City Media - Page 833 of 1865 - Latest Hindi News of Chhattisgarh
RakeshCity
previous arrow
next arrow
     
Home Blog Page 833

पांच साल के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सली वारदातों में आई भारी कमी

0
  • सुरक्षा बलों के हाथों सन 2018 से अब तक मारे गए 228 नक्सली
  • इस अवधि के दरिम्यान नक्सली हिंसा में 175 जवान शहीद हुए और 354 नागरिकों की गई जान

बस्तर सांसद दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ में पांच साल के दौरान हुई नक्सली घटनाओं तथा इन घटनाओं में मारे गए नक्सलियों, नागरिकों और शहीद हुए जवानों का ब्यौरा केंद्र सरकार से लोकसभा में मांगा। सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि पांच वर्ष में 354 नागरिक और 228 नक्सली मारे गए तथा विभिन्न सुरक्षा बलों के 175 जवान शहीद हुए।बस्तर के सांसद दीपक बैज ने लोकसभा में अतारांकित प्रश्न के जरिए लोकसभा में सरकार से जानना चाहा कि पिछले पांच सालों के दौरान छत्तीसगढ़ में कितनी नक्सली वारदातें हुईं तथा इन वारदातों में कितने जवान शहीद हुए और कितने नक्सली एवं आम नागरिक मारे गए? सरकार की ओर से गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने विस्तृत ब्यौरा दिया। मंत्री राय ने सांसद बैज को बताया कि पांच वर्ष के दौरान वामपंथी उग्रवाद से सुरक्षा की स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। सन 2015 में सरकार ने वामपंथी उग्रवाद से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति और विशेष कार्ययोजना का अनुमोदन किया। इस राष्ट्रीय नीति में बहु आयमी रणनीति का समावेश है। इसके तहत सुरक्षा उपाय, विकासपरक पहल, स्थानीय समुदायों के अधिकार सुनिश्चित किए गए हैं।इस नीति के दृढ कार्यान्वयन के परिणाम स्वरूप वामपंथी उग्रवाद ( नक्सली हिंसा ) से जुड़ी हिंसक घटनाओं में निरंतर कमी आई है। नक्सली हिंसा की घटनाओं में सन 2010 के उच्च स्तर की तुलना में सन 2022 में 77 प्रतिशत की कमी आई है। दस वर्ष की इस अवधि में सुरक्षा जवानों और नागरिकों की मौतों में 90 प्रतिशत की कमी सन 2022 में आई है। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सांसद दीपक बैज के प्रश्न के जवाब में बताया कि छत्तीसगढ़ में सन 2018 में नक्सली हिंसा की 275 घटनाएं हुईं, सुरक्षा बलों ने 117 कार्रवाइयां कीं। नक्सली हिंसा में 98 नागरिक मारे गए और 55 जवान शहीद हुए। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 125 नक्सली मारे गए।2019 में 182 नक्सली हिंसक घटनाएं हुईं, सुरक्षा बलों ने 81 कार्रवाई की, जिसमें 79 नक्सली मारे गए। नक्सली हमलों में 22 जवान शहीद हुए तथा 55 नागरिक मारे गए। वर्ष 2020 में 241 नक्सली वारदातें हुईं, जिसमें 36 जवान शहीद हुए और 75 नागरिक मारे गए। सुरक्षा बलों द्वारा की गई 74 जवाबी कार्रवाई में 44 नक्सली मारे गए। वर्ष 2021 में नक्सली हिंसा की 188 घटनाएं हुईं, जिनमें 45 जवान शहीद हुए और 65 नागरिक मारे गए। सुरक्षा बलों की 67 कार्रवाई में 48 नक्सली मारे गए। सन 2022 में हुई नक्सली हिंसा की 246घटनाओं में 51 नागरिक मारे गए और दस जवान शहीद हुए। सुरक्षा बलों की 59 कार्रवाई में 31 नक्सली मारे गए। इसी तरह सन 2023 में 28 फरवरी तक हुई नक्सली हिंसा की 37 घटनाओं में 10 नागरिक मारे गए और 7 जवान शहीद हुए। जबकि सुरक्षा बलों की चार कार्रवाई में एक नक्सली मारा गया।

भूकंप, सांसद दीपक बैज और बस्तर के अन्य कांग्रेसी सुरक्षित

0
  • झटके लगते ही फ्लैट से भागकर नीचे उतरे सांसद एवं कांग्रेसजन
  • सांसद बैज के साथ फ्लैट में थे बस्तर के छह कांग्रेस कार्यकर्त्ता

बस्तर बीती देर रात देश के अनेक भागों तथा पड़ोसी देशों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जिस समय भूकंप आया, उस समय बस्तर के कांग्रेस सांसद दीपक बैज नई दिल्ली स्थित अपने फ्लैट में मौजूद थे। नई दिल्ली गए बस्तर के छह कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्त्ता भी बैज के साथ उनके फ्लैट में ही थे। जैसे ही भूकंप का अहसास हुआ, बैज और सभी कांग्रेसजन दौड़ते हुए फ्लैट से नीचे उतर आए और सामने की सड़क पर पहुंचकर ही उन्होंने राहत की सांस ली।इन दिनों संसद का बजट सत्र चल रहा है, लिहाजा बस्तर के सांसद दीपक बैज नई दिल्ली में ही ठहरे हुए हैं।

मंगलवार की शाम बैज संसद की कार्यवाही में भाग लेने के बाद राममनोहर लोहिया अस्पताल के सामने गोमती अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट में लौट गए। फ्लैट में बस्तर के कांग्रेस नेता अनुराग महतो, जॉर्ज टोप्पो, नीलम कश्यप, चैतराम कश्यप, सोनू कश्यप, बैज के गनमैन आदि रुके हुए थे। उन सभी साथ भोजन करने के बाद सांसद दीपक बैज बस्तर के राजनैतिक हालातों तथा अपने संसदीय क्षेत्र के गांवों की समस्याओं तथा ग्रामीणों की मांगों पर चर्चा करने में मशगूल हो गए। इसी बीच रात करीब सवा दस बजे अचानक फ्लैट में रखे सामान अहसास हिलने डुलने लगे। बैज को भूकंप आने का अहसास हो गया और वे तथा सभी कांग्रेसजन व गनमैन दौड़ते हुए सीढ़ियों के सहारे नीचे उतर आए। दहशत ऐसी थी कि किसी को नीचे उतरने के लिए लिफ्ट का सहारा लेने के बारे में सूझा ही नहीं। अपार्टमेंट से भागते हुए बाहर निकलकर सांसद बैज और अन्य सभी लोग सड़क पर जा पहुंचे। वे आसपास की ईमारतों और पेड़ों से सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए। गोमती अपार्टमेंट तथा अन्य ईमारतों में रहने वाले लोग भी बाहर निकल आए थे। भूकंप की तीव्रता काफी ज्यादा थी और झटके लगभग 70 सेकंड तक महसूस किए जाते रहे। इस बीच बस्तर समेत अन्य स्थानों पर निवासरत सांसद श्री बैज के शुभचिंतकों और कांग्रेस नेताओं ने न्यूज चैनलों के माध्यम से दिल्ली में भूकंप आने की जानकारी मिलते ही सांसद दीपक बैज को फोन कर उनका कुशलक्षेम पूछने लगे। श्री बैज एक एक कर सभी का फोन अटैंड कर उन्हें अपनी और साथ मौजूद सभी लोगों के सकुशल होने की जानकारी देते रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केबिनेट मंत्री एवं बस्तर जिले के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा, संसदीय सचिव एवं जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल, बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी, इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव शर्मा, चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम, नारायणपुर के विधायक चंदन कश्यप, जगदलपुर नगर निगम की महापौर सफीरा साहू, नगर निगम सभापति कविता साहू समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने फोन के जरिए बैज का कुशलक्षेम पूछा।

मां दंतेश्वरी की कृपा है मुझ पर : बैज

सांसद दीपक बैज से सेलफोन पर इस संवाददाता ने देर रात चर्चा की और उनका कुशलक्षेम पूछा। बैज ने कहा – मां दंतेश्वरी हम आदिवासियों और बस्तर के लोगों की आराध्य देवी है। मैं मां दंतेश्वरी का उपासक हूं और उनकी कृपा सदैव मुझ पर बनी रहती है। मां दंतेश्वरी की कृपादृष्टि ने ही मुझे तथा मेरे साथियों को भूकंप की त्रासदी से बचा लिया। बैज ने कहा कि बस्तर लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों तथा माता – बहनों का आशीर्वाद और स्नेह भी मेरे साथ है। इन सभी वजहों से हम लोगों को आंच तक नहीं आ पाई।

डीजे बंद कराने को लेकर वार्ड पार्षद पर आसामाजिक तत्वों द्वारा किया गया हमला

0

दल्लीराजहरा वार्ड क्रमांक 17 पार्षद ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 18.03.2023 के रात्रि 10.30 बजे वार्ड के कामता सिप्पी ने अपने घर के बाजू में डीजे बजने हल्ला गुल्ला करने की शिकायत मुझसे की इसपर मेरे द्वारा राजू चिकवा को डीजे बंद करने कहा मेरे मना करने के बाद भी वह बंद नहीं किया इसपर पुलिस को डीजे बजने की सूचना दी इस पर आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता से लड़ाई झगड़ा मारपीट करने लगे व पुलिस के आने के बाद पुलिस के साथ राजू चिकवा एवं उनके साथियों को मना करने के लिए उसके घर गया एवं समझाइश देकर वापस अपने घर आ रहा था तो पुलिस के सामने ही दौड़ाया अमित चिकवा, अभिजीत चिकवा, मंगल जायसवाल, हरीश ध्रुव, बिरेन्द्र पाडे, गजनी एवं माउ व उनके अन्य साथीयों द्वारा मेरे घर आकर मा बहन की अश्लील गाली गुप्तार कर जान से मारने की धमकी देकर घर के दरवाजा को तोड़ कर घर अंदर घुस गए और मेरे कमरे का दरवाजा पीटने लगे मेरे द्वारा फोन पर थाने को सूचना दी गई इस पर पुलिस के सामने भी उपद्रवियों द्वारा गाली गलौज एवं धमकी दे रहे थे इस पर मेरे द्वारा शिकायत आवेदन पत्र पेश किया आवेदक के शिकायत आवेदन पत्र पर आरोपियों द्वारा अपराध सदर धारा 147, 294, 506, 452, 427 भादवि का अपराध घटित करना पाये जाने पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।

घरबैठे Amazon के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करें, स्पेशल ऑफर के साथ लिंक क्लिक करें

https://36bestonlinesale.com/home

दोषी पाए गए गुरुकुल के डायरेक्टर, संयुक्त संचालक के आदेश पर दर्ज होगा एफआईआर

0

दोषी पाए गए गुरुकुल के डायरेक्टर, संयुक्त संचालक के आदेश पर दर्ज होगा एफआईआर जांच प्रतिवेदन से हुआ खुलासा, गुस्सैल रवैय्ये के चलते बच्चे को दिया था शारीरिक दंड दसवीं कक्षा के बच्चे को बाल खींचकर धकेला था टेबल में, चोट की भी पुष्टिजिला शिक्षा अधिकारी को मिला लिखित आदेश, विद्यालय की मान्यता भी होगी रद्दप्राचार्य सहित कई शिक्षकों ने दिया त्यागपत्र, प्राचार्य का पद अब स्वयं संभाल रहे डायरेक्टर जगदलपुर. ग्राम चिढईपदर स्थित संस्कार द गुरुकुल आवासीय विद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो द्वारा विभिन्न विभागों में किये जाने के बाद से ही इस विद्यालय की परेशानियाँ कम होने का नाम नहीं ले रही है. पूर्व से ही विवादों में घिरे इस आवासीय विद्यालय की मान्यता रद्द होने से लेकर यहाँ के डायरेक्टर पर अब विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर भी होगी. इस सम्बन्ध में संयुक्त संचालक ने जिला शिक्षा अधिकारी को आदेशित भी कर दिया है.गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व यहाँ के डायरेक्टर अमित जैन ने संस्था के सभी गतिविधियों में बगैर प्राचार्य अभिषेक नायडू की अनुमति और विचार-विमर्श किये सीधे हस्तक्षेप करते हुए अपने स्वेच्छारिता और गुस्सैल रवैय्ये के चलते दसवीं कक्षा के छात्र को बेरहमी से बाल खींचते हुए टेबल में ढकेल दिया था और 14-15 झापड़ जड़ दिए थे. इस घटना में छात्र को टेबल में ढकेलने और अमित की घड़ी से सर पर गंभीर चोट भी लगी थी. इस घटना की जानकारी राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो, नयी दिल्ली की बस्तर इकाई को मिलने के बाद संभागीय अध्यक्ष जगमोहन सोनी और उनकी टीम के द्वारा विद्यालय पहुंचकर जानकारी प्राप्त की गयी जिसके आधार पर राज्य से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक विभिन्न विभागों में इसकी लिखित शिकायत दी गयी थी. शिकायत के आधार पर संयुक्त संचालक आरपी आदित्य के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की. इस जांच टीम ने अपनी छ: बिंदु की रिपोर्ट में विद्यालय के डायरेक्टर अमित जैन को दोषी पाया है. यही नहीं, डायरेक्टर अमित द्वारा सभी नियमों को दरकिनार करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों में भी हस्तेक्षेप किया जाता रहा है. जिससे यहाँ के शिक्षकों और बच्चों को मानसिक प्रताड़ना झेलना पड़ रहा है. संस्था के प्राचार्य अभिषेक नायडू ने अपने लिखित बयान में कहा है कि उन्हें भी संस्था के कई जरुरी कार्यों से अनभिग्य रखा जाता रहा है. जांच टीम ने स्पष्ट तौर पर यह कहा है कि संचालक ने जांच दल के समक्ष अपनी उपस्थिति ही दर्ज नहीं करायी थी.जांच दल की रिपोर्ट के बाद संयुक्त संचालक ने दिनांक 27 फरवरी 2023 को अपने पत्र क्रमांक 363 में जिला शिक्षा अधिकारी को आदेशित किया है कि विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए शाला की मान्यता समाप्ति की कार्यवाई की जाए साथ ही पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करायी जाए. किन्तु खबर लिखे जाने तक इस बात का खुलासा नहीं हो सका की पखवाड़े भर से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस मामले में क्या कुछ कार्यवाई की गयी है.गुरुकुल के प्राचार्य अभिषेक नायडू ने बताया कि डायरेक्टर की प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने भी त्यागपत्र दे दिया है. उनका कार्यकाल इस माह तक है. यही नहीं, संस्था के कई शिक्षकों ने भी इसी कारण से त्यागपत्र दिया है.मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकारी एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के बस्तर संभाग अध्यक्ष जगमोहन सोनी ने कहा है कि निश्चित ही यह मामला बेहद गंभीर है और इस पर गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए. ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मामले में कोताही बरती जा रही है. आगामी कुछ दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी को भी एफआईआर किये जाने हेतु शिकायत पत्र दिया जायेगा.

आदिवासियों और मसीहियों के बीच जमकर संघर्ष, कई घायल

0
  • धर्मांतरित आदिवासी महिला के अंतिम संस्कार को लेकर चल रहे विवाद ने लिया उग्र रूप
  • भेजरीपदर गांव में भारी पुलिस बल तैनात, बड़े अधिकारी भी पहुंचे
  • ननकीराम कंवर समेत अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता हालात जानने पहुंचे

तोकापाल बस्तर जिले की तोकापाल जनपद पंचायत का भेजरीपदर गांव सुलग उठा है। ईसाई धर्म अपना चुकी गांव की एक महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर उपजे विवाद ने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। दोनों समुदायों के लोग आक्रामक हो उठे और एक दूसरे पर पत्थर बरसाने लगे। पथराव में चार पुलिस कर्मियों समेत दोनों समुदायों के अनेक लोग घायल हुए हैं। जख्मी पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी गांव में डेरा डाले हुए हैं। बस्तर संभाग में इन दिनों धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

गांव – गांव से आदिवासियों और मसीही समुदाय के लोगों के बीच आएदिन विवाद की खबरें आती रहती हैं। इसी क्रम में परपा थाना क्षेत्र और तोकापाल जनपद पंचायत क्षेत्र के भेजरीपदर गांव में रविवार को 45 वर्षीय महिला माते बेको पति मोसू बेको की मौत हो गई थी। माते बेको धर्म परिवर्तन कर ईसाई बन गई थी। धर्मांतरित माते बेको के शव को उसके परिजन आदिवासियों के लिए आरक्षित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार के लिए ले गए थे। परिजन शव को वहीं दफनाना चाहते थे। आदिवासी समुदाय के लोग एकजुट होकर इसका विरोध करने लगे। माते बेको के परिजनों के समर्थन में ईसाई समुदाय के लोग सामने आ गए। बात बिगड़ती चली गई और दोनों समुदायों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। दोनों पक्षो में जमकर पत्थरबाजी होने लगी। हालात को देखते हुए डीआरजी, तीन थानों के पुलिस बल समेत अन्य सुरक्षा बल गांव में तैनात कर दिए गए। स्थिति सम्हालने के फेर में चार पुलिस जवान पथराव में घायल हो गए। इसके अलावा दोनों समुदायों के भी कुछ लोगों को चोटें आने की खबर है। तोकापाल के प्रभारी एसडीएम तथा पुलिस व जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी भेजरीपदर में डटे रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।इस गांव में ईसाई समुदाय एवं आदिवासी समुदाय के बीच में विवाद की यह पहली घटना है। विवाद के बाद प्रशासनिक और पुलिस प्रशासन ने इस गांव को सुरक्षात्मक दृष्टि से छावनी में तब्दील कर दिया है और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। समझाइश के बाद महिला के शव को परिजनों की निजी जमीन में दफना दिया गया है। मामला सुलझाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ईसाई समुदाय एवं आदिवासी समुदाय के लोगों से लगातार बातचीत कर रही है। अब भी गांव में पुलिस बल तैनात है।

बस्तर में लगातार हो रही हैं ऐसी घटनाएं

बस्तर संभाग में बड़े पैमाने पर आदिवासियों का धर्मान्तरण हुआ है। इसे लेकर आदिवासी समुदाय तथा ईसाई समुदाय के लोगों के बीच टकराव के हालात बनते रहते हैं। संभाग के नारायणपुर में कूछ माह पहले इन्हीं दोनों समुदायों के बीच उपजे विवाद की परिणति भीषण संघर्ष के रूप में सामने आई थी। वहां कई दिनों तक तनावपूर्ण हालात बने रहे। इस विवाद को बड़ी मुश्किल से शांत किया जा सका था। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के ग्राम मालगांव में भी धर्म परिवर्तित कर चुकी एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर आदिवासी और ईसाई समुदाय के लोग आमने सामने हो गए थे। इस महिला की मौत छुई मिट्टी खदान धंसने से हुई थी। मृतका के परिजन अंतिम संस्कार ईसाई परंपरा के अनुसार करना चाहते थे, लेकिन आदिवासी समुदाय अपनी रीति के अनुसार अंत्येष्टि कराने पर अड़े हुए थे। चूंकि महिला पहले आदिवासी समुदाय की थी और धर्मान्तरित होकर ईसाई बन गई थी, इसलिए आदिवासी समुदाय अड़ा हुआ था। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाईश के बाद बड़ी मुश्किल से मामला शांत हो पाया था। वहीं किलेपाल में आदिवासी समुदाय के भाजपा नेता की रहस्यमी परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर भी आदिवासियों और ईसाई समुदाय के लोगों में जमकर विवाद हुआ था। किलेपाल में तब तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।

भाजपा का प्रतिनिधि मंडल पहुंचा भेजरीपदर

भेजरीपदर में आदिवासियों और ईसाई समुदाय के लोगों के बीच टकराव और संघर्ष की जानकारी मिलने पर बस्तर एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न भागों से भाजपा से जुड़े अनेक वरिष्ठ आदिवासी नेता जगदलपुर पहुंच गए। बाद इन नेताओं का दल भेजरीपदर रवाना हो गए। इन नेताओं में पूर्व मंत्री द्वय ननकीराम कंवर व केदार कश्यप, दिनेश कश्यप, राजाराम तोड़ेम, बैदूराम कश्यप, लच्छूराम कश्यप, रूपसिंह मंडावी, पूर्व विधायक संतोष बाफना, संजय पाण्डेय, महेश कश्यप, शिवनारायण पाण्डेय, सुधीर पाण्डेय, तेजपाल शर्मा आदि शामिल थे। इन नेताओं ने भेजरीपदर के आदिवासी समुदाय के लोगों से चर्चा कर वस्तुस्थिति जानने का प्रयास किया।

प्रताड़ित किए जा रहे आदिवासी : लच्छूराम कश्यप

चित्रकोट के पूर्व विधायक एवं आदिवासी नेता लच्छूराम कश्यप ने आरोप लगाया है कि भेजरीपदर के आदिवासियों को प्रशासन के अधिकारी और मिशनरी के लोग प्रताड़ित कर रहे हैं। ईसाई समुदाय द्वारा किए गए हमले में चार पांच आदिवासियों को काफी चोटें आई हैं। आदिवासियों के श्मशान घाट में धर्म बदल कर ईसाई बन चुकी महिला के शव को दफनाने का प्रयास कर आदिवासियों को उकसाया गया। इसके बाद आदिवासियों पर हमला कर दिया गया। श्री कश्यप ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पीड़ित आदिवासियों की फरियाद सुनने को तैयार नहीं हुए और ईसाई समुदाय के समर्थन में खड़े हो गए। इस तरह गांव के निरीह आदिवासियों को दोनों तरफ से प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पक्षपात नहीं करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि कश्यप भेजरीपदर पहुंचे भाजपा नेताओं के प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे।

नवरात्रि पर्व के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से नवरात्रि पर्व के आयोजन हेतु किया गया रोड़ परिवर्तित

0
  • गंगा मैय्या झलमला मंदिर झलमला से गुजरने वाले बड़ी माल वाहक वाहन चालकों से अपील परिवर्तित मार्ग का करे उपयोग
  • बालोद पुलिस की दर्शनर्थियों से अपील निर्धारित स्थानों पर करे वाहनों की पार्किंग एवं परिवर्तित मार्ग का करे उपयोग।

बालोद पुलिस अधीक्षक बालोद डॉ जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में, श्रीमान् अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के मार्गदर्षन व उप पुलिस अधीक्षक बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी दिलेश्वर चंद्रवंशी के नेतृत्व में गंगा मैय्या मंदिर झलमला में चैत्र नवरात्रि पर्व दिनांक 22.03.2023 से 30.03.2023 तक ज्योति कलश स्थापना एवं मेला का आयोजन होना है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्वालुओं, आम नगारिकों एवं दर्शनार्थियों की भीड़-भाड़ होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर रूट डायवर्सन चार्ट बनाया गया है।

रूट डायर्वन इस प्रकार है- धमतरी तरफ से आने वाले बड़ी मालवाहक वाहन धमतरी-गुरूर-झलमला तिराहा-पड़कीभाठ बायपॉस-पाररास होते हुए बटेरा चौक लोहारा से गतव्य स्थान के लिए आगे बढेंगे। दुर्ग से आने वाले बड़ी मालवाहक वाहन दुर्ग-गुण्डरदेही-पड़कीभाठ-बायपास होते हुए बटेरा चौक लोहारा से गतव्य स्थाना के लिए आगे बढेंगे। राजहरा की ओर से आने वाले बड़ी मालवाहक वाहन राजहरा-कुसुमकसा-बटेरा चौक लोहारा-पाररास बायपॉस-पड़कीभाठ होते हुए गतव्य स्थान के लिए आगे बढेंगे। इसी प्रकार राजनांदगांव की ओर से आने वाले बड़ी मालवाहक वाहन राजनांदगांव- लोहारा-बटेरा चौक-पाररास बायपॉस-पड़कीभाठ होते हुए गतव्य स्थान के लिए आगे बढेंगे। उपरोक्त रूट डायवर्सन चार्ट सभी बड़ी मालवाहक वाहनों के लिए दिनांक 22.03.2023 से 30.03.2023 तक लागू रहेगा।

वाहन चालको एवं श्रद्वालुओं के लिए 03 स्थानों में पार्किंग स्थान बनाया गया है। धमतरी गुरूर की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों पुलिस कॉलोनी परिसर झलमला में पार्किंग करेंगें। दुर्ग गुण्डरदेही की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों झलमला बाजार चौक में पार्किंग करेंगे एवं राजहरा राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन सिवनी मैदान पार्किंग एवं बालोद बाजार हीरापुर जाने मोड़ के सामने पार्किंग करेंगे।

दर्शनार्थियों एवं आम जनता से बालोद पुलिस की अपील निर्धारित स्थानों में वाहन पार्किंग करें, निर्धारित पार्किंग स्थानों में ही वाहन पर्किंग कर सवारी उतारें। मालवाहक वाहन चालक परिचालक एवं मालिक परिवर्तित मार्ग का ही उपयोग करें, यातायात व्यवस्था बनाने एवं शांतिपूर्ण तरीके से चैत्र नवरात्रि पर्व के आयोजन हेतु जिला एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। अधिक जानकारी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बालोद 94791-91160, यातायात कार्यालय बालोद 94791-91274 पर संपर्क करें।

घरबैठे Amazon के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करें, स्पेशल ऑफर के साथ लिंक क्लिक करें

https://36bestonlinesale.com/home

छग में नहीं मिल रहा है अनेक जातियों को आरक्षण : बैज

0
  • पात्र जातियां अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर क्यों : दीपक बैज
  • बस्तर के सांसद ने लोकसभा में उठाया जनजातीय सूची का मुद्दा

बस्तर क्षेत्रीय सांसद दीपक बैज ने लोकसभा में प्रश्न लगाकर छत्तीसगढ़ की अनेक पात्र जातियों को अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर रखे जाने तथा इसकी वजह से इन जातियों के लोगों को आरक्षण का लाभ न मिल पाने का मुद्दा उठाया। सांसद दीपक बैज लोकसभा के बजट सत्र में लगातार सक्रिय और मुखर हैं। वे छत्तीसगढ़ और बस्तर के लोगों के हितों से जुड़े मुद्दे निरंतर उठाते आ रहे हैं। इसी कड़ी में बैज ने छत्तीसगढ़ की अनेक जातियों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल न किए जाने और उन्हें आरक्षण के लाभ से वंचित रखे जाने का मामला भी प्रमुखता से उठाया। सांसद दीपक बैज ने अतारंकित प्रश्न के माध्यम से केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री से जानना चाहा कि कि पांच साल के दौरान सरकार को छत्तीसगढ़ से जातियों की सूची में सुधार के लिए कितने प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, क्या सूची में अंतर के कारण छत्तीसगढ़ की अनेक जातियों को अनुसूचित जनजाति को प्राप्त होने वाले आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है, इस संबंध में ब्यौरा क्या है, इस संबंध में छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से प्राप्त प्रस्तावों पर अब तक क्या कार्यवाही की गई है? बैज के प्रश्नों के जवाब में जनजातीय कार्य राज्यमंत्री बिश्वश्वेर टुडू ने बताया कि अनुसूचित जनजाति के रूप में किसी समुदाय की अधिसूचना जारी करने के लिए एक नोडल मंत्रालय है। हालांकि अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने और सामाजिक स्थिति के सत्यापन की जिम्मेदारी राज्य शासन की है। 9 दिसंबर 2022 को संविधान ( अनुसूचित जनजाति ) आदेश पांचवा संशोधन विधेयक पेश किया गया था। यह विधेयक लोकसभा में पारित हो चुका है और राजयसभा में विचाराधीन है। इस विधेयक में छत्तीसगढ़ राज्य के संबंध में संविधान ( अनुसूचित जनजाति ) आदेश 1950 में कुछ जातियों के समावेश को प्रभावी बनाने के लिए संशोधन करने का प्रस्ताव है। राज्यमंत्री टुंडू ने सांसद दीपक बैज को बताया कि इन जातियों का विस्तृत ब्यौरा भी दिया जिसमें मात्रात्मक त्रुटियों को दूर करते हुए जातियों का उल्लेख है।

छत्तीसगढ़ में उपलब्ध कराए जा रहे हैं रोजगार के पर्याप्त अवसर

0
  • सांसद बैज के प्रश्न के जवाब में केंद्र सरकार ने दी जानकारी
  • राज्य में कामगारों की संख्या बढ़कर 64.9 प्रतिशत हो गई
  • बिहार में बढ़ी बेरोजगारी, यहां सिर्फ 39. 3 प्रतिशत कामगार

बस्तर क्षेत्रीय सांसद दीपक बैज ने लोकसभा में बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बेरोजगारी दूर करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों और राज्यों में बेरोजगारों और कामगारों के आंकड़े मांगे। श्री बैज के प्रश्न के जवाब में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने जो आंकड़े दिए, उनके मुताबिक छत्तीसगढ़ में कामगारों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है और राज्य में मार्च 2023 की स्थिति के अनुसार कामगारों की संख्या बढ़कर 64.9 प्रतिशत हो गई है। जबकि सन 2018 – 19 में संख्या 61.2 प्रतिशत थी यानि कामगारों की संख्या चार साल में करीब चार फीसदी बढ़ी है। वहीं दूसरी ओर रोजगार के मामले में बिहार की हालत बुरी है। यहां कामगारों की संख्या महज 39.3 फीसद है, जो बीते साल के मुकाबले 0.4 प्रतिशत और घटा है।बस्तर के सांसद दीपक बैज ने अतारांकित प्रश्न के जरिए बेरोजगारी की स्थिति के संबंध में विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा था। उन्होंने पूछा कि देश में बेरोजगारी और बेरोजगारों की क्या स्थिति है, बीते एक दशक के दौरान बेरोजगारी दर में कितनी वृद्धि हुई है, मौजूदा समय में बेरोजगारी दर कितनी है, उत्तरप्रदेश और देश में बेरोजगारी के उप शमन और रोजगार सृजन के लिए संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों के नाम क्या हैं, इनसे क्या उपलब्धियां हासिल हैं एवं रोजगार पाने वाले युवाओं की संख्या कितनी है, चार वर्षों में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में कितने बेरोजगारों को रोजगार मिला है, बीते तीन सालों में सरकारी एवं निजी क्षेत्र में कितने लोगों को रोजगार मिला और इसकी राज्यवार स्थिति क्या है तथा क्या केंद्र सरकार बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दे रही है? बैज के तमाम प्रश्नों का सिलसिलेवार लिखित जवाब केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने दिया। उन्होंने बताया कि 2017- 18 में बेरोजगारी दर 6 प्रतिशत थी, जो 2021- 22 में घटकर 4.01 प्रतिशत हो गई है। यह बेरोजगारी दूर करने की स्थिति में सुधार को दर्शाता है। जनसंख्या अनुपात में कामगारों की संख्या में बढ़ोत्तरी की जानकारी देते हुए तेली ने सांसद दीपक बैज को बताया कि सन 2017-18 में कामगारों की संख्या जनसंख्या अनुपात में 42.3 प्रतिशत थी, जो क्रमशः बढ़ते बढ़ते 2021-22 में 52.9 प्रतिशत तक पहुंच गई है। मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, डिजिटल इंडिया, सबके लिए आवास जैसे फ्लैगशिप कार्यक्रम आदि से रोजगार सृजित किए गए हैं। जनसंख्या अनुपात में राज्यवार कामगारों की संख्या के प्रतिशत की जानकारी भी केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ने सांसद दीपक बैज को दी है। इसमें छत्तीसगढ़ में कामगारों का प्रतिशत उत्साहजनक है। 2018-19 से 2021-22 तक के आंकड़े उपलब्ध कराए गए हैं। छत्तीसगढ़ में 2018-19 के दौरान कामगारों की संख्या 61.2 प्रतिशत थी। यह संख्या साल दर साल बढ़ते बढ़ते सन 2021-22 में 64.9 प्रतिशत तक पहुंच गई।

केंद्रीय लोक उद्यमों में कर्मी घटे

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री रामेश्वर तेली द्वारा बस्तर के सांसद दीपक बैज को उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार केंद्र सरकार के लोक उद्यमों में नियमित कर्मचारियों की संख्या लगातार घट रही है। केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक केंद्रीय सरकारी लोक उद्यमों में सन 2017-18 में नियमित कर्मचारियों की संख्या 10.71लाख, 2019-20 में 9.10 लाख, 2020-21 में 8.51थी। यह संख्या सन 2021-22 में और घट गई। 2021-22 के दौरान केंद्रीय सरकारी लोक उद्यमों में नियमित कर्मचारी महज 8.41 लाख ही रह गए। श्री तेली ने बताया कि राज्य कर्मचारी बीमा निगम के माध्यम से संचालित अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना के तहत बेरोजगारी लाभ बीमित श्रमिकों को दिया जा रहा है। इसे दैनिक आय के 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया गया है और इसकी अवधि 90 दिनों की है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री ने बेरोजगारी दूर करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए सांसद श्री बैज को बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जैसे अनेक कार्यक्रम और योजनाओं के जरिए बेरोजगारी दूर करने व युवाओं को स्वरोजगार की ओर उन्मुख करने के उपाय किए गए हैं। पीएम गति शक्ति के तहत बंदरगाहों, एयरपोर्ट, सड़क, जन परिवहन, जलमार्ग, रेलवे और लॉजिस्टिक बुनियादी ढांचे के जरिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

देवगुड़ियों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में : रेखचंद जैन

0
  • संसदीय सचिव ने आविप्रा अध्यक्ष लखेश्वर बघेल का जताया आभार
  • मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विकास के साथ आदिवासी संस्कृति को दिया जा रहा है बढ़ावा :- जैन

जगदलपुर संसदीय सचिव व जगदलपुर के विधायक रेखचंद जैन ने कहा है कि देवगुड़ियों का संरक्षण व संवर्धन तथा आदिवासी संस्कृति को पल्लवित करना और बढ़ावा देना भूपेश बघेल सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इस दिशा में सरकार द्वारा अतुलनीय कार्य किए जा रहे हैं।रविवार को जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के छह गांवों में देवगुड़ी संरक्षण व संवर्धन के लिए संबंधित ग्रामों के सरपंच, उप सरपंच, पंचों, सचिवों तथा ग्रामीणों को आवश्यक राशि के चेक सौंपते उन्होंने यह बात कही। जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गांवों के विकास के लिए सतत प्रयत्नशील रहने के साथ ही आदिवासी संस्कृति को प्रोत्साहित कर रहे हैं और भरपूर बढ़ावा भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गांवों में विकास के उतने कार्य हो रहे हैं, जिनकी भाजपा के 15 साल के कार्यकाल में कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। जैन ने अंचल के प्रमुख देवी- देवताओं की गुड़ियों के संरक्षण व संवर्धन के लिए आवश्यक पहल करने एवं फंड उपलब्ध कराने हेतु बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण व इसके अध्यक्ष लखेश्वर बघेल का भी आभार माना।

छह देवगुड़ियों के लिए 26 लाख रुपए स्वीकृत

जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र की छह देवगुड़ियों का 26 लाख रुपयों से संरक्षण- संवर्धन होने की बात कही गई। जैन ने बताया कि अब तक सैकड़ों देवगुड़ियों का कायाकल्प करने के लिए राशि प्रदान की जा चुकी है। रविवार को जिन छह देवगुड़ियों के संरक्षण- संवर्धन के लिए चेक दिए गए, उनमें जामावाड़ा 1 की परदेशिन माता, मारकेल 1 की जलनी माता, मांझीगुड़ा की बामनदेई माता, तुसेल की हिंगलाजिन माता, टोन्डापाल की मावली माता तथा नेतानार की मातागुड़ी सम्मिलित हैं। इन सभी देवगुड़ियों के संरक्षण संवर्धन का कार्य जल्द आरंभ हो जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बघेल ने सौंपा चेक

रविवार को चेक वितरण के समय तुसेल व टोंडापाल के पंचायत प्रतिनिधि नहीं पहुंच पाए थे। सोमवार को इन्हें विधायक रेखचंद जैन की ओर से कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष व जनपद सदस्य नीलूराम बघेल ने जगदलपुर स्थित विधायक कार्यालय में चेक सौंपा। इस दौरान सुनील दास, तुसेल के लखमूराम नागेश, रामनाथ बघेल, टोंडापाल के कमलू चालकी, जगदीश चालकी, उलनार के खगपति, शिबो पुजारी, मोहन आदि मौजूद थे।

स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें : डॉ. चतुर्वेदी

0
  • मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने ब्लॉक के स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण

लोहंडीगुड़ा बस्तर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी ने 20 मार्च को लोहंडीगुड़ा के अनेक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम की तैयारियां देखीं।सीएमएचओ डॉ. आरके चतुर्वेदी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा, उप स्वास्थ्य केंद्र ककनार, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर काकनार एवं निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र चंदेला का निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा में विकासखंड के समस्त स्वास्थ्य सुपरवाइजरों की बैठक लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। लोहंडीगुड़ा विकासखंड के अपने प्रवास के दौरान सीएमएचओ डॉ. चतुर्वेदी ने ग्राम चंदेला में मलेरियामुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत चलाई जा रही गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी ने सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत प्रतिशत लक्ष्य उपलब्धि सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ, सभी डॉक्टर्स, अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी, चिकित्सक उपस्थित थे।

डॉ. चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को दी नसीहत

मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी ने लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के दौरान ग्रामीण शालेय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद छात्र – छात्राओं से उनके खानपान, भोजन करने, खेलने कूदने, रात में सोने और सुबह उठने के समय के साथ साथ पढ़ाई के लिए दिए जाने वाले समय के बारे में भी पूछा। डॉ. चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा समय समय पर स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने की नसीहत दी। डॉ. आरके चतुर्वेदी ने छात्र – छात्राओं से स्वास्थ्यगत एवं पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न भी पूछे और उनकी स्किल पर संतोष व्यक्त किया। एक छोटी छात्रा की हाजिर जवाबी से डॉ. चतुर्वेदी बेहद प्रभावित नजर आए। डॉ. चतुर्वेदी ने ग्रामीणों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी अपने सामने कराया और बच्चों को विटामिन, कैल्शियम, आयरन आदि की दवाएं दिलाई। बच्चों का वजन भी कराया गया। उन्होंने ग्रामीणों को अपने बच्चों और स्वयं के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों से उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी डॉ. चतुर्वेदी ने ली।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

MOST POPULAR

HOT NEWS