाधन विभाग के कार्यपालनयंत्री एमएल टंडन का विवादों से पुराना नाता रहा है. निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों में आर्थिक अनियमितता, शासन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, कार्यालय में सहकार्मियों से अभद्र व्यवहार जैसे ढेरों आरोप उन पर लग चुके हैं. उनके खिलाफ दंतेवाड़ा थाने में गंभीर धाराओं के तहत अपराध भी दर्ज हो चुका है. आश्चर्य की बात तो यह है कि शासन ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उल्टे उन्हें पदोन्नति देकर उपकृत कर दिया. एमएल टंडन पहले ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ( आरईएस ) में भी एसडीओ के पद पर दंतेवाड़ा जिले में सेवा दे चुके हैं. तब भी अपने कारणमों के कारण हमेशा सुर्खियों में बने रहे. उन पर डेम मरम्मत की आड़ में लाखों का गबन करने के आरोप लगे थे। तब टंडन के खिलाफ इस मामले को लेकर शहर कोतवाली थाना दंतेवाड़ा में अपराध क्रमांक 80/ 2012 में भादंवि की धारा 420, 427, 34 के तहत सरकारी धन के गबन का मामला दर्ज हुआ था. वहीं छत्तीसगढ़ की मौजूदा कांग्रेस सरकार के युवा आयोग के सदस्य अजय सिंह ने श्री टंडन से जुड़ी एक बड़ी अनियमितता को उजागर किया है. सिंह के मुताबिक जल संसाधन विभाग के बीजापुर में स्टापडेम मरम्मत कार्य के नाम पर लाखों रु. की गड़बड़ी की गई है. इस प्रकरण में जीएसटी के नाम पर भी फर्जीवाड़ा किया गया है. कार्यपालन यंत्री पद पर पदोन्नति से पहले श्री टंडन भोपालपटनम में जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी थे तब भी उन पर करीब 30 लाख रू. की गड़बड़ी के आरोप लगे थे। इस मामले की जांच अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा की गई थी. जांच में आरोप सही पाया गया था तब एसडीएम ने कलेक्टर को जांच प्रतिवेदन सौंप दिया था. प्रतिवेदन में एसडीएम ने टंडन के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने एवं गबन की गई रकम की वसूली उनसे करने सिफारिश की थी। इतना सब होते हुए भी टंडन के खिलाफ कार्रवाई तो नहीं की गई अलबत्ता उन्हें पदोन्नति देकर जल संसाधन विभाग में कार्यपालन यंत्री जरूर बना दिया गया. इस मामले में अजय सिंह ने बीजापुर थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्यपालन यंत्री एमएल टंडन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस नेता पहले अपना ‘घर’ तो सम्हाल लें : दिनेश कश्यप
चंगू मंगू संस्कृति ने ही कांग्रेस का बेड़ागर्क करके रख दिया है
लखमा के आक्षेप को लेकर पूर्व भाजपा सांसद का पलटवार
जगदलपुर. छत्तीसगढ़ सरकार के आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा द्वारा छ्ग प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने लखमा पर करारा पलटवार किया है. कांग्रेस नेता पहले अपना ‘घर’ सम्हाल लें फिर दूसरों को नसीहत दें. उन्होंने कहा है कि असली चंगू-मंगू तो कांग्रेस में भरे पड़े हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को छोड़कर छत्तीसगढ़ सरकार के सारे के सारे मंत्री चंगू मंगू हैं. हमारी पार्टी के नेता अपनी मेहनत के दम पर जनता के बीच विशिष्ट पहचान बनाकर मुकाम तक पहुंचे हैं, ना कि कांग्रेसियों की तरह पद उन्हें विरासत में मिले हैं.
केबिनेट मंत्री एवं बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने कल पत्रकारों से चर्चा करते हुए नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बस्तर प्रवास को लेकर कई आक्षेप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि ये दोनों नेता चंगू मंगू हैं और प्रदेश में ना उनका अपना कोई वज़ूद है और ना ही कोई पहचान. पार्टी द्वारा दायित्व सौंपे जाने के बाद वे प्रदेश में घूम घूम कर अपनी पहचान बनाने क़ी कोशिश कर रहे हैं. दोनों भाजपा नेताओं के बस्तर से अनभिज्ञ रहने की बात कहते हुए लखमा ने यह टिप्पणी भी की थी कि साव और चंदेल सैर सपाटे के लिए बस्तर आए हैं. कवासी लखमा के इस आक्षेप पर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश कश्यप ने आज कहा कि लखमा का यह बयान उनकी संकीर्ण सोच का परिचायक है. उन्होंने कहा कि चंगू मांगूओं की फ़ौज तो कांग्रेस में है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को छोड़कर टीएस सिंहदेव बाबा समेत राज्य सरकार के सारे मंत्री चंगू मंगू हैं. राज्य की पूरी सत्ता मुख्यमंत्री के पास केंद्रित होकर रह गई है और मंत्रीगण नाममात्र के लिए विभागों के मुखिया हैं. श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की इसी चंगू मंगू संस्कृति के कारण ही पार्टी का बेड़ागर्क हो रहा है. कांग्रेस के ऐसे बड़े नेता भी बड़ी संख्या में पार्टी छोड़ने लगे हैं, जो 40 – 50 सालों से कांग्रेस के लिए समर्पण भाव से काम करते आ रहे थे.कश्यप ने आगे कहा कि कांग्रेस में चाटुकारों को ही अहमियत मिलती है. जो नेता व कार्यकर्ता गांधी परिवार की चाटुकारिता करता है उसी की पार्टी में इज्जत है. इसके उलट भाजपा में जमीन से जुड़े तथा जनता के बीच काम करने वाले कार्यकर्ताओं को बड़ी से बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपने की गरिमापूर्ण परंपरा है. भाजपा में पद विरासत में नहीं मिलते, जैसा कि कांग्रेस में होता आया है. पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेताओं से खुद का घर ( कांग्रेस ) तो सम्हाला नहीं जा रहा है और वे दूसरों पर उंगली उठाने चले हैं.
जगदलपु. इन दिनों बस्तर विधानसभा क्षेत्र के गावों में पंचायत स्तर पर नवाखाई जोहार भेंट कार्यक्रम के आयोजन का दौर जारी है. क्षेत्र के एक गांव में हुए कार्यक्रम में विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि नवाखाई मानसिक और सामाजिक समता का प्रतीक है तथा यह पर्व स्वभाव की गंभीरता, परंपरा की समृद्धि का संदेश भी देता है और इस तरह की भावनाएं बस्तरवासियों को वश में रखने वाली शक्ति में पूर्ण विश्वास से उत्पन्न होती है. आरंभ में ग्राम पहुंचने पर ग्रामीण विधायक श्री बघेल एवं बस्तर सांसद दीपक बैज के गांव पहुंचने पर 2 किलोमीटर दूर से बाजे गाजे के साथ स्वागत करते उन्हें आयोजन स्थल तक ले गए.
अतिथियों ने माता दुलारदई की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की. बघेल ने आगे कहा कि हम बस्तरवासियों की संस्कृति की पहचान नवाखाई अनन्तकाल से जीवनमूल्यों, नैतिक आचरण, आध्यात्मिक एवं मानसिक विकास की अविरल गंगा है. हमारी संस्कृति की शिक्षा को शब्दों में बांधा नहीं जा सकता. इसके लिए हमें इस संस्कृति को पूर्णतः आत्मसात कर जीवनभर विद्यार्थी बने रहना होगा. हमारी संस्कृति मौसम में भी परिलक्षित होती है.सांसद श्री बैज ने लोगों को नवाखाई की बधाई देते हुए कहा कि संस्कृति समाज में गहराई तक व्याप्त गुणों के समग्र स्वरूप का नाम है, जो समाज के सोचने, विचारने, कार्य करने के स्वरूप में अन्तर्निहित होता है. आप लोगों को ज्ञात होगा कि बस्तर विधायक श्री बघेल जब कांग्रेस के बस्तर जिला अध्यक्ष थे, तबसे अभी तक वे यह कार्यक्रम निरंतर जारी रखे हुए हैं और उन्होंने क्षेत्र में ऐसा माहौल बना रखा है कि भाजपा के लिए ऐसा करने की सोचना भी दूर की कौड़ी है. यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे बड़ी ऐसा पवित्र त्यौहार अपने लोगों के साथ मनाने का मौका मिला. इस अवसर पर दिनेश यदु, जानकी राम, उत्तम नाइक, आशीष मिश्रा, सुखदई बघेल, गणेश बघेल, मानसिंह कश्यप, अर्जुन पांडे, हरीश पारख, निलय कश्यप, जगमोहन बघेल, मधु निषाद, धनुर्जय कश्यप,बद्रीनाथ जोशी, दिनेश सिहं, अर्जुन पांडे, सामो राम, दसमू बघेल, तुलसी बघेल, गणेश बघेल, टोपीराम, कश्यप, रुपनाथ कश्यप, घनश्याम नाग, सोनाधर, गणेश भारती, सुखनाथ कश्यप, वीरनाथ कश्यप, भकचदं बघेल, लम्बूधर कश्यप, लक्ष्मण नेताम, टेंपल सूर्यवंशी, अमर चौहान, धरमू नेताम, मंगल कश्यप, भोलेश्वर कश्यप, डोमुधर कश्यप, लखेश्वर मंडावी, राजेश कुमार, जार्ज, गोविंद, भुनेश्वर,सहित सैकड़ों ग्रामीण व कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे.
आबकारी एवं बस्तर प्रभारी मंत्री ने कांग्रेस भवन में ली बैठक
जगदलपुर. प्रदेश के आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कांग्रेस भवन में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर / ग्रामीण की संयुक्त बैठक लेकर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं से रूबरू हुए. आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्राण प्रण से जुट जाने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया की मदद लें. आज जमाना सोशल मीडिया का है. हर कार्यकर्ता आज सोशल मीडिया से जुड़ा हुआ है और जनता भी सोशल मीडिया पर है. अतः सोशल मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग कर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करें. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ कर रही है पूरे देश में छत्तीसगढ़ इकलौता प्रदेश है जहां की कांग्रेस सरकार धान का मूल्य सबसे अधिक दे रही है. इस वर्ष धान का मुल्य 2640 रु हो गया है. राजीव गांधी भूमिहीन किसान न्याय योजना में भूमिहीन किसानों को सात हजार रुपए प्रदान किए जा रहे हैं. गोधन न्याय योजना के माध्यम से हमारी सरकार गोबर तथा गोमूत्र की खरीदी कर रही है राजीव गांधी युवा मितान क्लब के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए एक लाख रुपए प्रति वर्ष प्रदान किया जा रहा है. मुख्यमंत्री मितान योजना के माध्यम से घर घर तक आवश्यक दस्तावेज पहुंचाए जा रहे हैं. कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है. इन महत्वपूर्ण योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए जिससे कि हम 2023 के विधानसभा चुनावों में भी अभूतपूर्व बहुमत से सरकार बनाने में सफल होंगे. इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन, महापौर सफीरा साहू, नगर निगम की सभापति कविता साहू, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष बलराम मौर्य समेत जनप्रतिनिधि, ब्लाक अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
दल्लीराजहरा में 100 बिस्तर अस्पताल निर्माण की घोषणा
भीमराव अंबेडकर लाईब्रेरी के लिए 30 लाख रूपए दी की मंजूरी
दल्लीराजहरा में विभिन्न समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात
दल्ली राजहरा, 19 सितम्बर 2022/छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी का दल्लीराजहरा नगर आगमन पर भेंट मुलाकात के दौरान विभिन्न समाज के प्रमुखों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान राज्य में एक नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू किए जाने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने दल्लीराजहरा में 100 बिस्तर अस्पताल के निर्माण तथा अम्बेडकर लाईब्रेरी के लिए 30 लाख रूपए की स्वीकृति भी दी। राज्य में समर्थन मूल्य में धान खरीदी और छत्तीसगढ़ सरकार की न्याय योजना की प्रशंसा करते हुए किसान संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि आपकी किसान हितैषी नीतियों के चलते राज्य में खेती-किसानी और किसान समृद्ध हो रहे है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विभिन्न समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सामाजिक गतिविधियों एवं उनकी समस्या के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने सभी समाज के लोगों को शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सभी समाज एवं वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिले और वह सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो, यह हमारी प्राथमिकता है।
घरबैठे Amazon के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करें, स्पेशल ऑफर के साथ लिंक क्लिक करें
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान साहू समाज ने दिल्ली राजहरा में मेडिकल कॉलेज और ओबीसी छात्रावास निर्माण की मांग की, राजहरा मसीह समाज द्वारा सामुदायिक भवन के लिए राशि दिए जाने के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि का आबंटन करा लें, भवन निर्माण के लिए शासन की ओर से राशि दी जाएगी, कब्रिस्तान में शेड निर्माण, बिजली और पेयजल व्यवस्था की स्वीकृति दी। कमार जाति के लोगों ने स्थायी जाति प्रमाण पत्र मिलने की दिक्कत बताई और वनाधिकार पट्टे की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सब समस्या हल करेंगे। हल्बा समाज के प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री द्वारा समाज के हित में किए जा रहे कार्याें के लिए उनका आभार जताया और सामाजिक अधिवेशन में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया। गेंद सिंह मेमोरियल में अतिरिक्त कक्ष की मांग पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने आंध्रा समिति के लोगों की मांग पर भवन के जीर्णाेद्धार के लिए भी राशि स्वीकृत की। सतनामी समाज के भवन विस्तार के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज के मांग पर स्कूल में 5 अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराए जाने के साथ ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए प्रक्रिया शुरू कराए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने बंग समाज की मांग पर सामाजिक भवन के जीर्णाेंद्धार के लिए राशि स्वीकृत किए जाने तथा जमात खाना, कलार समाज तथा सेन समाज के भवन निर्माण के लिए 10-10 लाख रूपए दिए जाने की स्वीकृति दी। मरार समाज की मांग पर शाकम्बरी बोर्ड में एक महिला सदस्य को शामिल किए जाने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने रैदास समाज के भवन विस्तार के लिए आवश्यक मदद तथा कुम्हार समाज को इलेक्ट्रिक चाक दिए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी भेंट मुलाकात से पहले शाम को नगर में रोड शो किया इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी बन्धुओं, महिला समूह, जन समूह और कांग्रेस जनों ने जगह जगह आरती उतारकर और फूलमाला गुलाब पंखुड़ी से भव्य स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के द्वारा फव्वारा चौक में मुख्यमंत्री जी को लड्डू से तौला गया।
इस दौरान मुख्य रूप से प्रभारी मंत्री उमेश पटेल, केबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक अनिला भेंडिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक बांबेश्वर नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ,विवेक मसीह, संतोष पाण्डेय, शिरोमणी माथुर,संगीता नायर,रवि जायसवाल, रूकसाना बेगम, विजय जोगदंड, प्रमोद तिवारी, काशीराम निषाद, युवराज साहू, सुरेश ठाकुर, रूबी एंथोनी, रामू शर्मा, प्रवीण शर्मा,रोशन पटेल, सूरज विभार, स्वप्निल तिवारी, के वी अब्राहम,ममता पाण्डेय, जगदीश श्रीवास, अप्पू महेंद्रन, जनक निषाद, विजय लक्ष्मी, श्रुति यादव, शीला भारद्वाज, चंदू सिन्हा, बृजमोहन सिंह नेताम, जी ईश्वर राव, सरिता पटेल, रूक्मणी किशोर, रमेश भगत, रामजतन भारद्वाज, मोहन साहू, आई एल सोनवानी, प्रदीप बबलू, भूपेंद्र दिल्लीवार,नवीन कथुरिया, प्रशांत बोकडे, परितोष हंसपाल, पारसमल जैन,भरत देवांगन, तिलक मानकर, योगराज ठाकुर,शकील खान, हरिश खस, ताराचंद बघेल अनिल कोम्बे,जेबा कुरैशी, मेमूना परवीन, जोगेन्द्र ठाकुर, आशुतोष माथुर, प्रदीप बाघ,बसंत साहू,अजय बघेल, जितेन्द्र मेश्राम, फ्रांसीस कोलीन,जसविंदर गिल, विलियम भौरा,जावेद खान, राजू चौधरी, आयान खान, मनोज पाटील, मनोज कुमार साहू, स्मिता जॉर्ज, राकेश जॉन, जैन राजेश, चिन्ना डेनियल, श्याम लाल कोठरी, कचरमल जैन, अशोक जैन, शैलेश जैन, अजय छाजेड़, सतीश कांबले, बी एस एन मूर्ति,आदिभ भगत, आदित्य रामटेके, के आशीष दास, शुभम गुप्ता, हेमंत पटेल, चंदन ठाकुर, अनिरुद्ध , धम्मा मुकेश देवांगन, सोनू सेन, आनंद भास्कर, आयुष दुबे, दीपक कुमार, हर्ष दामले, मुकेश नीरज साहू सहित बड़ी संख्या कांग्रेसजन रैली में शामिल हुए।
प्रदेश में इन दोनों भाजपा नेताओं को कोई नहीं जानता -लखमा
जगदलपुर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और छ्ग विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के वज़ूद पर सवाल उठाया है उन्होंने कहा है कि इन दोनों नेताओं की कोई निजी पहचान नहीं है. वे केवल सैर सपाटा करने बस्तर आए हैं. अपने गृह अंचल बस्तर प्रवास पर पहुंचे केबिनेट मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव और नेता प्रतिपक्ष चंदेल पर जमकर निशाना साधा
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जिन दोनों नेताओं को अपनी छत्तीसगढ़ इकाई की कमान और छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, उनकी आम जनता के बीच ना कोई पहचान है और ना ही उनका कोई व्यक्तिगत वज़ूद है. ऐसे नेताओं के दम पर भारतीय जनता पार्टी का बेड़ा पार होने वाला नहीं है. ये नेता बिलासपुर की तरफ के हैं. बस्तर में उन्हें कोई नहीं जानता. पार्टी में अचानक बड़ी जिम्मेदारी मिल गई है इसलिए श्री साव और चंदेल छत्तीसगढ़ में घूम – घूम कर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं. वे बस्तर तो सिर्फ सैर सपाटे के लिए आए हैं. पद मिल गया तो तफरीह करने बस्तर पहुंच गए हैं. इससे पहले तो शायद उन्होंने बस्तर को देखा भी नहीं रहा होगा. लखमा ने तो भाजपा के इन दोनों नेताओं को चंगू- मंगू तक कह डाला. अपनी बिंदास बोल के लिए विख्यात मंत्री लखमा ने कहा कि हमारी भूपेश बघेल सरकार ने अल्प समय में ही छत्तीसगढ़ में इतना सारा काम कर दिखाया है कि भाजपा की अब इस राज्य में दाल गलने वाली नहीं है. भारतीय जनता पार्टी चाहे जैसा भी प्रयोग कर ले, अपने बड़े-बड़े नेताओं को भी छत्तीसगढ़ में लाकर बिठा दे तो भी उसके सपने मुंगेरी लाल के सपने की तरह धरे रह जाएंगे |
उप पुलिस महानिरीक्षक एंव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह मीणा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस के द्वारा आपराधिक तत्वो के विरूद्ध लगातार कार्यवाही किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज , अपराध कारित करने के उद्देश्य से देशी कट्टा के साथ घुम रहे युवक पर कार्यवाही करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है। ज्ञात हो कि थाना सिटी कोतवाली जगदलपुर को सूचना प्राप्त हुआ था कि कोई व्यक्ति दलपत सागर क्षेत्र में देशी कट्टा रखकर अपराध करने की नियत से घुम रहा है। सूचना पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह मीणा, अति0 पुलिस अधीक्षक, निवेदिता पाॅल के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर दलपत सागर की ओर रवाना किया गया।
उक्त टीम के द्वारा दलपत सागर क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर घेराबंदी कर पकडा गया जिससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अजय राजपुत सूरज निवासी गीदम रोड जगदलपुर का होना बताया। जिसकी तलाशी लेने पर जिसके पास एक देशी कट्टा और धारदार ब्लेड मिला उक्त देशी कट्टा के संबंध में पूछताछ करने पर उसने अपने पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज अथवा लायसेंस नही होना बताया। आरोपी अजय राजपुत सूरज का उक्त कृत्य आर्म्स एक्ट की परीधी में आने पर आरेापी के विरूद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा , 25 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया था। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा एवं धारदार ब्लेड बरामद कर जप्त किया गया है। आरोपी अजय राजपुत सूरज को सिटी कोतवाली द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
दल्लीराजहरा/डोंडी प्रदेश के बेरोजगारों की सुध लेने सरकार व सरकार का कोई भी व्यक्ति नहीं है कल नया रायपुर मंत्रालय में एक नौजवान ने बेरोजगारी की समस्या से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, उसने बेरोजगार होने की वजह से इतना बड़ा कदम उठा लिया। सरकार जहां एक तरफ अपने किए गए सारे वादों को निभाने में विफल साबित हुई है वही अपनी पी.आर कंपनी से सर्वे कराकर बेरोजगारी दर 0.4% बता रही है। अगर पूरे प्रदेश में स्थिति ऐसी होती तो आज हमारे प्रदेश के युवा आत्महत्या करने को मजबूर नहीं होते प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी द्वारा केवल घोषणाओं का काम किया जा रहा है।
जब से मुख्यमंत्री बने हैं घोषणाओं के अलावा धरातल में उनका कोई भी काम नजर नहीं आता। दो दिन पूर्व वे डौंडीलोहारा के दौरे में आए हुए थे जहां पर उन्होंने बहुत सी घोषणाएं की लेकिन यह घोषणा उन्होंने चुनाव जीतने के पहले भी की हुई थी,मगर उसे अब तक पूरा नहीं कर पाए पौने चार सालों बाद फिर वही घोषणा दोहरा कर हमें और हमारे डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की जनता को केवल और केवल ठगने का काम किया जा रहा है।आज कांग्रेस और उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री जी का दोहरा चरित्र सबके सामने हैं। वे शुरू से कहते कुछ और है,और करते कुछ और है, हमारे युवाओं द्वारा बेरोजगारी की समस्या को लेकर की जा रही आत्महत्या का जवाब तो आपको देना पड़ेगा।
घरबैठे Amazon के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करें, स्पेशल ऑफर के साथ लिंक क्लिक करें
स्थानीय लोगों का मुफ्त इलाज ना करने पर प्रबंधन को फटकारा
ब्लड बैंक, सीटी स्केन एवं ब्लड प्लाज्मा मशीन की मांग करेंगे पूरी
जगदलपुर. एक दिवसीय किरन्दुल दौरे पर गए बस्तर सांसद दीपक बैज ने बुधवार को सुबह एनएमडीसी प्रबंधन के परियोजना अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। डेंगू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मरीज़ों का हाल चाल जाना और इलाज से संबंधित जानकारी ली एवं तैयारियों का जायज़ा लिया। पूर्व में हुई एनमडीसी के परियोजना अधिकारी के साथ बैठक में सांसद ने स्थानीय निवासियों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही थी,
जिस पर पूर्ण रूप से अमल ना किए जाने की शिकायतें आ रही थी । इसी बात से नाराज़ बैज ने आज निरीक्षण के दौरान प्रबंधन को हिदायत कि तुरंत मुफ्त इलाज की सुविधा लागू की जाए। सांसद बैज ने मरीज़ों से मिलकर खानपान की जानकारी ली, उनकी समस्याओं को सुन तुरंत निराकरण करने को कहा। अस्पताल में मौजूद स्थानीय लोगों ने मांग रखी कि डेंगू के बढ़ते प्रकोप की वजह से उन्हें खून की व्यवस्था करने में दिक्कत आती है एवं ब्लड प्लाज्मा मशीन न होने की वजह से रिफर होकर जगदलपुर या रायपुर जाना पड़ता है । इस मांग को सुनते हुए सांसद बैज ने तुरंत ब्लड बैंक, ब्लड प्लाज्मा मशीन एवं सिटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
शराबखोरी : बस्तर वन परिक्षेत्र कार्यालय बना नशेड़ियों का अड्डा
कार्यालय में विभागीय कर्मचारी रोज जमकर छलकाते हैं जाम
वन परिक्षेत्र अधिकारी की कार्यशैली और भूमिका पर उठ रहे सवाल
शराब पीते कर्मियों का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप
जगदलपुर. जंगल में मोर नचा, किसने देखा ? नाचना मोर का गुण है. मोर के इस गुण का किसी ने दर्शन किया हो या ना किया हो, लेकिन जंगल महकमे के कर्मियों के एक अवगुण का दीदार आम बात हो गई है. विभागीय दफ़्तर में बैठकर जंगल महकमे के कारिंदों का जमकर जाम छलकाना जन चर्चा का विषय बन गया है. दरअसल बस्तर वन परिक्षेत्र का कार्यालय दारुबाजी का अड्डा बन चुका है.वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का क्या काम वनों की रक्षा करना और अधिकाधिक संख्या में पौधरोपण से संबंधित कार्यों को संपादित करते हुए वन क्षेत्र बढ़ाना है. विभागीय कर्मी अपने इस कर्तव्य के प्रति कितने जिम्मेदार हैं यह बताने की जरूरत नहीं है, लेकिन बस्तर वन परिक्षेत्र के कुछेक कर्मियों के गैर जिम्मेदाराना हरकत उजागर हो गई है.
मामला बस्तर वन परिक्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जहां के अधिकारी और कर्मचारी शराबखोरी में व्यस्त हैं. जानकारी मिली है कि इस दफ़्तर में मयकशी का दौर रोज चलता है. इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारी शराब पीते परिक्षेत्र कार्यालय बस्तर की दूरी महज करीब 20 किलोमीटर है. इससे आसानी से कल्पना की जा सकती है कि अंदरूनी क्षेत्र में वन विभाग के कार्यालयों में क्या स्थिति होगी. कार्यालय प्रमुख रेंजर कमल तिवारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठना लाजिमी है. क्या उनके संरक्षण में कर्मचारी शराबखोरी कर रहे है ? बहराल इतना तो समझ में आ रहा है कि बस्तर में वन विभाग का हाल फिलहाल ठीक नहीं है. जहां एक तरफ बस्तर में वनों का रकबा लगातार घटता जा रहा है. नतीजतन बस्तर में जलवायु परिवर्तन के परिणामों को स्पष्ट महसूस किया जा सकता है, वहीं दूसरी ओर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का इस तरह से शराबखोरी में व्यस्त रहना निश्चित तौर पर चिंता बढ़ाने वाला मसला है.|